UP Election 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज करनी शुरू कर दी हैं। इसी बीच, रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया की पार्टी 'जनसत्ता दल लोकतांत्रिक' ने चुनाव के लिए अपने प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। पार्टी की ओर से शुरुआती चरण में तीन विधानसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए हैं। खास बात यह है कि तीनों सीटें प्रतापगढ़ जिले की हैं। पार्टी की ओर से जारी लिस्ट के मुताबिक, कुंडा विधानसभा सीट से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मौजूदा विधायक कुंवर रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया खुद चुनाव मैदान में उतरेंगे।
वहीं, बाबागंज से मौजूदा विधायक विनोद सरोज को प्रत्याशी बनाया गया है। इसके अलावा विश्वनाथगंज विधानसभा सीट से कुलदीप पटेल को उम्मीदवार घोषित किया गया है। इससे पहले समाजवादी पार्टी (SP) पांच सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार चुकी है।
कुंडा से राजा भैया, बाबागंज से विनोद सरोज को टिकट
जनसत्ता दल लोकतांत्रिक की ओर से जारी पहली लिस्ट में कुंडा विधानसभा सीट से राजा भैया के नाम पर मुहर लगाई गई है। राजा भैया लंबे समय से कुंडा विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। पार्टी ने एक बार फिर उन्हें इसी सीट से चुनाव लड़ाने का फैसला किया है। वहीं बाबागंज विधानसभा सीट से विनोद सरोज को उम्मीदवार घोषित किया गया है। वह वर्तमान में बाबागंज से विधायक हैं। पार्टी ने उन्हें दोबारा चुनाव मैदान में उतारने का फैसला किया है।
विश्वनाथगंज से कुलदीप पटेल को बनाया प्रत्याशी
तीसरी सीट विश्वनाथगंज के लिए जनसत्ता दल ने कुलदीप पटेल को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। पार्टी की ओर से जारी सूची में उन्हें प्रतापगढ़ के जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि के रूप में उल्लेखित किया गया है। इस तरह पार्टी ने प्रतापगढ़ जिले की तीन विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है।
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां धीरे-धीरे तेज हो रही हैं। ऐसे में जनसत्ता दल लोकतांत्रिक की ओर से प्रत्याशियों की पहली सूची जारी करना चुनावी तैयारियों की दिशा में एक अहम कदम है। पार्टी ने फिलहाल तीन विधानसभा क्षेत्रों के लिए उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। अब बाकी सीटों पर पार्टी की रणनीति और संभावित उम्मीदवारों के नामों को लेकर नजर रहेगी। बता दें कि राजा भैया की राजनीतिक पहचान प्रतापगढ़ की कुंडा विधानसभा सीट से जुड़ी रही है। अब 2027 के चुनाव में जनसत्ता दल लोकतांत्रिक इन तीनों सीटों पर अपने प्रत्याशियों के साथ मैदान में उतरने की तैयारी में है।