Delhi Crime: जामा मस्जिद थाने में 5 पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला, बाइक भी लेकर हुआ फरार, फायरिंग के बाद नबील गिरफ्तार

Delhi Crime: राजधानी दिल्ली के जामा मस्जिद पुलिस स्टेशन में सोमवार (23 नवंबर) दोपहर पूछताछ के दौरान नबील नाम के व्यक्ति ने चाकू से पांच पुलिसकर्मियों पर थाने के अंदर ही हमला कर दिया। आरोपी मां और बहन से जुड़े पारिवारिक विवाद के मामले में पूछताछ के लिए आया था। हमले के बाद वह बाइक लेकर फरार हो गया। बाद में पुलिस ने गोलीबारी के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया

अपडेटेड Nov 23, 2026 पर 7:08 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Delhi Crime: जामा मस्जिद पुलिस स्टेशन के अंदर पुलिसकर्मियों पर हमले का चौंकाने वाला मामला सामने आया है

Delhi Crime: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जामा मस्जिद पुलिस स्टेशन के अंदर पूछताछ के दौरान एक व्यक्ति ने चाकू से पांच पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। हमले में पुलिसकर्मी घायल हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी थाने से फरार हो गया। भागने के लिए कथित तौर पर एक दोपहिया मोटरसाइकिल भी चुरा लिया। बाद में पुलिस की टीम ने उसे पकड़ने की कोशिश की तो उसने दोबारा पुलिसकर्मियों पर हमला करने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस ने उसे रोकने के लिए गोली चलाई। आरोपी की पहचान नबील के रूप में हुई है। उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस को मजबूरन चलानी पड़ी गोली

पुरानी दिल्ली के जामा मस्जिद थाने में सोमवार दोपहर पारिवारिक विवाद के सिलसिले में पूछताछ के लिए बुलाए गए एक व्यक्ति ने पुलिसकर्मियों पर कथित रूप से चाकू से हमला कर दिया, जिसमें पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। बाद में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद उसे पकड़ लिया। पुलिस ने बताया कि हमला करने के बाद थाने से भाग गए आरोपी को पकड़ने के लिये जब पुलिस की टीम भीड़भाड़ वाले इलाके की गली हवेली आजम खान पहुंची, तो उसने दल पर फिर हमला कर दिया। इसके चलते पुलिस को गोली चलानी पड़ी, जिसमें वह घायल हो गया।


पुलिसकर्मियों के गर्दन और चेहरे पर लगी चोट

मध्य दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (DCP) रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि घटना करीब ढाई बजे की है, जब नबील नाम के व्यक्ति को उसकी मां और बहन से जुड़े पारिवारिक विवाद की शिकायत के संबंध में जामा मस्जिद थाने बुलाया गया था। उन्होंने बताया कि इसी दौरान उसने अचानक चाकू से पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया, जिसमें पांच पुलिसकर्मियों के गर्दन और चेहरे पर चोटें आईं। अधिकारी ने बताया कि घायलों को पहले संजीवन अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें आगे के इलाज के लिए सर गंगाराम अस्पताल भेज दिया गया।

बाइक चुराकर हुआ फरार

पुलिस ने बताया कि हमले के बाद आरोपी थाने से फरार हो गया। इतना ही नहीं भागने के लिए उसने थाने से ही एक दोपहिया वाहन भी लूट लिया। डीसीपी ने बताया कि मध्य जिले की ‘ऑपरेशंस यूनिट’ की टीम ने उसका पीछा करते हुए उसे भीड़भाड़ वाले चितली कबर इलाके की गली हवेली आजम खान में ढूंढ निकाला। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को पकड़ने की कोशिश के दौरान उसने पुलिसकर्मियों पर फिर हमला किया, जिसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी को काबू में करने के लिए गोली चलाई।

डीसीपी ने बताया कि इस दौरान आरोपी को गोली लगी है और उसे पास के अस्पताल ले जाया गया है। आरोपी को गोली लगी है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस बीच, DCP सेंट्रल रोहित राजबीर सिंह सोमवार शाम सर गंगा राम अस्पताल पहुंचे, जहां मुठभेड़ के बाद दिल्ली पुलिस के पांच घायल जवान और आरोपी नबील भर्ती है।

ये भी पढ़ें- Dhruv Rathee: यूट्यूबर ध्रुव राठी होंगे गिरफ्तार? दिल्ली कोर्ट ने जारी किया गैर-जमानती वारंट, क्या है मामला?

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।