UP चुनाव 2027: अखिलेश यादव ने सीट बंटवारे के लिए बनाई कमेटी! प्रियंका गांधी संभालेंगी कांग्रेस की कमान, दिसंबर तक समझौते की तैयारी

UP Elections 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच समाजवादी पार्टी (SP) के प्रमुख अखिलेश यादव ने कांग्रेस के साथ INDIA गठबंधन में सीट बंटवारे की बातचीत के लिए चार सदस्यीय कमेटी बनाई है। इसमें रामगोपाल यादव, श्यामलाल पाल, राजीव राय और इकरा चौधरी शामिल हैं। वहीं, कांग्रेस की ओर से प्रियंका गांधी वाड्रा के बातचीत की कमान संभालने की जानकारी सामने आई है

अपडेटेड Nov 22, 2026 पर 9:23 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
UP Election 2027: यूपी चुनाव के लिए सपा के साथ सीट बंटवारे के लिए प्रियंका गांधी कांग्रेस की कमान संभालेंगी

UP Elections 2027: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अब राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। समाजवादी पार्टी (SP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कांग्रेस की अगुवाई वाली INDIA गठबंधन में सीटों के बंटवारे की बातचीत के लिए चार सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। इस टीम में पार्टी के दो सांसद और दो वरिष्ठ नेता शामिल हैं। वहीं, कांग्रेस की ओर से प्रियंका गांधी को सीट बंटवारे की बातचीत की जिम्मेदारी दिए जाने की जानकारी सामने आई है। दोनों दलों के बीच सोमवार 23 नवंबर से नई दिल्ली में सीटों को लेकर चर्चा शुरू होने वाली है।

समाजवादी पार्टी ने रविवार 22 नवंबर को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए चार सदस्यीय पैनल के गठन की जानकारी दी। यह कमेटी INDIA गठबंधन के तहत कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे पर बातचीत करेगी। सपा ने X पर एक पोस्ट कर लिखा, "आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव (2027) हेतु समाजवादी पार्टी की ओर से INDIA गठबंधन के सीट समझौते के लिए माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष जी द्वारा निम्नलिखित लोगों की कमेटी गठित की गई है। राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव श्री रामगोपाल यादव जी, प्रदेश अध्यक्ष श्री श्यामलाल पाल जी, माननीय सांसद श्री राजीव राय जी, माननीय सांसद सुश्री इकरा चौधरी जी।"

कांग्रेस की ओर से प्रियंका गांधी संभालेंगी बातचीत की कमान


सीट बंटवारे को लेकर कांग्रेस भी अपनी तैयारी में जुट गई है। पीटीआई के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर बातचीत का पहला दौर सोमवार से नई दिल्ली में शुरू होने की संभावना है। कांग्रेस ने दिसंबर के मध्य तक सीट बंटवारे पर सहमति बनाने का लक्ष्य रखा है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के मुताबिक, बातचीत दो दिनों यानी मंगलवार तक चल सकती है। माना जा रहा है कि यह बैठक राज्यसभा सदस्य और वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी के दिल्ली स्थित आवास पर होगी।

कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने पीटीआई से कहा, "हम सोमवार 23 नवंबर से शुरुआती बातचीत के लिए मिलने वाले हैं।" कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि पार्टी 20 दिसंबर तक सीट बंटवारे की प्रक्रिया पूरी करना चाहती है, क्योंकि चुनाव में अब ज्यादा समय नहीं बचा है। उन्होंने संकेत दिया कि बातचीत का नेतृत्व कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा कर सकती हैं।

गौतम के मुताबिक, कांग्रेस की ओर से प्रियंका गांधी, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा, इमरान मसूद और विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के नेता वीरेंद्र चौधरी बातचीत में शामिल हो सकते हैं। वहीं, सपा की ओर से महासचिव राम गोपाल यादव, वरिष्ठ नेता धर्मेंद्र यादव और सांसद राजीव राय के बातचीत में शामिल होने की संभावना है।

सपा की तरफ से राम गोपाल यादव करेंगे बैठक की अगुवाई

हालांकि, सपा ने आधिकारिक तौर पर चार सदस्यीय समिति गठित की है, जिसकी अध्यक्षता राम गोपाल यादव करेंगे। समिति में प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल तथा सांसद राजीव राय और इकरा चौधरी शामिल हैं। सीट बंटवारे को लेकर दोनों दलों के बीच होने वाली बातचीत में 2024 के लोकसभा चुनाव के नतीजे अहम भूमिका निभा सकते हैं।

कांग्रेस 2024 के चुनाव में विपक्षी गठबंधन की सफलता का हवाला देते हुए अधिक सीट की मांग कर रही है। उस चुनाव में सपा-कांग्रेस गठबंधन ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) को झटका देते हुए उत्तर प्रदेश की 80 में से 43 सीट पर जीत हासिल की थी।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस 2017 के विधानसभा चुनाव में सपा के साथ गठबंधन के तहत मिली 107 सीट का भी हवाला देती रही है। हालांकि, सपा सीटों के बंटवारे में जीतने की संभावना को सबसे महत्वपूर्ण आधार मान रही है।

कांग्रेस ने मांगी 181 सीटें?

इस बीच, सपा प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा हाल में दिल्ली में एक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस की ओर से 181 सीट की मांग किए जाने की बात कहे जाने के बाद सोशल मीडिया पर सीटों की एक लिस्ट जारी हुई थी। हालांकि, कांग्रेस ने इस लिस्ट के आधिकारिक होने से इनकार किया है। दोनों दलों ने अभी तक सीट की संख्या को लेकर अपना रुख सार्वजनिक नहीं किया है।

ये भी पढ़ें- VIDEO: सीएम योगी की मां के निधन पर मेरठ के मदरसे में मुस्लिमों ने मांगी दुआ, छात्रों ने उठाए हाथ; सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

गठबंधन के सामने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में BJP को लगातार तीसरी बार सत्ता में आने से रोकने की चुनौती है। सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी और अखिलेश यादव के बीच 16 नवंबर को दिल्ली में सोनिया गांधी की आत्मकथा वाली किताब के विमोचन कार्यक्रम के दौरान भी सीट बंटवारे को लेकर थोड़ी बातचीत हुई थी।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।