Airbnb का नया प्लान: महानगरों के बाद अब छोटे शहरों और ग्रामीण भारत की ओर रुख
ग्लोबल हॉस्पिटैलिटी प्लेटफॉर्म एयरबीएनबी (Airbnb) भारत में अपना कारोबार बढ़ाना चाहता है। कंपनी अब गोवा और हिल स्टेशनों के अलावा छोटे शहरों, गांवों और धार्मिक जगहों पर भी होमस्टे बढ़ाने की योजना बना रही है। इसके लिए स्थानीय लोगों को ट्रेनिंग दी जाएगी, ताकि वे अपने घरों में पर्यटकों को ठहराकर कमाई कर सकें।
ग्लोबल हॉस्पिटैलिटी प्लेटफॉर्म एयरबीएनबी (Airbnb) भारत में अपना कारोबार बढ़ाने की तैयारी कर रहा है। कंपनी अब गोवा और बड़े हिल स्टेशनों के अलावा छोटे शहरों, गांवों और धार्मिक जगहों पर भी अपनी पहुंच बढ़ाना चाहती है। इसके लिए ज्यादा से ज्यादा लोगों को होमस्टे शुरू करने और अपने प्लेटफॉर्म से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
कंपनी का मकसद यात्रियों को ठहरने के अच्छे विकल्प देना और स्थानीय लोगों के लिए कमाई के नए रास्ते खोलना है। Airbnb इंडिया के कंट्री मैनेजर अमनप्रीत बजाज ने PTI को बताया कि भारत कंपनी के तेजी से बढ़ते बाजारों में शामिल है। यहां लोग देश के अंदर घूमने के लिए ज्यादा बुकिंग कर रहे हैं।
इन जगहों पर बढ़ रही लोगों की दिलचस्पी
अमनप्रीत बजाज के मुताबिक, 2026 की पहली छमाही में भारतीय मेहमानों की 85% से ज्यादा बुकिंग देश के अंदर घूमने के लिए हुईं। पहली बार बुकिंग करने वालों में करीब 70% लोग जेनरेशन Z के थे। इसी बढ़ती मांग को देखते हुए कंपनी अब गोवा और बड़े हिल स्टेशनों के अलावा छोटे शहरों और नए पर्यटन स्थलों पर भी होमस्टे बढ़ाना चाहती है।
अब लोग घूमने के लिए ऐसी जगहें भी चुन रहे हैं, जहां उन्हें प्रकृति, संस्कृति और धार्मिक स्थलों को करीब से देखने का मौका मिले। Airbnb के मुताबिक, इन जगहों पर पर्यटकों की दिलचस्पी बढ़ रही है:
• कांगड़ा और ईस्ट खासी हिल्स: पहाड़ों और प्राकृतिक नजारों के लिए।
• श्रीनगर: खूबसूरत वादियों और स्थानीय अनुभवों के लिए।
• हिमाचल और उत्तराखंड: पहाड़ों में छुट्टियां बिताने के लिए।
• वाराणसी और अमृतसर: धार्मिक और सांस्कृतिक घूमने के लिए।
कंपनी इन जगहों पर ठहरने के अच्छे विकल्प बढ़ाना चाहती है, ताकि पर्यटकों को रहने की जगह ढूंढने में परेशानी न हो।
होमस्टे चलाने की ट्रेनिंग देगी कंपनी
Airbnb होमस्टे का काम बढ़ाने के लिए पर्यटन मंत्रालय के साथ दो साल के समझौते पर काम कर रही है। इसके तहत लोगों को होमस्टे चलाने, ऑनलाइन जुड़ने और अपने इलाके को पर्यटन स्थल के रूप में पहचान दिलाने में मदद की जाएगी।
कंपनी ने गोवा में 'Airbnb Entrepreneurship Academy' भी शुरू की है। यहां होमस्टे शुरू करने के इच्छुक लोगों को मेहमानों का स्वागत करने और उन्हें अच्छी सुविधाएं देने की ट्रेनिंग दी जा रही है।
इसके अलावा, ग्रामीण गुजरात में कंपनी SEWA के साथ मिलकर महिलाओं को अपने घरों में पर्यटकों को ठहराने का तरीका सिखा रही है।
स्थानीय लोगों को भी मिलेगा फायदा
कंपनी का कहना है कि होमस्टे बढ़ने से सिर्फ घर के मालिकों को ही कमाई नहीं होगी, बल्कि आसपास के लोगों को भी काम मिलेगा।
• स्थानीय युवाओं को पर्यटकों के आने-जाने के लिए गाड़ी चलाने का काम मिल सकता है।
• कारीगर अपने बनाए सामान बेच सकेंगे।
• दुकानों और रेस्टोरेंट का कारोबार भी बढ़ सकता है।
AI से बुकिंग करना होगा आसान
Airbnb अपने प्लेटफॉर्म पर नई तकनीक का इस्तेमाल भी बढ़ा रही है। कंपनी ने ऐसे AI टूल दिए हैं, जिनकी मदद से लोग आसानी से रहने की जगह खोज और उनकी तुलना कर सकते हैं। वहीं, होमस्टे चलाने वालों के लिए भी कई सुविधाएं दी गई हैं। इनमें घर की फोटो और जानकारी अपलोड करना, किराया तय करना और कमाई का हिसाब देखना शामिल है।
कंपनी के मुताबिक, पिछले कुछ सालों में होस्ट के लिए 250 से ज्यादा नए फीचर जोड़े गए हैं। वह अलग-अलग शहरों और बजट के हिसाब से ठहरने के विकल्प बढ़ाना चाहती है, ताकि ज्यादा से ज्यादा भारतीय यात्री इसका फायदा उठा सकें।