India-Pakistan Relations: 'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच बातचीत अभी तक बहाल नहीं हो पाई है। इस बीच, पाकिस्तान की ओर से भारत के साथ संवाद को लेकर एक बड़ा बयान सामने आया है। पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण समन्वय मंत्री मुसादिक मसूद मलिक ने साझा सांस्कृतिक और ऐतिहासिक संबंधों को स्वीकार करते हुए भारत-पाक के बीच अलग-अलग पहचानों का सम्मान करने की जरूरत पर जोर दिया है। मलिक ने नई दिल्ली में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के सभ्यतागत संवाद मंच पर विभिन्न सभ्यताओं के बीच बातचीत को जरूरी बताया है।
उन्होंने विविध पहचानों का सम्मान करने के साथ-साथ साझा सांस्कृतिक और ऐतिहासिक संबंधों को स्वीकार करने पर जोर दिया। पाकिस्तानी मंत्री का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब भारत और पाकिस्तान के बीच रिश्ते तनावपूर्ण बने हुए हैं। हालांकि, उन्होंने सीधे तौर पर भारत के साथ द्विपक्षीय बातचीत दोबारा शुरू करने की कोई घोषणा नहीं की। लेकिन उनके बयान को क्षेत्रीय संवाद और सांस्कृतिक संबंधों के संदर्भ में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पहलगाम में 2025 में हुए हमले के बाद से भारत और पाकिस्तान के बीच संबंधों में जारी तनाव के बीच पाकिस्तान के मंत्री पहली बार भारत की यात्रा पर आए हैं।
दिल्ली में SCO मंच से दिया संवाद का संदेश
नई दिल्ली में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन के सभ्यतागत संवाद मंच में शामिल हुए मुसादिक मसूद मलिक ने कहा कि विभिन्न सभ्यताओं के बीच बातचीत जरूरी है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि अलग-अलग पहचानों और विविधताओं का सम्मान किया जाना चाहिए। शनिवार को संस्कृति मंत्रालय की ओर से जारी बयान में पाकिस्तानी मंत्री की टिप्पणियों का उल्लेख किया गया। मंत्रालय के मुताबिक, मलिक ने कहा कि विविधताओं के बीच ही संवाद होता है। उनकी यह टिप्पणी ऐसे समय में सामने आई है, जब भारत और पाकिस्तान के बीच कूटनीतिक बातचीत को लेकर कोई नई पहल सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आई है।
गजेंद्र सिंह शेखावत से भी हुई पाकिस्तानी मंत्री की बातचीत
SCO सभ्यतागत संवाद मंच के उद्घाटन के पहले दिन यानी शुक्रवार को पाकिस्तानी मंत्री मुसादिक मसूद मलिक ने केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से भी बातचीत की थी। संस्कृति मंत्रालय के अनुसार, इस बातचीत के दौरान मलिक ने क्षेत्र की साझा ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इतिहास और संस्कृति की विभिन्न परतें हजारों सालों से इस क्षेत्र की जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा रही हैं। उनकी इस टिप्पणी में क्षेत्र के देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे सांस्कृतिक और ऐतिहासिक जुड़ाव पर जोर दिया गया।
संबोधन के दौरान हुमायूं और शेरशाह का किया जिक्र
मुसादिक मलिक ने नई दिल्ली स्थित शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के सभ्यतागत संवाद मंच में संबोधन के दौरान मुगल सम्राट हुमायूं और शेरशाह सूरी का जिक्र किया। दोनों शासकों का दिल्ली के पुराना किला के निर्माण से जुड़ाव रहा है। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक किला अपने आप में इतिहास की कई परतों की कहानी समेटे हुए है। भारत ऐतिहासिक पुराना किला परिसर में तीन दिवसीय सभ्यतागत शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार शाम को इसका उद्घाटन किया था। इस अवसर पर पाकिस्तान के मलिक सहित एससीओ के विभिन्न सदस्य देशों के प्रतिनिधि मौजूद थे। पाकिस्तान के मंत्री ने कहा, "यह पुराना किला, जहां हम बैठे हैं, अपने आप में एक कहानी है। इस किले की नींव हुमायूं ने रखी थी, जिनका संबंध तैमूर वंश से था और जो मध्य एशिया से आए थे। इसके बाद अफगान शासक शेरशाह सूरी ने इसका निर्माण आगे बढ़ाया। 'एक दीवार, दो प्रतिद्वंद्वी' यानी दो शासक और एक किला, यानी इतिहास की दो परतें और एक खाई।"