Richest Candidate in Tamil Nadu elections: लॉटरी किंग सैंटियागो मार्टिन की पत्नी लीमा रोज AIADMK की तरफ से तमिलनाडु में आगामी विधानसभा चुनाव लड़ रही हैं। उन्होंने सोमवार (6 अप्रैल) को लालगुडी सीट से अपना नामांकन दाखिल किया। उनके चुनावी हलफनामे के अनुसार, वह तमिलनाडु विधानसभा चुनावों में सबसे अमीर उम्मीदवार हैं। आपको यह जानकर हैरानी होगी कि लीमा रोज सिर्फ छठी क्लास तक पढ़ी हैं।
अपने चुनावी हलफनामे में लीमा रोज ने 2024-25 के लिए 9.82 करोड़ रुपये की आय घोषित की है। उनके पति सैंटियागो मार्टिन की आय 11.39 करोड़ रुपये है। जबकि उनके बेटे जोस डाइसन मार्टिन ने 19.56 करोड़ रुपये की आय घोषित की है। उनके चुनावी हलफनामे के मुताबिक, उनके परिवार की कुल संपत्ति ₹5,000 करोड़ से अधिक है।
अपने नामांकन पत्रों के साथ जमा किए गए हलफनामे के अनुसार, लीमा रोज ने अपने नाम पर ₹139.62 करोड़ की चल संपत्ति (जिसमें गहने शामिल हैं) और ₹909.94 करोड़ की अचल संपत्ति (जिसमें जमीन और घर शामिल हैं) घोषित की है। उनके पति सैंटियागो मार्टिन के पास ₹3,262.01 करोड़ की चल संपत्ति और ₹887.36 करोड़ की अचल संपत्ति है। जबकि उनके बेटे जोस डाइसन मार्टिन के पास ₹225.56 करोड़ की चल संपत्ति और ₹439.21 करोड़ की अचल संपत्ति है।
वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए लीमा रोज ने ₹9.82 करोड़ की आय बताई। जबकि उनके पति मार्टिन ने ₹11.39 करोड़ की आय घोषित की थी। जबकि उनके बेटे जोस डेसन मार्टिन ने परिवार में सबसे ज्यादा आय ₹19.56 करोड़ बताई। हैरानी की बात यह है कि लीमा रोज ने अपनी शैक्षणिक योग्यता छठी कक्षा बताई है। लीमा रोज के बेटे जोस चार्ल्स पुडुचेरी में सक्रिय एक राजनीतिक दल लछिया जननायगा काची (LJK) के नेता हैं।
बताया जा रहा है कि पिछले कुछ महीनों से लीमा रोज LJK से अपनी असंतुष्टि जाहिर कर रही थीं। इसके बाद उन्होंने अचानक पार्टी छोड़ने और AIADMK में शामिल होने के अपने फैसले का ऐलान कर दिया। फरवरी 2026 में पार्टी प्रमुख एडप्पादी के. पलानीस्वामी ने उन्हें AIADMK की महिला विंग का संयुक्त सचिव नियुक्त किया।
इसके अलावा, तमिझगा वेट्री कजगम (TVK) के चुनाव मैनेजमेंट और प्रचार के महासचिव आदव अर्जुन, लीमा रोज के दामाद हैं। एक ही परिवार के सदस्यों का अलग-अलग राजनीतिक दलों के बैनर तले यह विधानसभा चुनाव लड़ना काफी चर्चा का विषय बन गया है। 1967 में देवकोट्टई में जन्मी लीमा का विवाह सैंटियागो मार्टिन से हुआ है। उनके दो बेटे जोस चार्ल्स मार्टिन और जोस डाइसन मार्टिन और एक बेटी डेजी मार्टिन हैं।
तमिलनाडु में 23 अप्रैल को होने वाली वोटिंग से पहले चल रहे जोरदार राजनीतिक अभियान के बीच यह खबर चर्चा का विषय बन गई है। चुनाव के नतीजे 4 मई को आएंगे। मुख्य चुनावी मुकाबला द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम (DMK) के नेतृत्व वाले सेक्युलर प्रोग्रेसिव अलायंस (SPA) और AIADMK के नेतृत्व वाले नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस (NDA) के बीच होने की उम्मीद है। अभिनेता से राजनेता बने विजय TVK के साथ अपना चुनावी डेब्यू करने जा रहे हैं। वह आने वाले चुनावों को त्रिकोणीय मुकाबला बनाने की कोशिश कर रहे हैं।