Dhruv Rathee News: मशहूर यूट्यूबर ध्रुव राठी पर गिरफ्तारी की तलवार लटकती नजर आ रही है। दिल्ली की एक अदालत ने 2018 के मानहानि मामले में सोमवार (23 नवंबर) को ध्रुव राठी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट (Non-Bailable Warrant) जारी किया। न्यायिक मजिस्ट्रेट अनाम रईस खान ने यह वारंट विकास संस्कृत्यायन उर्फ विकास पांडे की ओर से दायर मामले में जारी किया। यह मामला राठी के यूट्यूब चैनल पर अपलोड किए गए एक वीडियो से संबंधित है। मामले में आगे की सुनवाई तीन दिसंबर को होगी। इससे पहले, 31 अक्टूबर को अदालत ने राठी के खिलाफ नए सिरे से जमानती वारंट जारी किए थे।
अदालत ने उनके खिलाफ 17 अक्टूबर को जमानती वारंट जारी किया था। उस समय अदालत के प्रक्रिया सर्वर ने बताया था कि नोटिस तामील कराने के लिए उनके घर पहुंचने पर मकान बंद मिला। अदालत ने राठी को हरियाणा के गुरुग्राम स्थित उनके एड्रेस पर नए समन भी जारी किए थे। राठी के पीटीआई के मुताबिक, वकील ने अदालत को बताया था कि राठी आमतौर पर ऑस्ट्रिया में रहते हैं। वकील ने अदालत को बताया कि वह दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के विरोध प्रदर्शनों में शामिल होने के लिए भारत आए थे। अदालत ने उल्लेख किया था कि राठी को पहली बार जुलाई 2019 में समन जारी किया गया था।
यह मामला मई 2018 में विकास संस्कृत्यायन उर्फ विकास पांडे की ओर से दायर मानहानि की शिकायत से संबंधित है। पांडे ने राठी के खिलाफ शिकायत तब दर्ज कराई थी, जब यूट्यूबर ने अपने यूट्यूब चैनल पर उनके खिलाफ एक वीडियो अपलोड किया था। लीगल वेबसाइट 'लाइव लॉ' के मुताबिक, आरोप है कि ध्रुव राठी ने वीडियो में विकास पांडे के खिलाफ झूठे दावे किए थे। ध्रुव राठी के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X अकाउंट से पोस्ट किए गए इस वीडियो को दिल्ली के तत्कालीन और आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रमुख मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रीट्वीट किया था। इसके बाद विकास पांडे ने कोर्ट में केजरीवाल और ध्रुव राठी दोनों के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया था। इससे पहले अदालत ध्रुव राठी के खिलाफ जमानती वारंट जारी कर चुकी थी।
2019 में भी जारी हुआ था नोटिस
पिछले महीने 12 अक्तूबर को अदालत ने जल्द सुनवाई और ध्रुव राठी के खिलाफ दस्ती समन यानी हाथों-हाथ समन भेजने की मांग वाली याचिका स्वीकार की थी। राठी के खिलाफ यह मामला कई सालों से चल रहा है। लेकिन कोर्ट को उन्हें पेश कराने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। कोर्ट ने सबसे पहले जुलाई 2019 में उन्हें नोटिस जारी किया था। अदालत का यह ताजा कदम तब उठाया गया जब जज ने देखा कि राठी ने इस मामले में जारी समन और जमानती वारंट का कोई जवाब नहीं दिया।
शिकायतकर्ता द्वारा मामले में जल्द सुनवाई की मांग किए जाने के बाद 12 अक्टूबर को कोर्ट ने नया समन जारी किया था। उस समय शिकायतकर्ता के वकील ने अदालत को बताया था कि राठी आमतौर पर जर्मनी में रहते हैं। वह 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के एक विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए भारत आए हुए हैं। उन्होंने गुरुग्राम के सेक्टर 56 का एक एड्रेस भी दिया हैं, जहां उनके रहने की संभावना थी।
इस मामले की पिछली सुनवाई के दौरान अदालत ने एक जमानती वारंट जारी किया। ऐसा इसलिए किया गया क्योंकि इससे पहले जारी किया गया वारंट राठी के गुरुग्राम वाले एड्रेस के बजाय ऑस्ट्रिया के एक गलत पते पर भेज दिया गया था। शिकायतकर्ता के वकील ने अदालत को यह भी बताया कि राठी भारत से जा चुके हैं। अब फिलहाल विदेश में रह रहे हैं।