Delhi Traffic Police Advisory for Monday: दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, सोमवार को राजघाट पर VIP मूवमेंट और सेंट्रल व नॉर्थ दिल्ली में एक धार्मिक शोभायात्रा के मद्देनजर कई स्थानों पर यातायात प्रतिबंध और डायवर्जन लागू किए जाएंगे। ऐसे में यात्रियों को जाम से बचने के लिए अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाने की सलाह दी गई है।
राजघाट पर VIP मूवमेंट: सुबह 10 से 11 बजे तक इन रास्तों पर असर
महात्मा गांधी स्मृति स्थल, राजघाट पर VIP मूवमेंट के चलते मौजूदा यातायात स्थितियों के आधार पर सुबह 10:00 बजे से 11:00 बजे के बीच आवश्यकतानुसार ट्रैफिक रेगुलेशन और डायवर्जन लागू किया जा सकता है।
प्रभावित प्रमुख चौराहे और स्थान: ITO चौक, दिल्ली गेट, गुरु नानक चौक, शांतिवन चौक, राजघाट DTC डिपो और IP फ्लाईओवर।
इन मार्गों पर यातायात रहेगा नियंत्रित
यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे एडवाइजरी अवधि के दौरान यथासंभव इन प्रभावित मार्गों से बचें और पर्याप्त अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें।
सुबह 10 बजे से सेंट्रल और नॉर्थ दिल्ली में डायवर्जन
इसके अलावा, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश गुरपुरब के अवसर पर दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (DSGMC) द्वारा सोमवार को आयोजित किए जा रहे नगर कीर्तन के लिए भी एक अलग एडवाइजरी जारी की है। शोभायात्रा की आवाजाही और यातायात की स्थिति के आधार पर सेंट्रल और नॉर्थ दिल्ली में सुबह 10:00 बजे से चरणबद्ध तरीके से ट्रैफिक प्रतिबंध और डायवर्जन लागू होंगे।
कहां से कहां तक निकलेगा नगर कीर्तन?
यह शोभायात्रा चांदनी चौक स्थित गुरुद्वारा शीश गंज साहिब से शुरू होगी और फतेहपुरी, खारी बावली, नया बाजार चौक, पीली कोठी रोड, पुल मिठाई, जोरावर सिंह मार्ग, बर्फ खाना चौक, पुल बंगश मेट्रो स्टेशन, रोशनारा रोड, घंटा घर और शक्ति नगर चौक से होते हुए जीटी करनाल रोड स्थित गुरुद्वारा नानक प्याऊ साहिब पर संपन्न होगी।
इन इलाकों और सड़कों पर रहेगा डायवर्जन
चांदनी चौक, टाउन हॉल, फतेहपुरी, खारी बावली, श्यामा प्रसाद मुखर्जी मार्ग, कुतुब रोड चौक, पुल डफरिन, पुल मिठाई, जोरावर सिंह मार्ग, बर्फ खाना चौक, रानी झांसी फ्लाईओवर, सब्जी मंडी, पुल बंगश, रोशनारा रोड, रोशनारा पार्क, घंटा घर, शक्ति नगर चौक, नागिया पार्क गोल चक्कर, रूप नगर और गुरुद्वारा नानक प्याऊ साहिब की ओर जाने वाला जीटी करनाल रोड।
यात्रियों के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की जरूरी सलाह
ट्रैफिक पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे यथासंभव शोभायात्रा वाले मार्गों और राजघाट के आसपास के इलाकों से बचें। किसी भी असुविधा से बचने के लिए सार्वजनिक परिवहन का अधिक से अधिक उपयोग करें, यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर चलें और सड़कों पर तैनात ट्रैफिक कर्मियों के निर्देशों का पालन करें।