BJP-SAD Alliance: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार (24 नवंबर) को कहा कि उन्हें इस बात की बेहद खुशी है कि शिरोमणि अकाली दल (SAD) की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में वापसी हुई है। पीएम मोदी ने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि यह गठबंधन पंजाब के लोगों की पहली पसंद बनकर उभरेगा। भारतीय जनता पार्टी (BJP) और SAD ने आगामी पंजाब विधानसभा चुनावों के लिए मंगलवार को अपने गठबंधन की घोषणा की। दोनों पार्टियों ने इसे एक ‘राष्ट्रीय और भावनात्मक’ समझौता बताया।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में कहा, "पंजाब और पंजाबियों का कल्याण सबसे ऊपर! मुझे बहुत खुशी है कि शिरोमणि अकाली दल की राजग में वापसी हो रही है, और वह भी श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर।" प्रधानमंत्री ने कहा कि BJP और अकाली दल के बीच एक स्वाभाविक गठबंधन है, जो यह सुनिश्चित करेगा कि पंजाब को जन-हितैषी शासन मिले और राज्य प्रगति की नई ऊंचाइयों पर पहुंचे।
उन्होंने अपने पोस्ट में आगे कहा, "अटल जी (पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी), आडवाणी जी (पूर्व उप प्रधानमंत्री लाल कृष्ण आडवाणी) और सरदार प्रकाश सिंह बादल जी द्वारा संवारा गया अकाली दल-BJP गठबंधन समय की कसौटी पर खरा उतरा है। मुझे पूरा विश्वास है कि हमारा गठबंधन पंजाब के लोगों की पहली पसंद बनकर उभरेगा।"
बीजेपी और अकाली दल के बीच गठबंधन का ऐलान
भाजपा और शिरोमणि अकाली दल ने मंगलवार को आगामी पंजाब विधानसभा चुनावों के लिए अपने गठबंधन की घोषणा की। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि दोनों दल पंजाब की सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे और मुख्यमंत्री का पद शिरोमणि अकाली दल (एसएडी) को मिलेगा। उन्होंने कहा, "अकाली दल पंजाब विधानसभा चुनाव में भाजपा-अकाली गठबंधन में बड़े भाई की भूमिका निभाएगा।"
उन्होंने यह भी कहा कि अकाली दल के वापस आने से अब राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) पूरा हो गया है। उन्होंने इस बात का उल्लेख किया कि उनका रिश्ता वाजपेयी-आडवाणी के दौर से चला आ रहा है। नई दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में शाह और अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल के साथ एक प्रेस वार्ता में गठबंधन की घोषणा करते हुए भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि दोनों पार्टियां पंजाब को विकसित राज्य बनाने के लिए मिलकर काम करेंगी। बादल ने कहा कि यह कोई राजनीतिक नहीं बल्कि एक भावनात्मक गठबंधन है।
अमित शाह ने कहा कि चुनावों के लिए दोनों दलों द्वारा जल्द ही विस्तृत घोषणापत्र को अंतिम रूप दिया जाएगा। लेकिन पंजाब से नशे की समस्या को जड़ से खत्म करना, किसानों के कल्याण के लिए मिलकर काम करना और हिंदू-सिख एकता को बढ़ावा देना प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल होगा। राज्य में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव हो सकते हैं।
बता दें कि अब रद्द किए जा चुके तीन कृषि कानूनों के मुद्दे पर अकाली दल ने सितंबर 2020 में भाजपा के साथ अपना 24 साल पुराना गठबंधन तोड़ दिया था। इससे पहले तक लोकसभा सदस्य हरसिमरत कौर बादल मोदी सरकार में कैबिनेट मंत्री रही थीं।
साल 2022 में हुए पंजाब विधानसभा चुनावों में कुल 117 सीटों में से भाजपा ने केवल दो सीटें जीती थीं। जबकि अकाली दल तीन विधानसभा क्षेत्रों में जीत दर्ज कर सका था। चुनावी गठबंधन टूटने से पहले, अकाली दल और भाजपा दोनों मिलकर चुनाव लड़ते थे। विधानसभा चुनावों में पिछले समझौते के अनुसार, भाजपा 23 सीटों पर और अकाली दल 94 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ता था। वहीं, लोकसभा चुनावों में अकाली दल 10 सीटों पर और भाजपा शेष तीन सीटों पर चुनाव लड़ती थी।