'और क्या गोली चल रही है यहां?'; यूपी चुनाव में 'कैटेगरी A' की 60 सीटों पर अड़ी कांग्रेस! अब राम गोपाल यादव का आया बड़ा बयान

UP Elections 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी (SP) और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग को लेकर बातचीत शुरू हो गई है। कांग्रेस ने सपा को 181 सीटों की सूची सौंपी है। कम से कम 60 'A कैटेगरी' सीटों पर चुनाव लड़ने की मांग पर अड़ी हुई है। पार्टी इन सीटों पर किसी बड़े समझौते के मूड में नहीं है

अपडेटेड Nov 23, 2026 पर 1:17 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
UP Elections 2027: यूपी चुनाव के लिए सपा और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग को लेकर बातचीत आज से शुरू हो गई है

UP Elections 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर लखनऊ से लेकर दिल्ली तक सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी (SP) और उसकी सहयोगी कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत आज यानी सोमवार (23 नवंबर) से शुरू हो गई है। हालांकि, इस बातचीत में कांग्रेस ने अपना रुख पहले ही स्पष्ट कर दिया है। कांग्रेस कम से कम 60 'A कैटेगरी' सीटों पर चुनाव लड़ने की मांग को लेकर अडिग है।

सोमवार को समाजवादी पार्टी के साथ सीट-बंटवारे पर होने वाली बातचीत से पहले कांग्रेस सूत्रों ने CNN-News18 को बताया कि पार्टी 2027 के उत्तर प्रदेश चुनावों में 'कैटेगरी A' की कम से कम 60 सीटों पर चुनाव लड़ने के अपने रुख पर अडिग है। यह मांग तब फिर से सामने आई जब उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए सीट-बंटवारे पर चर्चा करने के लिए समाजवादी पार्टी के नेता नई दिल्ली में कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी के आवास पर पहुंचे हैं।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को बातचीत के लिए चार सदस्यीय पैनल का गठन किया। इस पैनल में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव राम गोपाल यादव, उत्तर प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, घोसी से सपा सांसद राजीव राय और कैराना से सांसद इकरा चौधरी शामिल हैं। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व उत्तर प्रदेश कांग्रेस की नवनियुक्त अध्यक्ष आराधना मिश्रा करेंगी। इस प्रतिनिधिमंडल में पार्टी के महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल, दिल्ली के पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता राजेंद्र पाल गौतम, तथा सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद भी शामिल होंगे।


प्रमोद तिवारी के घर दिग्गजों का जमावड़ा

सूत्रों ने CNN-News18 को बताया कि सीटों को लेकर बातचीत के लिए प्रमोद तिवारी के आवास पर जाने से पहले दोनों दलों ने अपनी-अपनी एक अलग से आंतरिक बैठकें कीं। सूत्रों के अनुसार, अपनी आंतरिक बैठक में कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी को अलग-अलग कैटेगरी की 181 सीटों की एक लिस्ट सौंपी। सूत्रों ने CNN-News18 को बताया, "'कैटेगरी A' सीटों को लेकर कांग्रेस का रुख लगभग फाइनल है। इन सीटों पर समझौते की बहुत कम गुंजाइश है। जबकि 'कैटेगरी B' सीटों में कुछ बदलाव हो सकते हैं। वहीं, 'कैटेगरी C' और 'D' सीटों पर कांग्रेस बातचीत के लिए तैयार है।" सूत्रों ने यह भी बताया कि कुल कितनी सीटों पर चुनाव लड़ना है, इसे लेकर पार्टी बहुत सख्त नहीं है। लेकिन वह यूपी में एक "सम्मानजनक हिस्सेदारी" चाहती है।

राम गोपाल यादव का बड़ा बयान

समाजवादी पार्टी के सांसद राम गोपाल यादव सोमवार सुबह उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए दोनों पार्टियों के बीच सीट-बंटवारे पर बातचीत करने के लिए कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी के आवास पर पहुंचे। इस दौरान पत्रकारों से पूछा- 'सर, क्या शांतिपूर्ण बातचीत होगी?' इस पर सपा नेता ने तंज कसते हुए कहा, "नहीं तो क्या यहां गोली चलेंगी? यहां शांतिपूर्ण बातचीत ही होगी।" प्रमोद तिवारी के आवास पर हुई सपा-कांग्रेस सीट शेयरिंग बैठक के बाद राम गोपाल यादव ने कहा, "बहुत ही सौहार्दपूर्ण वातावरण में बैठक हुई। एक दूसरे की बात को सुना और हम जल्द ही इस गठबंधन को आखिरी तक पूरा करके आपको जल्द बताएंगे। 2-3 दिन में हम पूरा कर लेंगे। दूसरी बैठक कल होगी।"

सपा ने आधिकारिक तौर पर चार सदस्यीय समिति गठित की है, जिसकी अध्यक्षता राम गोपाल यादव करेंगे। समिति में प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल तथा सांसद राजीव राय और इकरा चौधरी शामिल हैं। सीट बंटवारे को लेकर दोनों दलों के बीच होने वाली बातचीत में 2024 के लोकसभा चुनाव के नतीजे अहम भूमिका निभा सकते हैं। कांग्रेस 2024 के चुनाव में विपक्षी गठबंधन की सफलता का हवाला देते हुए अधिक सीट की मांग कर रही है।

उस चुनाव में सपा-कांग्रेस गठबंधन ने BJP को झटका देते हुए उत्तर प्रदेश की 80 में से 43 सीटों पर जीत हासिल की थी। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस 2017 के विधानसभा चुनाव में सपा के साथ गठबंधन के तहत मिली 107 सीट का भी हवाला देती रही है। हालांकि, सपा सीटों के बंटवारे में जीतने की संभावना को सबसे महत्वपूर्ण आधार मान रही है।

कांग्रेस ने की 181 सीटों की मांग?

इस बीच, सपा प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा हाल में दिल्ली में एक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस की ओर से 181 सीट की मांग किए जाने की बात कहे जाने के बाद सोशल मीडिया पर सीटों की एक लिस्ट वायरल हुई थी। हालांकि, कांग्रेस ने इस लिस्ट के आधिकारिक होने से इनकार किया है। दोनों दलों ने अभी तक सीट की संख्या को लेकर अपना रुख सार्वजनिक नहीं किया है।

गठबंधन के सामने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बीजेपी को लगातार तीसरी बार सत्ता में आने से रोकने की चुनौती है। सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी और अखिलेश यादव के बीच 16 नवंबर को दिल्ली में सोनिया गांधी की किताब के विमोचन कार्यक्रम के दौरान भी सीट बंटवारे को लेकर संक्षिप्त बातचीत हुई थी।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।