Malviya Nagar Hotel Fire: दिल्ली पुलिस ने बताया कि बुधवार (3 जून) को मालवीय नगर में एक रेस्टोरेंट में भीषण आग लग गई। इस आग की घटना में अब तक कुल 21 लोगों की जान जा चुकी है। इस अग्निकांड में स्थानीय निवासियों ने 'देवदूत' की तरह काम किया है। इसमें इसरार खान और वसीम राजा जैसे स्थानीय मददगारों ने आग में फंसे लोगों को बचाने में मदद की। होटल में आग लगने के बाद निवासियों ने खिड़कियां तोड़कर और कंबलों का इस्तेमाल करके लोगों को बाहर निकलने में मदद की। लोगों ने बताया कि कई जोरदार धमाकों के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
इसरार खान एक स्थानीय निवासी हैं। उन्होंने आग में फंसे लोगों को बचाने में काफी मदद की। उन्होंने न्यूज एजेंसी पीटीआई से कहा, "हम सभी सुबह से ही यहां मौजूद हैं। हम लगभग 8 बजे घटनास्थल पर पहुंचे। हमने एक बच्चे को बचाया जिसने ऊपरी मंजिंल से छलांग लगा दी थी। हमने होटल में फंसे सभी लोगों को बचाया और उन्हें सफदरजंग अस्पताल पहुंचाया।" इसके अलावा हौज रानी गांव के स्थानीय निवासी वसीम राजा ने भी कई लोगों को बचाया।
राजा ने न्यूज एजेंसी ANI से कहा, "जैसे ही शॉर्ट सर्किट हुआ, हम यहां पहुंच गए। हम यहां पहुंचने वाले सबसे पहले लोग थे। यहां गद्दों की एक दुकान है जिसे नुकसान पहुंचा था। हमने वहां से गद्दे लिए और उन्हें सड़क पर बिछा दिया, ताकि उन विदेशियों की मदद कर सकें जो इमारत से कूद रहे थे। इसके तुरंत बाद, दिल्ली फायर सर्विस और दिल्ली पुलिस की टीमें यहां पहुंच गईं। हमने इमारत के अंदर से कई विदेशी नागरिकों को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला। गांव वालों ने, अग्निशमन कर्मियों और पुलिस के साथ मिलकर, कई लोगों को बचाया। कांच की वजह से हमारे पैरों में चोटें आई हैं।"
विदेशी नागरिकों समेत 21 की मौत
दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में पांच मंजिला 'फ्लोरिश स्टे बी एंड बी' होटल में बुधवार को भीषण आग लग गई। इसमें कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि मृतकों में कई विदेशी नागरिक हैं, जिनमें मुख्य रूप से मध्य एशियाई और अफ्रीकी देशों के निवासी शामिल हैं। उन्होंने यह भी कहा कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है क्योंकि कई घायल गंभीर हालत में हैं। निकाले गए लोगों में उन मरीजों के रिश्तेदार भी शामिल हैं जिनका इलाज पास के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
आग मालवीय नगर के भीड़भाड़ वाले इलाके हौज रानी में ‘फ्लोरिश स्टे बी एंड बी’ में लगी। इससे पहले, अधिकारियों ने कहा था कि आग सुबह लगभग 8.30 बजे पास के लेमन ग्रीन रेस्तरां में लगी थी। लेकिन पुलिस ने बाद में स्पष्ट किया कि आग होटल की इमारत में लगी थी। दमकल अधिकारी एके मलिक के अनुसार, इमारत में एक तहखाना, ग्राउंड फ्लोर और पांच ऊपरी मंजिलें हैं। ग्राउंड में रेस्तरां चल रहा था, जबकि इमारत के बाकी हिस्से का इस्तेमाल होटल के रूप में किया जा रहा था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, होटल में केवल एक ही एंट्री और एग्जिट गेट था। अधिकारियों के मुताबिक, 40 से अधिक लोगों को निकाला गया। फिर उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां 21 लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। एम्स के एक सूत्र ने बताया कि अस्पताल में 13 मरीज भर्ती हुए, जिनमें से तीन गिरने से घायल हुए थे। जबकि 10 बचावकर्मी थे। घटनास्थल से मिले वीडियो फुटेज में बचावकर्मी इमारत के तहखाने से लोगों को निकालते हुए दिखाई दे रहे हैं।