Malviya Nagar restaurant fire incident: दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक रेस्टोरेंट में बुधवार (3 जून) को भीषण आग लगने से 18 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। दिल्ली दमकल सेवा के एक अधिकारी ने बताया कि 'लेमन ग्रीन रेस्तरां' के बेसमेंट से फंसे तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। बुधवार सुबह करीब 8:50 बजे लगी आग पर काबू पाने के लिए दमकल की कई गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। घायलों को इलाज के लिए एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया है। उनकी स्थिति के बारे में तत्काल कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। दिल्ली फायर ब्रिगेड ने एक बयान में बताया, "दिल्ली अग्निशमन सेवा (DFS) को सुबह 09:45 बजे इसकी सूचना मिली। DFS के कर्मचारियों ने बेसमेंट से तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला और CATS एम्बुलेंस से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया। नेहरू प्लेस (NRN) फायर स्टेशन के डिविजनल ऑफिसर (DO) रविंदर मौके पर मौजूद हैं।"
न्यूज 18 की रिपोर्ट के मतुाबिक, इस दर्दनाक हादसे में करीब 20 लोगों की मौत हो गई है। लोगों ने बिल्डिंग से कूदकर अपनी जान बचाने की कोशिश की। इसमें कुछ लोग अपनी जान बचाने में कामयाब हो गए। जबकि अन्य पीड़ितों की जिंदा जलकर मौत हो गई।
इस बीच, न्यूज 18 को सूत्रों ने बताया कि होटल के बेसमेंट में भी कमरे बनाए गए थे। बताया जा रहा है कि प्रशासन की तरफ से होटल को लाइसेंस सिर्फ 6 कमरों के लिए मिली थी। लेकिन रेस्तरां के अंदर 6 की जगह 25 कमरे बनाए गए थे। एक अधिकारी ने बताया कि स्टोरेंट में लगी आग पर काबू पाने के लिए शुरुआती कदम के तौर पर दो वॉटर टेंडर, दो वॉटर बाउजर, एक क्विक रिस्पॉन्स गाड़ी और आग बुझाने वाली अन्य यूनिट्स भेजी गईं। इस दौरान बेसमेंट में फंसे तीन लोगों को बचाया गया है।
दिल्ली के LG तरनजीत सिंह संधू ने कहा, "मालवीय नगर के हौज रानी स्थित एक होटल में लगी भीषण आग की घटना से मैं बेहद दुखी हूं। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं मृतकों के परिवारों के साथ हैं, और मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना में सभी के साथ शामिल हूं। पुलिस, सिविल और अग्निशमन बचाव दल इस समय घटनास्थल पर बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। अधिकारियों से बात की गई है और उन्हें निर्देश दिए गए हैं कि वे इस दुखद घटना में तत्काल मेडिकल सहायता, राहत और गहन जांच सुनिश्चित करें।"
अग्निशमन अधिकारी एके मलिक ने न्यूज एजेंसी ANI से कहा, "सुबह 8:50 बजे हमें कॉल मिली थी...शुरुआत में 7 दमकल की गाड़ियों को भेजा गया, उसके बाद और गाड़ियों को भेजा गया...37 लोगों को रेस्क्यू किया गया है...इमारत को पूरा सर्च कर लिया गया है।" इस आगजनी में जान गंवाने वालों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी।