Marriage-Dowry News: हरियाणा से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां दिल्ली पुलिस में कार्यरत एक दूल्हे पर कथित तौर पर दहेज में ब्रेजा कार नहीं मिलने पर शादी तोड़ने का आरोप लगा है। यह मामला सोनीपत का बताया जा रहा है। आरोप है कि दिल्ली पुलिस में तैनात दूल्हे कुलदीप को दुल्हन के परिवार की ओर से बुक कराई गई करीब 9.5 लाख रुपये की हुंडई ऑरा पसंद नहीं आई। वह शादी में 13 लाख रुपये की मारुति ब्रेजा कार मांग रहा था। मांग पूरी नहीं होने पर दूल्हा कथित तौर पर अपनी मां के साथ शादी समारोह से लौट गया।
उधर, दुल्हन शादी के जोड़े में मंडप पर बैठी दूल्हे का इंतजार करती रह गई। पीड़ित परिवार ने पुलिस में शिकायत देकर दूल्हे और उसके परिजनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। लड़की पक्ष ने लाखों रुपये खर्च होने का दावा करते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
Brezza के लिए अड़ गया दूल्हा!
NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना 20 नवंबर को सोनीपत के मामचंद वाटिका में हुई। दुल्हन के पिता सुभाष कुमार का आरोप है कि दिल्ली पुलिस में तैनात दूल्हा कुलदीप ने लगभग 13 लाख रुपये की मारुति ब्रेजा कार (Maruti Brezza car) की मांग की। जबकि दुल्हन के परिवार ने उसके लिए पहले ही लगभग 9.5 लाख रुपये की हुंडई ऑरा (Hyundai Aura) बुक कर दी थी। दुल्हन के परिवार ने पुलिस से संपर्क कर दूल्हे और उसके परिवार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पिता का दावा है कि उन्होंने शादी की तैयारियों पर 25 से 30 लाख रुपये खर्च किए थे।
6 महीने पहले तय हुई थी शादी
रिपोर्ट के अनुसार, सुभाष ने अपनी बेटी हीना की शादी कुलदीप के साथ करीब छह महीने पहले तय की थी। यह शादी 20 नवंबर को होनी थी। पिता का आरोप है कि रिश्ता पक्का होने के बाद ही दूल्हे पक्ष की ओर से कार और गहनों की मांगें आने लगी थी। सुभाष ने पुलिस को दिए अपनी शिकायत में बताया कि उन्होंने दूल्हे के लिए पहले ही लगभग 9.5 लाख रुपये की कार बुक कर दी थी। लेकिन शादी से एक दिन पहले उन्हें बिचौलियों के जरिए पता चला कि कुलदीप इस कार से खुश नहीं है। उन्होंने बताया कि उसे मारुति ब्रेजा चाहिए।
गहनों और अन्य सामान की मांग भी बढ़ गई
इसके बाद, परिवार ने पुरानी बुकिंग रद्द कर दी और ब्रेजा की तलाश शुरू कर दी। लेकिन शादी बिल्कुल करीब होने के कारण वे समय पर वह गाड़ी नहीं खरीद पाए। पिता का कहना है कि जिस ब्रेज़ा की मांग की गई थी, उसकी कीमत लगभग 13 लाख रुपये थी। आरोप सिर्फ कार तक ही सीमित नहीं थे। सुभाष ने बताया कि उनका परिवार दूल्हे के लिए दो तोले की सोने की चेन, उसकी मां के लिए चार तोले के सोने के झुमके और चांदी की पायल देने के लिए भी राजी हो गया था। उन्होंने आगे आरोप लगाया कि दूल्हे के बड़े भाई और भाभी के लिए भी गहनों की मांग की गई थी। इसके बाद दुल्हन के परिवार ने उन गहनों का ऑर्डर भी दे दिया था।
ब्रेजा नहीं मिलने पर भड़का दूल्हा
शादी के लिए फर्नीचर और घर का अन्य सामान भी मंगाया गया था। पिता का दावा है कि अकेले फर्नीचर पर ही लगभग 1.32 लाख रुपये का खर्च आया था। शादी के दिन दुल्हन के परिवार ने मामचंद वाटिका में भव्य इंतजाम किए थे, जिसमें लगभग 1,200 मेहमानों के लिए खाने-पीने की व्यवस्था भी शामिल थी। लेकिन, पूरी बारात के साथ आने के बजाय कुलदीप अपनी मां के साथ साधारण कपड़ों में वहां पहुंचा और ब्रेजा कार के बारे में पूछने लगा।
जब वह गाड़ी वहां नहीं मिली, तो दोनों परिवारों के बीच बहस हो गई। सुभाष का आरोप है कि दूल्हे ने दुल्हन के परिवार वालों को अपशब्द कहे। उन्होंने हिना के भाई साहिल के साथ भी झगड़ा किया। उन्होंने बताया कि रिश्तेदारों ने बार-बार हाथ जोड़कर कुलदीप और उसकी मां से शादी की रस्में पूरी करने की विनती की। लेकिन उन्होंने मना कर दिया और वहां से चले गए।
मंडप में इंतजार करती रही दुल्हन
इस बीच, दुल्हन अपने शादी के जोड़े में मंडप पर ही बैठी रही और दूल्हे का इंतजार करती रही। लेकिन वह वापस नहीं आया। पिता ने यह भी बताया कि दूल्हे पक्ष से केवल 20-30 लोग ही वहां पहुंचे थे। दूल्हे के चले जाने के बाद दुल्हन पक्ष के कई मेहमान भी बिना खाना खाए ही वहां से चले गए। इससे लड़की पक्ष को न केवल आर्थिक नुकसान हुआ। बल्कि उन्हें शर्मिंदगी भी उठानी पड़ी। इस घटना के बाद दोनों पक्षों ने 'डायल 112' के जरिए पुलिस को इसकी जानकारी दी। इसके बाद सुभाष ने पुलिस थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने कुलदीप तथा उसके परिवार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पिता ने बताया कि हिना ने MA और JBT की पढ़ाई की है। परिवार ने अपनी आर्थिक क्षमता के अनुसार शादी के सभी इंतजाम किए थे। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, दूल्हे की तरफ से शादी समारोह में करीब 20 से 30 लोग ही पहुंचे थे। दूल्हे के वहां से चले जाने के बाद लड़की पक्ष के कई मेहमान भी बिना खाना खाए वापस लौट गए। खबर लिखे जाने पर पुलिस और लड़की पक्ष की ओर से लगाए गए आरोपों पर दूल्हे एवं उसके परिवार का पक्ष भी सामने नहीं आया है।