UP Election 2027: उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी (SP) और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे पर बातचीत जारी है। इस बीच, सपा की ओर से कांग्रेस को 26 सीटों का ऑफर दिए जाने की खबरों पर कांग्रेस नेता इमरान मसूद ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने मंगलवार (24 नवंबर) को सपा पर हमला बोलते हुए साफ कहा कि कांग्रेस किसी से सीटों की भीख नहीं मांग रही है। कांग्रेस सांसद ने कहा कि गठबंधन में सीटों का बंटवारा आपसी सहमति और सहयोग से होता है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने 26 सीटों के प्रस्ताव को लेकर कहा कि उन्हें जानकारी नहीं है कि समाजवादी पार्टी ने कब ऐसा ऑफर दिया है। उन्होंने कहा कि गठबंधन में सीटें मांगने और आपसी सहयोग के बीच बड़ा अंतर होता है।
'गठबंधन में कोई किसी से कुछ मांगता नहीं'
इमरान मसूद ने सपा की तरफ से कांग्रेस को यूपी चुनाव में 26 विधानसभा सीटों का प्रस्ताव देने पर न्यूज एजेंसी IANS से कहा, "मुझे तो पता नहीं कब दे रही है। आपको (रिपोर्टर) पता होगा। मैं तो किसी से भीख नहीं मांग रहा हूं।" उन्होंने आगे कहा, "सीटें मांगने और गठबंधन में आपसी सहयोग करने के बीच फर्क होता है। गठबंधन में किसी को कुछ मांगने की जरूरत नहीं होती, बल्कि दोनों पार्टियां आपसी सहमति और सहयोग से फैसला करती हैं।" कांग्रेस नेता ने कहा कि गठबंधन इसी आपसी सहयोग के आधार पर बनता है। दोनों दल बैठकर बातचीत करेंगे और सीटों के बंटवारे का फॉर्मूला तय करने की कोशिश करेंगे।
सपा सिर्फ 26 सीटें देने पर राजी
समाजवादी पार्टी (सपा) की ओर से उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस को 26 सीटों की पेशकश किए जाने के बीच मंगलवार को दोनों दलों ने सीट बंटवारे पर लगातार दूसरे दिन बातचीत की।सपा महासचिव रामगोपाल यादव ने बैठक से पहले बताया कि उनकी पार्टी ने कांग्रेस को 26 सीटें देने का प्रस्ताव रखा है। इस पर आगे बातचीत की जाएगी।
उन्होंने पत्रकारों से कहा, "हमने दो ऐसी सीटें देने का प्रस्ताव दिया है, जिन पर कांग्रेस ने 2022 के विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की थी। इसके अलावा चार ऐसी सीटें हैं, जहां कांग्रेस दूसरे स्थान पर रही थी और 20 अन्य सीटें ऐसी हैं, जहां सपा को 60 से 70 हजार वोट मिले थे। जबकि कांग्रेस को लगभग दो हजार वोट ही मिले थे।" बता दें कि उत्तर प्रदेश में विधानसभा की कुल 403 सीटें हैं।
कांग्रेस ने सौंपी 130 सीटों की लिस्ट
इससे पहले सोमवार को हुई बैठक में कांग्रेस ने सपा नेताओं को 130 सीटों की लिस्ट सौंपी थी, जिन पर वह अपने उम्मीदवार उतारना चाहती है। कांग्रेस ने इन सीटों को अपनी प्राथमिकता बताया था। सपा नेताओं ने लिस्ट पर विचार करने के बाद आगे बातचीत करने की बात कही थी।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी के आवास पर मंगलवार को हुई बैठक में उत्तर प्रदेश के पार्टी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा, कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद और कांग्रेस विधायक दल के नेता वीरेंद्र चौधरी शामिल हुए।
वहीं, सपा की ओर से रामगोपाल यादव, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, सांसद राजीव राय, अवधेश प्रसाद और सांसद इकरा हसन ने हिस्सा लिया। बीते सोमवार को हुई पहले दौर की बातचीत में दोनों दलों ने मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ने पर सहमति जताई थी। साथ ही सीटों के बंटवारे को अगले दो से चार दिनों में अंतिम रूप देने के संकेत दिए थे।
राजेंद्र पाल गौतम ने बातचीत को बताया सकारात्मक
पहले दिन की बैठक के बाद रामगोपाल यादव ने बातचीत को सौहार्दपूर्ण बताते हुए कहा था कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के विचार सुने हैं। गठबंधन को जल्द अंतिम रूप दे दिया जाएगा। वहीं, कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने भी बातचीत को सकारात्मक बताया था। उन्होंने कहा था कि दोनों दल मिलकर चुनाव लड़ने पर सहमत हैं। सीट बंटवारे का समाधान आपसी सहमति से निकाल लिया जाएगा।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष आराधना मिश्रा ने भी कहा था कि सीटों के बंटवारे पर अगले दो से चार दिनों में फैसला होने की संभावना है। आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश में अगले साल फरवरी-मार्च में विधानसभा चुनाव होने की संभावना है। इससे पहले सपा-कांग्रेस में सीटों के बंटवारे को लेकर घमासान तेज होता जा रहा है।