India-Pakistan Relations: पहलगाम आतंकी हमले के करीब 19 महीने बाद शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के लिए नई दिल्ली आए पाकिस्तानी मंत्री मुसादिक मसूद मलिक ने आतंकवाद के मुद्दे पर ऐसा बयान दिया है, जिसने एक बार फिर भारत-पाकिस्तान के रिश्तों को चर्चा में ला दिया है। नई दिल्ली में भारतीय पत्रकारों के सवाल पर पाकिस्तानी जलवायु परिवर्तन मंत्री ने आतंकवाद से जुड़े सवाल का जवाब देते हुए कहा कि उन्हें इस मुद्दे पर सवाल पूछने के लिए आमंत्रित नहीं किया गया है। इस दौरान कई पत्रकारों ने जब एक साथ सवाल पूछना शुरू किया तो मुसादिक मसूद मलिक ने कहा, 'इतनी ऊंची आवाज में क्यों बात कर रहे हैं भाई?' उन्होंने कहा कि आप जो सवाल पूछ रहे हैं वो जरूर पूछें, मगर आवाज क्यों ऊंचा कर रहे हैं?
उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ सबूतों के आधार पर बातचीत करने और दोनों देशों की ओर से साक्ष्य पेश करने की बात भी कही। उन्होंने कहा, "आप अपने सबूत लाइए, हम अपने सबूत लाएंगे।" मलिक ने कहा, "मैं आपको एक ठोस और स्पष्ट जवाब दे रहा हूं। जब भी बातचीत करनी होगी, वह सबूतों पर आधारित होगी और जरूर होगी।" उन्होंने कहा कि हमने कई मौकों पर अलग-अलग मंचों पर यह कहा है कि सबूत द्विपक्षीय रूप से पेश किए जा सकते हैं। मलिक ने कहा कि हमने यह भी सुझाव दिया है कि इसे बहुपक्षीय रूप से भी सुलझाया जा सकता है। आप अपने सबूत लाएं, और हम अपने सबूत लाएंगे।
मुसादिक मलिक ने पत्रकारों से लंबी बातचीत करते हुए कहा, "देखें बात यह है कि मैंने कल भी आपके सामने कहा कि जब भी इस पर बात होगी... बात एविडेंस के जरिए होगी। और मेरी तो ख्वाहिश यह है कि पूरे इलाके में, क्योंकि पूरा इलाका अब इसकी लपेट में आ चुका है। मैंने कल आप लोगों को बताया, हालांकि मैं इन चीजों पर इस वक्त बात करने यहां नहीं आया कि इस वक्त हमारे यहां तो हजारों लोग शद्दत पसंदी और दहशतगर्दी का शिकार हो चुके हैं। हम अपने लोगों की हिफाजत कर रहे हैं जैसे-तैसे करके। रोज हमारे यहां शहादतें होती हैं, रोज हम उन्हें कंधा देते हैं, रोज हम रोते हैं, रोज हमें पता चलता है कि कहां के सिरे, कहां जा मिल रहे हैं।"
'आप अपने सबूत लाइए, हम अपने सबूत लाएंगे'
आतंकवाद पर आगे पूछे गए सवालों के जवाब में मुसादिक मलिक ने कहा कि इस मुद्दे पर द्विपक्षीय और बहुपक्षीय दोनों स्तरों पर बातचीत की जा सकती है। उन्होंने कहा कि जब भी बातचीत होगी, वह सबूतों के आधार पर होनी चाहिए। मलिक ने दावा किया कि पाकिस्तान पहले भी अलग-अलग मंचों पर इस तरह की चर्चा का सुझाव दे चुका है। उन्होंने कहा, 'आप अपने सबूत लाइए और हम अपने सबूत लाएंगे।'
पाक मंत्री ने कहा, "इसका (आतंकवाद का) हल करने का एक ही तरीका है और वो यह है कि हम ट्रांसपेरेंटली तमाम शहादतें, तमाम सबूत एक-दूसरे के सामने लेकर आएं। कोई एक ऐसा फोरम क्रिएट करें जिस पर एविडेंस जो है उसे सामने लाया जाए और उसकी बुनियाद पर हर चीज का जवाब दिया जाए। इस वक्त ईरान के अंदर भी बहुत से मसाइल हैं, अफगानिस्तान में भी बहुत से मसाइल हैं, आपके यहां भी बहुत से मसाइल होंगे, हमारे यहां तो बहुत मसाइल हैं। हम तो रोज अपने बच्चों की शहादतें दे रहे हैं। दहशतगर्दी की वजह से...।"
पाक का बताया आतंक का शिकार
मलिक ने आगे कहा,"तो अगर किसी को दहशतगर्दी से गरज है तो सबसे ज्यादा गरज इस वक्त हमें है। इस वजह से हम तो यह चाहते हैं कि एविडेंस की बुनियाद पर तमाम चीजें सामने आएं और तमाम लोग मिल-जुलकर इस दहशतगर्दी का मुकाबला भी करें और इस दहशतगर्दी को खत्म भी करें। मैं आपको एक स्टेबल जवाब दे रहा हूं भाई कि जिस वक्त भी बात करनी होगी, बात एविडेंस की बुनियाद पर होगी और जरूर होगी। और मैं आपको बार-बार कह रहा हूं कि आपके भी कुछ होंगे मसाइल, हमारे मसाइल आपसे बहुत बढ़ के हैं और हमें भी बहुत से एविडेंस जो हैं वो चाहिए।"
मुझे यह पूछने के लिए नहीं बुलाया गया
News18 India की ओर से आतंकवाद को लेकर सवाल पूछे जाने पर मलिक ने यह भी कहा कि उनसे ऐसा सवाल किया जा रहा है, जिस पर जवाब देने के लिए उन्हें यहां बुलाया नहीं किया गया था। उन्होंने कहा कि जब भी द्विपक्षीय बातचीत के लिए बुलाया जाएगा, पाकिस्तान उसमें शामिल होगा। उनकी इस टिप्पणी को लेकर चर्चा शुरू हो गई है, क्योंकि एक तरफ उन्होंने आतंकवाद पर बातचीत और सबूत साझा करने की बात कही। वहीं, दूसरी तरफ सवाल पूछे जाने पर अपनी आपत्ति भी जताई।