Akhilesh Yadav Manifesto: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए जारी समाजवादी पार्टी के 'पीडीए का प्रणपत्र' में युवाओं को रोजगार व भत्तों से जोड़ने और सामाजिक न्याय के एजेंडे को एक साथ साधा गया है। दस्तावेज के मुताबिक, नौकरी मिलने तक आर्थिक सहारा देने से लेकर सरकारी भर्तियों और वर्गवार हिस्सेदारी तक कई बड़े वादे किए गए हैं।
₹5,000 भत्ता और 10 लाख सरकारी नौकरियों का रोडमैप
घोषणापत्र के 'रोजगार' खंड में सरकारी भर्तियों, भत्ते और शहरी-ग्रामीण रोजगार गारंटी से जुड़े प्रमुख वादे शामिल हैं:
पहली कैबिनेट में 10 लाख सरकारी पद: सरकार बनने के बाद पहली कैबिनेट बैठक में 10 लाख सरकारी पदों को तत्काल भरने का निर्णय लिया जाएगा।
5 साल में 25 लाख रोजगार: अखिलेश यादव ने यूपी चुनाव 2027 के घोषणापत्र में अगले पांच वर्षों के भीतर 25 लाख सरकारी नौकरियां देने का बड़ा वादा किया है।
₹5,000 प्रति माह बेरोजगारी भत्ता: सभी स्नातकों को कौशल विकास के जरिए रोजगार दिलाने की गारंटी दी गई है, और जब तक रोजगार नहीं मिल जाता, तब तक ₹5,000 रुपये प्रति माह 'बेरोजगारी भत्ता' देने का वादा किया गया है।
शहरी रोजगार गारंटी अधिनियम: सुरक्षित काम या रोजगार मिलने तक युवा पुरुषों और महिलाओं को न्यूनतम आय देने के लिए 'शहरी रोजगार गारंटी अधिनियम' लाने का प्रस्ताव है।
रोजगार मिशन और ई-पोर्टल: सरकारी और निजी क्षेत्रों में रोजगार सृजन का रोडमैप तैयार करने के लिए 'रोजगार मिशन' बनेगा, जबकि 'रोजगार विभाग' ई-पोर्टल के जरिए बेरोजगारी का डेटा तैयार कर नियोक्ताओं के साथ साझा करेगा।
भर्ती पारदर्शिता, श्रमिक वेतन और छात्र सुविधाएं
युवाओं, श्रमिकों और छात्रों के लिए परीक्षा प्रणाली और सुविधाओं से जुड़े अहम प्रावधान भी रखे गए हैं:
परीक्षा कैलेंडर और समय-सीमा: राज्य स्तरीय सभी परीक्षाओं के लिए वार्षिक कैलेंडर बनेगा। एक चरण वाली भर्ती तीन महीने में और दो या तीन चरणों वाली भर्ती छह महीने में पूरी करने का लक्ष्य है।
वेटिंग लिस्ट और न्यूनतम वेतन: यूपी अधीनस्थ सेवा परीक्षाओं में 'वेटिंग लिस्ट' का प्रावधान होगा, जबकि अकुशल और अर्ध-कुशल श्रमिकों के न्यूनतम वेतन की समीक्षा कर उसे राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप लाया जाएगा।
छात्रों को सहूलियत: राज्य भर के छात्रों के लिए 'लैपटॉप वितरण योजना' फिर शुरू होगी, बड़े शहरों में 'आवासीय छात्रावास' बनेंगे और परीक्षा देने जा रहे छात्रों को राज्य परिवहन में मुफ्त यात्रा मिलेगी।