Manipur Unrest: मणिपुर के बिष्णुपुर जिले में संदिग्ध कुकी उग्रवादियों ने मंगलवार (7 अप्रैल) को बम से हमला कर दिया। इसमें दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। जबकि उनकी मां घायल हो गई। इस घटना के बाद स्थानीय निवासियों ने विरोध प्रदर्शन किया। घटना सोमवार देर रात करीब 1 बजे हुई, जब मोइरांग ट्रोंग्लाओबी में संदिग्ध उग्रवादियों द्वारा फेंका गया बम एक घर पर गिरा। विस्फोट में पांच वर्षीय लड़के और छह महीने की बच्ची की मौत हो गई। घर के अंदर बम फटने के समय तीनों सो रहे थे।
घटना के विरोध में स्थानीय निवासियों ने प्रदर्शन किया और इलाके में एक पेट्रोल पंप के पास दो तेल टैंकरों और एक ट्रक में आग लगा दी। प्रदर्शनकारियों ने मोइरांग थाने के सामने टायर जलाए और एक अस्थायी पुलिस चौकी को भी नुकसान पहुंचाया। एक अधिकारी ने बताया कि स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए इलाके में सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है।
निचले इलाके में स्थित मोइरांग ट्रोंग्लाओबी, चुराचांदपुर के पहाड़ी क्षेत्रों के पास है। 2023 एवं 2024 में जातीय संघर्ष के चरम पर होने के दौरान यहां लगातार गोलीबारी की घटनाएं हुई थीं। एक अन्य वरिष्ठ अधिकारी ने पीटीआई को बताया कि मंगलवार को त्रोंग्लाओबी के पास के इलाके से एक विस्फोटक उपकरण भी बरामद किया गया है।
इस बीच, एनपीपी के स्थानीय विधायक टी शांति सिंह ने ट्रोंग्लाओबी आवांग लेकाई में हुए क्रूर हमले की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि कुकी नार्को-आतंकवादियों ने इसे अंजाम दिया। उन्होंने कहा, "यह जघन्य कृत्य आतंकवाद से कम नहीं है। ऐसे अमानवीय कृत्यों का हमारे समाज में कोई स्थान नहीं है और इसकी कड़े शब्दों में निंदा होनी चाहिए।"
विधायक ने आगे कहा, "मैं जान गंवाने वाले पांच वर्षीय लड़के और पांच महीने की बच्ची को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं, जिन्हें इतनी निर्दयता से छीन लिया गया। इस असीमित दुख की घड़ी में शोक संतप्त परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।"
इस बीच, मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) के 47वें स्थापना दिवस पर कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं देते हुए सोमवार को कहा कि पार्टी पूर्वोत्तर से प्यार करती है। सिंह ने जिरिबाम जिले एवं असम के कछार के अपने तीन दिवसीय दौरे का समापन करने के बाद इंफाल लौटते समय नोनी जिले में बीजेपी के स्थापना दिवस समारोह में हिस्सा लिया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद में घोषणा की थी कि मणिपुर की क्षेत्रीय अखंडता हमेशा बरकरार रखी जाएगी। सिंह ने दक्षिण पूर्व एशियाई देशों के लिए अंतर-एशियाई राजमार्ग खोलने के उद्देश्य वाली 'एक्ट ईस्ट' नीति का श्रेय PM मोदी को दिया। मुख्यमंत्री ने मणिपुर के विकास में हरसंभव मदद का आश्वासन देने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को भी धन्यवाद दिया।