Paschim Banga: अब 'पश्चिम बंग' होगा पश्चिम बंगाल का नया नाम? जानें- भारत में कैसे बदले जाते हैं राज्यों के नाम
West Bengal Name Change: पश्चिम बंगाल मंत्रिमंडल ने सोमवार (23 नवंबर) को राज्य का नाम 'पश्चिम बंगाल' से बदलकर 'पश्चिम बंग' करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मीडिया को बताया कि राज्य विधानसभा से मंजूरी मिलने के बाद, इस प्रस्ताव को केंद्र सरकार के पास भेजा जाएगा। विधानसभा का शीतकालीन सत्र 4 से 14 दिसंबर तक चलेगा
West Bengal Rename: सीएम शुवेंदु अधिकारी ने कहा कि पश्चिम बंगाल का नाम ‘पश्चिम बंग’ करने का प्रस्ताव दिसंबर में पेश किया जाएगा
West Bengal Rename: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार (23 नवंबर) को बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि राज्य का नाम बदलकर 'पश्चिम बंग' करने का प्रस्ताव विधानसभा के चार दिसंबर से शुरू होने वाले शीतकालीन सत्र में पेश किया जाएगा। अधिकारी की अध्यक्षता में हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में इस संबंध में निर्णय लिया गया। बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने कहा, "पश्चिम बंगाल का नाम बदलकर 'पश्चिम बंग' करने का प्रस्ताव 9 दिसंबर को विधानसभा में पेश किया जाएगा।" उन्होंने बताया कि विधानसभा से प्रस्ताव पारित होने के बाद इसे मंजूरी के लिए केंद्र सरकार के पास भेजा जाएगा। पश्चिम बंगाल विधानसभा का शीतकालीन सत्र चार से 14 दिसंबर तक आयोजित किया जाएगा।
'वेस्ट बंगाल' बन जाएगा इतिहास!
अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्रालय से मंजूरी मिलने के बाद राज्य का नाम अंग्रेजी में भी आधिकारिक दस्तावेजों और प्रशासनिक रिकॉर्ड में 'पश्चिम बंग' लिखा जाएगा। इससे 'वेस्ट बंगाल (West Bengal)' के रूप में इसकी लंबे समय से चली आ रही अंग्रेजी पहचान का अंत हो जाएगा। राज्य का नाम बदलने की पहल नई नहीं है। वाम मोर्चा के शासनकाल में और बाद में ममता बनर्जी के शासन के दौरान भी विधानसभा से नाम परिवर्तन का प्रस्ताव पारित कराने के प्रयास किए गए थे।
हालांकि, नई दिल्ली में इन प्रस्तावों को बार-बार बाधाओं का सामना करना पड़ा। मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली UPA सरकार और पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली NDA सरकार, दोनों में से किसी ने भी इन प्रस्तावों पर सहमति नहीं जताई। इसके कारण लंबे प्रयासों के बावजूद यह प्रक्रिया अब तक अधूरी रही थी। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि राज्य और केंद्र, दोनों में एक ही पार्टी के सत्ता में होने से, राज्य सचिवालय 'नबान्न' को इस बार कम बाधाओं का सामना करना पड़ सकता है।
केंद्र सरकार देगी मंजूरी?
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि 'डबल इंजन' की सरकार होने के चलते दिल्ली से मंजूरी मिलना आसान हो गया है। पश्चिम बंगाल को लंबे समय से प्रशासनिक असुविधा का सामना करना पड़ रहा है क्योंकि राज्य के नाम 'वेस्ट बंगाल' का पहला अक्षर 'W' होने के कारण इसकी बारी आखिरी में आती है। दिल्ली में मुख्यमंत्रियों की बैठकों और अन्य अखिल भारतीय प्रशासनिक बैठकों में राज्यों की वर्णमाला क्रम के कारण बंगाल के प्रतिनिधियों को अक्सर कार्यवाही के अंत में बोलने का अवसर मिलता है। अधिकारियों ने कहा कि नाम बदलने का नवीनतम प्रयास आंशिक रूप से इस मुद्दे को हल करने के उद्देश्य से किया गया है।
जानिए राज्य का नाम बदलने की पूरी संवैधानिक प्रक्रिया
अपने यहां किसी राज्य का नाम बदलने की संवैधानिक प्रक्रिया संविधान के आर्टिकल 3 (Article 3) के तहत निर्धारित है। यह आर्टिकल संसद को किसी राज्य का नाम बदलने, उसकी सीमाओं में बदलाव करने या नए राज्य के गठन का अधिकार देता है। यानी किसी राज्य की विधानसभा अकेले अपने फैसले से राज्य का नाम नहीं बदल सकती। फाइनल फैसला संसद के कानून और राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद ही प्रभावी होता है। राज्य का नाम बदलने की प्रक्रिया मुख्य रूप से पांच चरणों में पूरी होती है:-
1. राज्य सरकार या संसद की ओर से प्रस्ताव
आमतौर पर राज्य का नाम बदलने की प्रक्रिया संबंधित राज्य विधानसभा में प्रस्ताव पारित करने से शुरू होती है। विधानसभा प्रस्ताव पारित करके केंद्र सरकार, विशेषकर गृह मंत्रालय (MHA) को भेजती है। हालांकि, संसद भी इस संबंध में विधेयक लाने की पहल कर सकती है।
केंद्र सरकार प्रस्ताव की जांच करती है। जरूरत पड़ने पर सर्वे ऑफ इंडिया, भारत के रजिस्ट्रार जनरल, डाक विभाग और रेल मंत्रालय जैसी संबंधित एजेंसियों से अनापत्ति प्रमाणपत्र (NOC) या सुझाव भी मांग सकती है।
2. राष्ट्रपति की सिफारिश जरूरी
किसी राज्य का नाम बदलने से संबंधित विधेयक संसद के किसी भी सदन में राष्ट्रपति की सिफारिश के बिना पेश नहीं किया जा सकता। इसलिए केंद्र सरकार को विधेयक संसद में पेश करने से पहले राष्ट्रपति की सिफारिश प्राप्त करनी होती है।
3. संबंधित राज्य विधानसभा से मांगी जाती है राय
राष्ट्रपति विधेयक को संबंधित राज्य विधानसभा के पास उसकी राय जानने के लिए भेजते हैं। इसके लिए एक निश्चित समय सीमा तय की जाती है। राज्य विधानसभा इस अवधि के भीतर अपने सुझाव और आपत्तियां दे सकती है। हालांकि, यहां एक महत्वपूर्ण बात यह है कि राज्य विधानसभा की राय संसद के लिए बाध्यकारी नहीं होती। यानी विधानसभा प्रस्ताव का समर्थन करे या विरोध, संसद संवैधानिक प्रक्रिया के तहत आगे फैसला ले सकती है।
4. संसद के दोनों सदनों से विधेयक पास होना जरूरी
राज्य विधानसभा की राय प्राप्त होने के बाद या निर्धारित समय सीमा पूरी होने पर विधेयक को संसद में आगे बढ़ाया जा सकता है। इसे लोकसभा और राज्यसभा दोनों से साधारण बहुमत (Simple Majority) से पारित कराना होता है। इसके लिए संविधान के आर्टिकल 368 के तहत विशेष संवैधानिक संशोधन की जरूरत नहीं पड़ती, क्योंकि आर्टिकल 3 के तहत राज्य का नाम बदलने वाला कानून सामान्य विधायी प्रक्रिया से पारित किया जाता है।
5. राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद बदलता है नाम
संसद के दोनों सदनों से विधेयक पारित होने के बाद इसे राष्ट्रपति के पास मंजूरी के लिए भेजा जाता है।राष्ट्रपति की मंजूरी मिलने के बाद यह कानून बन जाता है। इसके बाद संविधान की पहली अनुसूची (First Schedule) और जहां जरूरी हो, चौथी अनुसूची (Fourth Schedule) में संबंधित बदलाव किए जाते हैं। इसी प्रक्रिया के पूरा होने के बाद राज्य का नया नाम आधिकारिक रूप से लागू होता है।