CM Yogi Mother Savitri Devi Dies News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी के निधन पर मेरठ के एक मदरसे से आपसी सौहार्द एवं इंसानियत की एक भावुक तस्वीर सामने आई है। यहां मुस्लिम समुदाय के लोगों और मदरसे में पढ़ने वाले छात्रों ने दिवंगत सावित्री देवी की आत्मा की शांति के लिए दुआएं मांगी। मौलाना के साथ छात्रों ने भी हाथ उठाकर ईश्वर से दिवंगत आत्म की शांति के लिए प्रार्थना की। इस घटना का वीडियो और तस्वीर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने हुए हैं।
मदरसे में CM योगी की मां के लिए मांगी गई दुआ
सोशल मीडिया पर पत्रकारों की ओर से शेयर शेयर की गई जानकारी के मुताबिक, मेरठ के एक मदरसे में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी के निधन पर दुआ की। X पोस्ट के अनुसार, मदरसे में तालीम लेने पहुंचे छात्रों ने भी नमाज के बाद इस दुआ में हिस्सा लिया।
वीडियो में सफेद कपड़े और टोपी पहने कई छात्र एक साथ बैठे दिखाई दे रहे हैं। उनके साथ मौजूद लोग हाथ उठाकर दुआ करते नजर आ रहे हैं। मदरसे में एक बैनर भी लगाया गया है, जिस पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां स्वर्गीय सावित्री देवी की आत्मा की शांति के लिए संदेश लिखा है।
मौलाना के साथ छात्रों ने भी उठाए हाथ
इस दौरान दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की गई। बताया जा रहा है कि मदरसे में मौजूद छात्रों ने मौलाना के साथ मिलकर सामूहिक रूप से दुआ की। इस दौरान मुख्यमंत्री आदित्यनाथ और उनके परिवार के प्रति संवेदना भी व्यक्त की गई।
इस पहल की तस्वीर सामने आने के बाद इसे धार्मिक सीमाओं से ऊपर उठकर दुख की घड़ी में संवेदना व्यक्त करने के उदाहरण के तौर पर देखा जा रहा है। घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है और लोग इस पहल की चर्चा कर रहे हैं।
20 नवंबर को हुआ था सावित्री देवी का निधन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का शुक्रवार 20 नवंबर को पौड़ी गढ़वाल जिले में स्थित उनके पैतृक गांव पंचूर में निधन हो गया। परिवार के करीबी लोगों ने बताया कि वह 91 वर्ष की थीं। पिछले काफी समय से वह बीमार थीं। पीटीआई के मुताबिक, उन्होंने शुक्रवार सुबह करीब पौने 11 बजे अंतिम सांस ली। सावित्री देवी के परिवार में चार बेटे और तीन बेटियां हैं। सीएम आदित्यनाथ चारों बेटों में दूसरे स्थान पर हैं। आदित्यनाथ शाम को अपने पैतृक गांव पहुंचे और अपनी मां के अंतिम दर्शन किए। सावित्री देवी का शनिवार को हरिद्वार में गंगा घाट पर अंतिम संस्कार किया गया।
पंचूर सीएम आदित्यनाथ का पैतृक गांव है। गंगा तट पर चंडीघाट क्षेत्र में नमामि गंगे घाट पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुई सावित्री देवी की अंत्येष्टि के दौरान CM आदित्यनाथ, उनके परिजन और गांव के लोगों समेत बड़ी संख्या में अन्य लोग मौजूद रहे। सीएम योगी के सबसे छोटे भाई महेंद्र सिंह बिष्ट ने मां की चिता को मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार की पूरी प्रक्रिया वैदिक विधि विधान के साथ योगगुरु स्वामी रामदेव और उनके करीबी आचार्य बालकृष्ण ने ब्राह्मणों के साथ मिलकर सम्पन्न कराई।
विभिन्न अखाड़ों के साधु संत रहे मौजूद
इस दौरान उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, उत्तर प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं ब्रजेश पाठक, BJP की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष पंकज चौधरी, बीजेपी सांसद रवि किशन सहित उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की अनेक राजनीतिक हस्तियों के साथ ही योगगुरु बाबा रामदेव, परमार्थ निकेतन के प्रमुख चिदानंद सरस्वती और अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी समेत विभिन्न अखाड़ों के साधु संत भी मौजूद रहे।
नमामि गंगे घाट पर कड़े सुरक्षा इंतजाम के बावजूद भीड़ का दबाव बढ़ने पर पुलिस और प्रशासन को काफी मशक्कत करनी पड़ी। स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री धामी खुद व्यवस्था संभालने के लिए लोगों के बीच पहुंच गए। वह भीड़ को व्यवस्थित कर रास्ता बनवाते दिखे।
मां को अंतिम विदाई देते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ काफी भावुक नजर आए। अंतिम संस्कार के दौरान उनकी आंखों से आंसू भी छलके। अंत्येष्टि के बाद सीएम योगी ने भी घाट पर गंगा स्नान किया और फिर यहीं से हेलीकॉप्टर से वापस लखनऊ लौट गए। मां के निधन की सूचना मिलने के बाद मुख्यमंत्री आदित्यनाथ शुक्रवार शाम को पंचूर पहुंच गए थे।