Saryu-Kamala Express Launch: कल से अयोध्या-जनकपुर जाम के बीच दौड़ेगी ट्रेन, पीएम मोदी और नेपाली PM बालेंद्र शाह दिखाएंगे हरी झंडी

Ayodhya-Janakpur Train: भारत और नेपाल के बीच जनकपुर धाम से अयोध्या तक नई साप्ताहिक ट्रेन सेवा शुरू होने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के PM बालेंद्र शाह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इस सेवा को हरी झंडी दिखाएंगे। Saryu-Kamala Express ट्रेन माता सीता की जन्मस्थली माने जाने वाले जनकपुर धाम और भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या को जोड़ेगी

अपडेटेड Nov 22, 2026 पर 11:19 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google

Ayodhya-Janakpur Train Launch: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के उनके पीएम बालेंद्र शाह कल यानी सोमवार (23 नवंबर) को भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या से माता सीता की जन्मभूमि जनकपुर धाम के बीच चलने वाली 'सरयू-कमला एक्सप्रेस' को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी और बालेंद्र शाह दिल्ली से डिजिटल माध्यम से ट्रेन को रवाना करेंगे। उन्होंने बताया कि अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर आयोजित उद्घाटन समारोह में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भी शामिल होने का कार्यक्रम प्रस्तावित है।

19 घंटे में तय होगा सफर

अधिकारियों ने बताया कि अयोध्या में भगवान राम की जन्मस्थली और नेपाल के जनकपुर में माता सीता की जन्मस्थली को जोड़ने वाली यह रेल सेवा 28 नवंबर से यात्रियों के लिए शुरू होगी। अयोध्या कैंट से जनकपुर धाम के बीच करीब 604 किलोमीटर की दूरी ट्रेन से लगभग 19 घंटे में तय की जा सकेगी। इस दौरान यात्रियों को ट्रेन बदलने की जरूरत नहीं होगी।


राज्य सरकार की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या और नेपाल के जनकपुर धाम के बीच सीधे रेल संपर्क को भारत और नेपाल के सदियों पुराने धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक संबंधों को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि अयोध्या और जनकपुर का संबंध केवल दो नगरों का नहीं बल्कि भगवान श्रीराम और माता जानकी की साझा विरासत, आस्था और परंपराओं का संबंध है।

मुख्यमंत्री ने इस रेल सेवा को रामायण कालीन संबंधों को नई मजबूती देने वाला बताते हुए कहा कि भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर धाम के बीच सीधा रेल संपर्क स्थापित होने से दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक एकता और आपसी विश्वास और गहरा होगा। उन्होंने कहा कि इससे श्रद्धालुओं को राम-जानकी से जुड़े दोनों प्रमुख तीर्थस्थलों की यात्रा करने में सहूलियत होगी।

सप्ताह में एक दिन चलेगी ट्रेन

बयान के मुताबिक, ट्रेन सप्ताह में एक दिन संचालित होगी। यह अयोध्या कैंट से प्रत्येक सोमवार शाम पांच बजकर 50 मिनट पर रवाना होकर मंगलवार दोपहर 12 बजकर 40 मिनट पर नेपाली समय के अनुसार जनकपुर धाम पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन प्रत्येक शनिवार दोपहर एक बजकर 10 मिनट पर जनकपुर से रवाना होकर रविवार सुबह आठ बजकर 10 मिनट पर अयोध्या पहुंचेगी।

10 स्टेशन पर ठहराव

अधिकारियों ने बताया कि 'सरयू-कमला एक्सप्रेस' का संचालन 17 कोच वाले आधुनिक एलएचबी रैक से किया जाएगा। इसमें AC, स्लीपर और अन्य कैटेगरी के कोच शामिल होंगे। ट्रेन को जयनगर, मधुबनी, शीशो, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर, बस्ती, मनकापुर और अयोध्या धाम सहित 10 मध्यवर्ती स्टेशनों पर ठहराव दिया गया है।

बयान के मुताबिक, इस रेल सेवा से रामायण सर्किट के तहत धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ ही उत्तर प्रदेश, बिहार और नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों में व्यापार, स्थानीय आर्थिक गतिविधियों और रोजगार के अवसरों को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे और कार्यक्रम की तैयारियों के मद्देनजर जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।

राम की नगरी से माता सीता की जन्मस्थली तक जाने वाली ट्रेन की 10 बड़ी बातें

1. दो धार्मिक नगरों को जोड़ेगी ट्रेन

अयोध्या (उत्तर प्रदेश) से जनकपुर धाम (नेपाल) तक सीधी रेल सेवा शुरू होगी।

2. करीब 604 किलोमीटर की दूरी

Saryu-Kamala Express ट्रेन अयोध्या कैंट से जनकपुर धाम तक लगभग 604 किलोमीटर का सफर तय करेगी।

3. 23 नवंबर को पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन

स्पेशल ट्रेन का उद्घाटन 23 नवंबर को अयोध्या से तय है। जबकि 24 नवंबर को जनकपुर से वापसी सेवा चलेगी। यह रेल सेवा 28 नवंबर से आम यात्रियों के लिए शुरू होगी।

4. पीएम मोदी और बालेंद्र शाह करेंगे शुभारंभ

रिपोर्टों के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह इस सेवा का उद्घाटन करेंगे।

5. यूपी और बिहार के शहरों को फायदा

ट्रेन मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शीशो, मधुबनी और जयनगर से होकर गुजरेगी।

6. रामायण सर्किट को मिलेगा बढ़ावा

इससे राम जन्मभूमि अयोध्या और माता जानकी की जन्मस्थली जनकपुर के बीच श्रद्धालुओं की आवाजाही आसान होगी।

7. सप्ताह में सिर्फ एक दिन चलेगी

भारतीय रेलवे के मुताबिक, नियमित सेवा के लिए जनकपुर से शनिवार और अयोध्या कैंट से सोमवार को ट्रेन चलाने का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है।

8. ट्रेन में होंगे 17 कोच

स्पेशल ट्रेन में 17 कोच लगाए जाने की जानकारी सामने आई है।

9. पर्यटन और कारोबार को फायदा

रेलवे के मुताबिक, इससे दोनों देशों के सीमावर्ती इलाकों में पर्यटन, होटल कारोबार, स्थानीय व्यापार और रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।

10. भारत-नेपाल रिश्तों को भी मिलेगी मजबूती

जानकारों का कहना है कि यह ट्रेन दोनों देशों के ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक संबंधों को नई मजबूती देने की दिशा में अहम कदम है।

ये भी पढ़ें- Ayodhya-Janakpur Train: भारत-नेपाल की दोस्ती को मिलेगी रफ्तार! मधुबनी से गोरखपुर तक ये होंगे स्टॉपेज

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।