UP Election 2027: अगले साल होने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों से पहले 'इंडिया' (INDIA) गठबंधन के भीतर सीट-बंटवारे को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच तनाव बढ़ता दिख रहा है। कांग्रेस के साथ गठबंधन को लेकर जारी बातचीत के बीच. समाजवादी पार्टी (सपा) ने उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए मंगलवार (24 नवंबर) को पांच उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी। पार्टी की ओर से X पर जारी लिस्ट के मुताबिक, सहारनपुर जिले की बेहट विधानसभा सीट से उमर अली खान और सहारनपुर विधानसभा सीट से आशु मलिक को उम्मीदवार बनाया गया है।
लिस्ट के अनुसार इसी तरह शामली जिले की कैराना विधानसभा सीट से नाहिद हसन को प्रत्याशी घोषित किया गया है। अमरोहा विधानसभा सीट से महबूब अली और ललितपुर जिले की ललितपुर विधानसभा सीट से ज्योति लोधी को पार्टी का उम्मीदवार बनाया गया है। सपा ने कांग्रेस के साथ सीटों के बंटवारे को लेकर जारी बातचीत के बीच विधानसभा चुनाव के उम्मीदवारों की यह पहली लिस्ट जारी की है। वैसे अखिलेश यादव अयोध्या सीट से पूर्व विधायक पवन पांडेय को आधिकारिक रूप से उम्मीदवार घोषित कर चुके हैं। उत्तर प्रदेश में 2027 के शुरू में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं।
अखिलेश ने कांग्रेस को दिया साफ संदेश
समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे को लेकर जारी बातचीत के बीच मंगलवार को कहा कि उनके सहयोगी दल को सौहार्द और सूझबूझ के साथ‘सीट की जगह जीत के समीकरण पर विचार करना चाहिए, ताकि उत्तर प्रदेश में गठबंधन की सरकार बने। और फिर केंद्र में भी सत्ता परिवर्तन हो सके। अखिलेश यादव ने कांग्रेस से सपा की ओर से उसके लिए प्रस्तावित 26 सीटों के अतिरिक्त अन्य सभी संभावित सीटों की सूची भी भेजने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इसके बाद दोनों दल बैठकर तय कर सकते हैं कि किस सीट पर किस दल का कौन सा उम्मीदवार जीतने की स्थिति में है।
उनका कहना है कि कांग्रेस और सपा के सामने यह ऐतिहासिक अवसर है, जब दोनों पंथनिरपेक्ष दल मिलकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) और उसके सहयोगियों को हराकर देश को गलत हाथों में जाने से बचा सकते हैं। सपा प्रमुख ने सीटों के बंटवारे को लेकर कहा कि दोनों दलों को जन-अपेक्षाओं और जमीनी वास्तविकताओं को ध्यान में रखकर गंभीर विचार-विमर्श करना चाहिए, ताकि गठबंधन के अधिकतर उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित हो सके।
अखिलेश यादव ने कहा कि सपा अपने आकलन और जीत के गणितीय समीकरण के आधार पर कांग्रेस को ऐसी कई सीटों के बारे में भी बता सकती है, जिन पर कांग्रेस ने किसी कारणवश विचार नहीं किया है। उन्होंने कहा कि बड़े नेताओं की बैठक में सभी सीटों पर 'इंडिया गठबंधन' के प्रत्याशी के तौर पर चर्चा होनी चाहिए, न कि कांग्रेस या सपा के उम्मीदवार के रूप में। उन्होंने कहा कि सबसे सकारात्मक परिणाम तब मिलेगा, जब गठबंधन के उम्मीदवारों को 'पीडीए प्रत्याशी' के रूप में पेश किया जाएगा।
'जो पीड़ित है, वही पीडीए है'
उन्होंने लोकसभा चुनाव में कांग्रेस संगठन द्वारा 'पीडीए' के साथ किए गए सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि इसी एकजुटता ने BJP को हराने में अहम भूमिका निभाई थी। सपा अध्यक्ष ने दावा किया कि जमीनी सर्वेक्षणों से स्पष्ट है कि उत्तर प्रदेश के हर शहर, मोहल्ले, गली और गांव तक यह संदेश पहुंच चुका है कि जो पीड़ित है, वही पीडीए है। उन्होंने सीटों के बंटवारे के बजाय इसे 'सीट समायोजन' करार देने पर जोर दिया और कहा कि कठिन समीकरण वाली सीटों पर दोनों दल कम से कम दो संभावित उम्मीदवारों पर विचार करें तथा जीत की अधिक संभावना वाले उम्मीदवार को मिलकर मैदान में उतारें।
अखिलेश यादव ने कहा कि गठबंधन में एक-दूसरे पर उम्मीदवार थोपने के बजाय आपसी सहमति से प्रत्याशी तय किए जाने चाहिए, तभी दोनों दलों के वोटों का एक-दूसरे को हस्तांतरण सुनिश्चित हो सकेगा। उनके मुताबिक सरकार बनाने के बड़े लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए दोनों दलों को कुछ लोगों को समायोजित करना पड़ सकता है। कुछ संभावित उम्मीदवारों को उनकी मनचाही सीट नहीं मिलने या टिकट में बदलाव होने की स्थिति को भी समझना होगा।
सपा प्रमुख ने इस बात पर जोर दिया कि हर सीट महत्वपूर्ण है और यदि किसी को टिकट नहीं मिल पाता या उसकी पसंदीदा सीट पर बदलाव होता है, तो उसे निराश नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि नेताओं को भी इन फैसलों के पीछे सरकार बनाने के लक्ष्य को ध्यान में रखना होगा। अखिलेश यादव का कहना है कि किसान, मजदूर, युवा, मध्यम वर्ग, महिलाएं, व्यापारी, अधिकारी, कर्मचारी और प्रगतिशील एवं पंथनिरपेक्ष समाज गठबंधन की ओर उम्मीद से देख रहा है।
यूपी में बिहार वाला फॉर्मूला नहीं चलेगा!
मंगलवार को नई दिल्ली में हुई दोनों दलों की बैठक में समाजवादी पार्टी ने साफ संकेत दे दिया कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को बिहार जैसा सीट बंटवारे का फॉर्मूला नहीं चलेगा। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में समाजवादी पार्टी ने बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के बीच हुए सीट बंटवारे का उदाहरण दिया। सपा का मानना है कि बिहार में कांग्रेस को 70 सीटें देना गठबंधन के लिए सही फैसला साबित नहीं हुआ। पार्टी का तर्क है कि कांग्रेस का स्ट्राइक रेट अपने गठबंधन सहयोगियों के मुकाबले काफी कमजोर रहा। इसी वजह से सपा नेतृत्व उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की बड़ी सीटों की मांग को स्वीकार करने के मूड में नहीं है।
सूत्रों के अनुसार, सपा को उम्मीद थी कि उसके शुरुआती 26 सीटों के प्रस्ताव के बाद कांग्रेस सीमित संख्या में अतिरिक्त सीटों की मांग करेगी। लेकिन बैठक के अंत में कांग्रेस ने एक बार फिर 100 से अधिक विधानसभा सीटों की लिस्ट सौंप दी, जिन पर वह चुनाव लड़ना चाहती है। कांग्रेस की इस मांग ने दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर मतभेद और गहरे कर दिए हैं। सपा की शुरुआती पेशकश और कांग्रेस की मांग के बीच बड़ा अंतर सामने आया है।