Punjab Election 2027: पंजाब में BJP और अकाली दल फिर से आएंगे साथ? अमित शाह और सुखबीर बादल आज कर सकते हैं गठबंधन का ऐलान

Punjab Elections 2027: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने मंगलवार (24 नवंबर) को मीडिया को एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के लिए आमंत्रित किया है। इसमें पार्टी अध्यक्ष नितिन नबीन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और शिरोमणि अकाली दल (SAD) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल शामिल होंगे। इस खबर ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। खबर है कि दोनों पार्टियां छह साल पुरानी अपनी दूरियों को मिटाकर फिर से साथ आ सकते हैं

अपडेटेड Nov 24, 2026 पर 12:31 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Punjab Elections 2027: सबकी नजरें अमित शाह और सुखबीर सिंह बादल की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर हैं

Punjab Elections 2027: भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिरोमणि अकाली दल (SAD) मंगलवार (24 नवंबर) को नई दिल्ली में आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए अपने गठबंधन की घोषणा कर सकते हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन और अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल दोपहर एक बजे बीजेपी मुख्यालय में इस बाबत घोषणा कर सकते हैं। अगले साल होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी और अकाली दल के बीच सीट-बंटवारे पर बातचीत जारी है।

अकाली दल ने अब समाप्त हो चुके तीन विवादास्पद कृषि कानूनों को लेकर सितंबर 2020 में BJP से अपना 24 साल पुराना नाता तोड़ लिया था। इससे पहले अकाली दल सांसद हरसिमरत कौर बादल मोदी सरकार में कैबिनेट मंत्री रहीं। शाह ने पिछले महीने दिल्ली में दोनों दलों के बीच गठबंधन का संकेत दिया था। गत एक नवंबर को अपनी चंडीगढ़ यात्रा के दौरान उन्होंने एक बार फिर कहा था कि पंजाब में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की सरकार बनेगी।

सूत्रों ने बताया कि बीजेपी पंजाब में पहले से ज्यादा ताकतवर हुई है। यह वजह है कि वह बहुत ज्यादा सीटों पर लड़ेगी । लेकिन अकाली दल नंबर वन रहेगी। सुखबीर बादल ने अकाली दल से बाहर गए अधिकतर नेताओं को पार्टी में वापस बुला लिया है। गठबंधन की घोषणा के लिए आज का पवित्र दिन चुना गया है। आज श्री गुरुनानक देव जी की जयंती है।


AAP को हराने के लिए सभी तैयारी पूरी

अगले साल पंजाब में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। ऐसा लगता है कि ये दोनों पार्टियां आम आदमी पार्टी को सत्ता से बाहर करने के लिए फिर से हाथ मिलाने की तैयारी में हैं। ताकि भगवंत मान के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी (AAP) की सरकार को सत्ता से हटाया जा सके। अगर BJP और SAD फिर से एक साथ आते हैं, तो पंजाब का चुनाव एक त्रिकोणीय मुकाबला बन सकता है। कांग्रेस और AAP पंजाब में पहले से ही एक-दूसरे के खिलाफ हैं। ऐसे में BJP और SAD का गठबंधन चुनावी मैदान में एक तीसरा दावेदार बनकर सामने आएगा।

पंजाब कांग्रेस के प्रभारी सचिन पायलट ने सोमवार को कहा कि ये पार्टियां मजबूरी के चलते एक साथ आ रही हैं। पायलट ने कहा, "सवाल यह उठता है कि किन मुद्दों की वजह से गठबंधन टूटा था और आज ऐसा क्या बदल गया है कि वे फिर से गठबंधन करने जा रहे हैं। मुझे लगता है कि दोनों पार्टियां पंजाब में अपनी जमीन तलाश रही हैं। चाहे विधानसभा चुनाव हों या लोकसभा चुनाव, जनता ने बीजेपी और अकाली दल को नकार दिया था। अब, मजबूरी में, वे चुनावों से ठीक पहले एक-दूसरे का हाथ थाम रहे हैं।"

ये भी पढ़ें- Paschim Banga: अब 'पश्चिम बंग' होगा पश्चिम बंगाल का नया नाम? जानें- भारत में कैसे बदले जाते हैं राज्यों के नाम

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।