UP पुलिस से कैसे हुई इतनी बड़ी गलती? जज की जगह असदुद्दीन ओवैसी को दे दिया 'गार्ड ऑफ ऑनर'; मीम्स की आई बाढ़

Owaisi Guard of Honour Row: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर स्थित सर्किट हाउस में यूपी पुलिस की अजीबोगरीब चूक सामने आई है। सुप्रीम कोर्ट के एक जज को 'गार्ड ऑफ ऑनर' देने के लिए तैनात पुलिसकर्मियों ने गलती से AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी को सलामी दे दी। ओवैसी अपने गठबंधन सहयोगी चंद्रशेखर आजाद के साथ सर्किट हाउस पहुंचे थे। ओवैसी ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि पुलिस ने सलामी क्यों दी, पुलिसकर्मियों के कहने पर वह खड़े हो गए

अपडेटेड Nov 22, 2026 पर 5:04 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Owaisi Guard of Honour Row: असदुद्दीन ओवैसी को 'गार्ड ऑफ ऑनर' देने के मामले में SSP ने SP ग्रामीण को जांच के आदेश दिए हैं

Owaisi Guard of Honour Row: ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रमुख एवं सांसद असदुद्दीन ओवैसी को शनिवार को सहारनपुर के सर्किट हाउस में उत्तर प्रदेश पुलिस ने गलती से 'गार्ड ऑफ ऑनर' दे दिया। पुलिस के एक अधिकारी ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं। सूत्रों के अनुसार, पुलिसकर्मियों ने ओवैसी को सुप्रीम कोर्ट का जज समझ लिया, जिनके यहां आने का कार्यक्रम पहले से निर्धारित था। विवाद बढ़ने के बाद ओवैसी को 'गार्ड ऑफ ऑनर' देने के मामले में SSP ने SP ग्रामीण को जांच के आदेश दिए हैं।

इस संबंध में पुलिस अधीक्षक (नगर) व्योम बिंदल ने 'पीटीआई' को बताया कि उन्हें इस घटना की जानकारी मिली है और पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मयंक पाठक को मामले की जांच सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। ओवैसी को गार्ड ऑफ ऑनर (सलामी गारद) दिए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। ओवैसी ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि पुलिस ने सलामी क्यों दी, पुलिसकर्मियों के कहने पर वह खड़े हो गए थे।

ओवैसी को समझ लिए जज


सूत्रों ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के एक जज के आगमन की तैयारी के लिए पुलिस टीम सुबह ही सर्किट हाउस पहुंच गई थी। हालांकि, ओवैसी के वहां पहुंचने तक जज नहीं आए थे। ऐसे में पुलिसकर्मी भ्रमित हो गए और उन्होंने ओवैसी को औपचारिक 'गार्ड ऑफ ऑनर' दे दिया।

स्थानीय जानकारी के अनुसार, ओवैसी का सर्किट हाउस जाना उनके निर्धारित कार्यक्रम का हिस्सा नहीं था। वह अचानक वहां पहुंच गए थे। ओवैसी के साथ आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद भी जिले में मौजूद थे। दोनों नेता 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस करने के लिए सहारनपुर पहुंचे थे।

यूजर्स ने लिए मजे

एक यूजर ने ओवैसी की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, "अद्भुत देश है अपना.. उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में सहारनपुर में आज AIMIM के ओवैसी आए! गेस्ट हाउस गए! वही आज सुप्रीम कोर्ट के एक जज को भी आना था! वहां पुलिस की तैनाती थी जज को गार्ड ऑफ ऑनर देने के लिए!लेकिन पुलिस ने पहले से आए ओवैसी को ही गार्ड ऑफ़ ऑनर दे दिया! उन्होंने सलामी भी ले ली! फिर वहां से निकल गए।"

एक अन्य ने लिखा, "जज के लिए था 'गार्ड ऑफ ऑनर'...लेकिन यूपी पुलिस ने ओवैसी को दे दी सलामी..." एक तीसरे यूजर ने लिखा, "अच्छा है ओवैसी को हंसी नहीं आई। बैरिस्टर हैं सब जानते हैं कि गार्ड ऑफ ऑनर किसे दिया जाता है। यूपी पुलिस के लोग ही अनपढ़ हैं। कुछ नहीं जानते कहां क्या किया जाता है।" एक अन्य ने लिखा, "वाह। जज की जगह औवेसी को दिया गार्ड ऑफ ऑनर।"

एक यूजर ने मजे लेते हुए सोशल मीडिया प्लटेफॉर्म X पर लिखा, "ओवैसी साहब अब समझ नहीं पा रहे होंगे कि खुश हों या दुखी! गार्ड ऑफ ऑनर मिलने की खुशी मनाएं या इस बात का दुख कि पुलिस भी उन्हें पहचान नहीं पा रही है।" एक ने लिखा, "पुलिस वाले समझ नहीं पाए और ओवैसी को ही गलती से गार्ड ऑफ ऑनर दे दिया। असदुद्दीन ओवैसी भी ऐसे खड़े रहे जैसे दूल्हा ससुराल में खड़ा हो और उसका स्वागत हो रहा हो। जज साहब भी क्या सोचेंगे?"

ये भी पढ़ें- 'नीतीश सेतु' पर सियासी बवाल! PM मोदी के उद्घाटन के कुछ ही घंटों बाद RJD समर्थकों ने फाड़े NDA के पोस्टर, लालू-तेजस्वी यादव के समर्थन में लगाए नारे

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।