UP Elections 2027: अगले साल होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस ने अपने सहयोगी दल समाजवादी पार्टी (SP) को 130 सीटों की एक लिस्ट सौंपी है, जिन पर वह चुनाव लड़ना चाहती है। इसके जवाब में सपा प्रमुख अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस को सिर्फ 26 सीटें देने की पेशकश की है। सपा के राज्यसभा सांसद राम गोपाल यादव ने इसकी पुष्टि करते हुए मंगलवार (24 नवंबर) को पत्रकारों से कहा, "बैठक में जो कहना था, वो कल कहा था। मैंने उनको (कांग्रेस) अपनी 26 सीटें भी दे दी हैं। फिर आज बात करने जा रहे हैं।" हालांकि, अभी राम गोपाल के बयान पर कांग्रेस की तरफ से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी के आवास पर हुई बैठक में दोनों दलों के बीच पहले दौर की बातचीत महज 20 मिनट चली। सूत्रों ने बताया कि बैठक में दोनों दलों के वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया। कांग्रेस नेताओं ने इसे सकारात्मक सोच और आपसी सहमति की भावना का परिणाम बताया। सपा के मुख्य महासचिव राम गोपाल यादव ने बैठक के बाद कहा कि बातचीत बेहद सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई और दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के विचार सुने। उन्होंने कहा, "हमें उम्मीद है कि अगले दो से तीन दिनों में गठबंधन को अंतिम रूप दे दिया जाएगा। बातचीत का दूसरा दौर मंगलवार को होगा।"
कांग्रेस ने सौंपी 26 सीटों की लिस्ट
समाजवादी पार्टी के एक सूत्र ने 'इंडियन एक्सप्रेस' को बताया कि उन्होंने कांग्रेस नेताओं के साथ 26 सीटों की एक लिस्ट दी है। इनमें वे दो सीटें शामिल हैं जिन पर कांग्रेस ने जीत हासिल की थी जैसे रामपुर खास और फरेंदा...। जबकि चार ऐसी सीटें हैं जहां कांग्रेस दूसरे नंबर पर रही थी। इनमें मथुरा, खेरागढ़, जगदीशपुर और किदवई नगर शामिल है। समाजवादी पार्टी द्वारा कांग्रेस को दी गई बाकी 20 सीटों में बागपत, मोदीनगर, हापुड़, जेवर, स्याना, खुर्जा, खैर, इगलास, मांट, आगरा उत्तर, फतेहपुर सीकरी, बिलग्राम-मल्लावां, गोविंद नगर, नानपारा, गोरखपुर शहर, खजनी, पडरौना, फाजिलनगर, पिंडरा और वाराणसी कैंट शामिल हैं।
सपा के सूत्रों ने आगे बताया कि फैजाबाद के सांसद अवधेश प्रसाद को कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे पर बातचीत करने वाले पार्टी पैनल में शामिल किया गया है। प्रसाद एक दलित सांसद हैं। उन्हें पैनल में शामिल करने का मकसद 'PDA' (पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक...समाजवादी पार्टी द्वारा इस्तेमाल किया जाने वाला शब्द) का प्रतिनिधित्व पूरा करना है। पैनल में अन्य सदस्यों में वरिष्ठ नेता और अखिलेश यादव के चाचा राम गोपाल यादव, सांसद इकरा चौधरी और राजीव राय तथा यूपी पार्टी अध्यक्ष श्याम लाल पाल शामिल हैं। कांग्रेस ने इस बातचीत के लिए यूपी के AICC प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, राज्य पार्टी अध्यक्ष आराधना मिश्रा, कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद और विधायक वीरेंद्र चौधरी को चुना है।
कांग्रेस ने की थी 181 सीटों की मांग
कांग्रेस ने शुरुआत में सपा को 181 सीटों की लिस्ट सौंपी थी। इसकी जानकारी खुद सपा मुखिया अखिलेश यादव ने एक चैनल के प्रोग्राम में दी थी। लेकिन यूपी चुनावों में कांग्रेस के पिछले प्रदर्शन को देखते हुए समाजवादी पार्टी इतनी बड़ी संख्या में सीटें देने को लेकर हिचकिचा रही थी। 2022 के पिछले विधानसभा चुनावों में कांग्रेस ने अकेले चुनाव लड़ा था।
इसने 399 सीटों पर चुनाव लड़ा और केवल दो जीतीं। जबकि SP ने 111 सीटें जीतीं। 2017 में जब दोनों पार्टियों ने गठबंधन में चुनाव लड़ा था, तब SP ने 54 सीटें जीतीं और कांग्रेस को सात सीटें मिलीं। 2024 में कांग्रेस ने जिन 17 संसदीय सीटों पर चुनाव लड़ा, उनमें से छह जीतीं। जबकि समाजवादी पार्टी ने 37 सीटें जीतीं। BJP की सीटों की संख्या 2019 के 62 से घटकर 33 रह गई। उत्तर प्रदेश में कुल 80 लोकसभा सीटें और 403 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र हैं।