Balendra Shah India Visit: अयोध्या-जनकपुर धाम ट्रेन से लेकर ₹15,000 करोड़ के स्पेशल पैकेज तक...जानें- PM मोदी और बालेंद्र शाह की मुलाकात की मुख्य बातें
PM Modi-Balen Shah Meet: भारत और नेपाल के रिश्तों को नई दिशा देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के पीएम बालेंद्र शाह के बीच सोमवार, 23 नवंबर 2026 को नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में अहम द्विपक्षीय बैठक हुई। बैठक का सबसे बड़ा ऐलान नेपाल के लिए 15,000 करोड़ रुपये के विकास पैकेज का रहा। इसके अलावा दोनों देशों ने आठ समझौतों (MoUs) पर साइन किए। इस दौरान अयोध्या से नेपाल के जनकपुर को जोड़ने वाली नई ट्रेन सेवा को भी हरी झंडी दिखाई
Balendra Shah India Visit: प्रधानमंत्री मोदी ने नेपाल के लिए 24,000 करोड़ नेपाली रुपये के विकास पैकेज की घोषणा की है
Balendra Shah India Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह के साथ विभिन्न मुद्दों पर सोमवार (23 नवंबर) को व्यापक वार्ता के बाद पड़ोसी के देश के लिए 24,000 करोड़ नेपाली रुपये (भारतीय रुपये में 15,000 करोड़) के विकास पैकेज की घोषणा की। दोनों नेताओं के बीच वार्ता में द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले किए गए। दोनों नेताओं ने नेपाल में भारत की सहायता से शुरू की गई कई परियोजनाओं की डिजिटल माध्यम से आधारशिला रखी। इस दौरान भगवान श्रीराम की नगरी उत्तर प्रदेश के अयोध्या एवं नेपाल के माता सीता की जन्मभूमि जनकपुर धाम के बीच सीमा पार यात्री रेल सेवा को हरी झंडी दिखाई।
शाह द्विपक्षीय संबंधों को नई गति देने के उद्देश्य से रविवार को दो दिवसीय यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे थे। भारत और नेपाल के बीच लंबे समय से जारी सीमा विवाद को सुलझाने की प्रक्रिया में चीन और ब्रिटेन को शामिल करने संबंधी शाह की मई में की गई टिप्पणियों के बाद दोनों देशों के संबंधों में कुछ तनाव आ गया था। नेपाल के प्रधानमंत्री ने मीडिया के समक्ष अपने बयान में कहा, "भारत और नेपाल के संबंध हिमालय की तरह मजबूत और महासागरों की तरह विशाल हैं।"
मार्च 2026 में पदभार संभालने के बाद से भारत की यह शाह की पहली आधिकारिक द्विपक्षीय यात्रा है। इससे पहले दिन में पीएम मोदी ने उच्च-स्तरीय द्विपक्षीय बातचीत के लिए हैदराबाद हाउस में अपने नेपाली समकक्ष का स्वागत किया। शाह ने कहा कि आपसी सम्मान, अटूट विश्वास और निरंतर सद्भावना दोनों देशों के संबंधों की आधारशिला हैं। पीएम मोदी ने भी अपने संबोधन में भारत-नेपाल संबंधों की मजबूती का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत पड़ोसी देश के विकास एवं समृद्धि के लिए हरसंभव सहायता देने को प्रतिबद्ध है।
बाढ़ पीड़ितों के लिए स्पेशल पैकेज का ऐलान
प्रधानमंत्री मोदी ने अगस्त में नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ में लोगों के मारे जाने पर भारत की ओर से गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा, "नेपाल के पुनर्निर्माण और दीर्घकालिक विकास को नई मजबूती देने के लिए आज हमने 24,000 करोड़ नेपाली रुपये के विकास सहयोग पैकेज की घोषणा की है।" PM मोदी ने ऊर्जा क्षेत्र में नेपाल को दी जा रही भारत की सहायता का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा, "भारत कई वर्षों से नेपाल को पेट्रोलियम उत्पादों और अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति करने वाला एक भरोसेमंद आपूर्तिकर्ता रहा है। हमारी 'पड़ोसी प्रथम' नीति की भावना के अनुरूप इस वर्ष तेल आपूर्ति से जुड़ी गंभीर चुनौतियों के बावजूद हमने नेपाल को ईंधन, उर्वरक और अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति जारी रखी है।"
दोनों देशों ने स्वास्थ्य और शिक्षा समेत विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए कई समझौतों पर साइन किए। शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के साथ उनकी वार्ता का उद्देश्य नेपाल और भारत के सदियों पुराने संबंधों को और मजबूत एवं आधुनिक बनाना था। नेपाल के प्रधानमंत्री ने कहा, "समय की मांग है कि नेपाल और भारत की स्थायी मित्रता की ठोस नींव पर भविष्य के सहयोग के मजबूत स्तंभ खड़े किए जाएं।" उन्होंने कहा, "मुझे विश्वास है कि आज की वार्ता में हम जिन नतीजों पर पहुंचे हैं, उनसे नेपाल और भारत के संबंध नई ऊंचाइयों पर पहुंचेंगे।"
अयोध्या से जनकपुर तक चलेगी 'सरयू-कमला एक्सप्रेस'
भारत और नेपाल के बीच सांस्कृतिक और धार्मिक संबंधों को मजबूत करने के लिए अयोध्या और नेपाल के जनकपुर धाम के बीच नई ट्रेन सेवा शुरू की गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने सोमवार को संयुक्त रूप से वर्चुअल माध्यम से 'सरयू-कमला एक्सप्रेस (Saryu-Kamala Express)' को हरी झंडी दिखाई। यह ट्रेन उत्तर प्रदेश के अयोध्या धाम को नेपाल के जनकपुर धाम से जोड़ेगी। करीब 604 किलोमीटर की दूरी तय करने में ट्रेन को लगभग 19 घंटे लगेंगे। नियमित सेवा 28 नवंबर 2026 से शुरू होगी। यह दोनों दिशाओं में सप्ताह में एक बार संचालित की जाएगी।
इस रेल सेवा से भारत और नेपाल के श्रद्धालुओं को यात्रा में सुविधा मिलेगी। अयोध्या भगवान राम की जन्मभूमि के रूप में प्रसिद्ध है। जबकि जनकपुर को माता सीता की जन्मस्थली माना जाता है। ऐसे में यह ट्रेन दोनों देशों के धार्मिक पर्यटन और आम लोगों के बीच संपर्क को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। पीएम मोदी ने कहा कि भगवान राम और माता सीता भारत और नेपाल की साझा सभ्यता तथा आस्था के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि सरयू-कमला एक्सप्रेस की शुरुआत दोनों देशों के इस सांस्कृतिक संबंध को नया आयाम देगी।
आठ अहम समझौतों पर हुए हस्ताक्षर
द्विपक्षीय बैठक के दौरान भारत और नेपाल ने आठ समझौतों पर हस्ताक्षर किए। इनका उद्देश्य तकनीक, सुरक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासनिक प्रशिक्षण, कृषि और शहरी विकास जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाना है:-
8 समझौतों इस प्रकार है:-
1. अंतरिक्ष और सैटेलाइट संचार: भारत के ISRO और नेपाल के सूचना एवं संचार मंत्रालय के बीच साउथ एशिया सैटेलाइट के इस्तेमाल के लिए सैटेलाइट कम्युनिकेशन नेटवर्क स्थापित करने पर समझौता हुआ।
2. पुलिस और फॉरेंसिक साइंस: भारत की राष्ट्रीय फॉरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय और नेपाल पुलिस के क्राइम इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट के बीच शैक्षणिक एवं शोध सहयोग बढ़ाया जाएगा।
3. पुलिस प्रशिक्षण: भारत की राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय और नेपाल की नेशनल पुलिस अकादमी के बीच सहयोग का समझौता हुआ।
4. प्रशासनिक प्रशिक्षण: भारत के नेशनल सेंटर फॉर गुड गवर्नेंस और नेपाल के एडमिनिस्ट्रेटिव स्टाफ कॉलेज के बीच नेपाली सिविल सेवकों के प्रशिक्षण को लेकर समझौता किया गया।
5. स्वास्थ्य और चिकित्सा: दोनों देशों के स्वास्थ्य मंत्रालयों के बीच स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी।
6. आयुर्वेद और पारंपरिक चिकित्सा: दोनों देशों ने आयुर्वेद और पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों में सहयोग के लिए सरकारी स्तर पर समझौता किया।
7. सतत शहरी विकास: शहरी विकास से जुड़ी तकनीकी जानकारी और अनुभव साझा करने के लिए समझौता किया गया।
8. पशुधन और मत्स्य पालन: पशुपालन और मत्स्य पालन के क्षेत्र में तकनीकी सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी।