UP Election 2027: 'हम भिखारी नहीं हैं...'; सपा की 5 उम्मीदवारों की लिस्ट पर भड़के इमरान मसूद, बोले- गठबंधन चलाने का यह तरीका ठीक नहीं

UP Election 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर विवाद बढ़ता नजर आ रहा है। सपा की ओर से 5 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए जाने पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर बिना नाम लिए निशाना भी साधा

अपडेटेड Nov 25, 2026 पर 1:58 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
UP Election 2027: इमरान मसूद ने कहा कि हम भिखारी नहीं हैं। यह अगर तरीका है तो यह गठबंधन के लिए बेहतर तरीका नहीं है (फोटो- TOI)

UP Election 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी (SP) और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर खींचतान तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी की ओर से 5 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी किए जाने के बाद कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत में साफ शब्दों में कहा, "हम भिखारी नहीं हैं। अगर यह तरीका है तो गठबंधन के लिए बेहतर तरीका नहीं है।" इमरान मसूद की इस टिप्पणी को सपा और कांग्रेस के बीच जारी सीट बंटवारे की बातचीत में बढ़ते मतभेद के तौर पर देखा जा रहा है। लखनऊ में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी के फैसले पर सवाल उठाए।

'हमने आपसे 26 सीटें मांगी ही नहीं'

इमरान मसूद ने कहा कि दोनों दलों के बीच गठबंधन को लेकर दिल्ली में बातचीत हुई थी। ऐसे में बातचीत के दौरान सहमति बनने से पहले ही सीटों की घोषणा करना उचित तरीका नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी से 26 सीटें मांगी ही नहीं थीं। उनका कहना था कि कांग्रेस ने किसी विशेष सीट को देने की मांग नहीं रखी थी, इसके बावजूद सपा ने अपनी तरफ से सीटों का ऐलान कर दिया।


कांग्रेस सांसद ने इस कदम पर नाराजगी जताते हुए कहा कि गठबंधन में दोनों दल सहयोगी होते हैं। गठबंधन को गंभीरता और आपसी विश्वास के साथ चलाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा, "हमें 26 सीटों वाला आपका प्रस्ताव नहीं चाहिए। हम कोई भिखारी नहीं हैं। अगर हम गठबंधन पर चर्चा करने के लिए दिल्ली में बैठे हैं, और आप लखनऊ से ही घोषणा कर देते हैं, तो फिर इन चर्चाओं का क्या मतलब है? हमारी गठबंधन बैठकों का क्या उद्देश्य है?"

'अपनी पार्टी के भीतर चर्चा करेंगे कि हमें क्या करना चाहिए'

वहीं, इमरान मसूद ने पीटीआई से कहा, "यहां जो कुछ भी हो रहा है, उससे ऐसा लगता है कि इस मामले में गंभीरता की कमी है। गंभीरता की कमी इसलिए है क्योंकि एक तरफ तो आप (समाजवादी पार्टी) बातचीत कर रहे हैं, और दूसरी तरफ आप ऐसी घोषणाएं कर रहे हैं, जिससे पता चलता है कि इसे गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। बातचीत काफी गंभीरता से चल रही थी, लोग साथ बैठकर गंभीर चर्चा कर रहे थे, लेकिन अचानक ऐसा हो गया।"

उन्होंने आगे कहा, "इसलिए, अब हम अपनी पार्टी के भीतर चर्चा करेंगे कि हमें क्या करना चाहिए। हमें बातचीत के लिए बैठना चाहिए या नहीं क्योंकि इस स्थिति में क्या करना है, इसका फैसला पार्टी ही लेगी। जब आपने मेरे खिलाफ ऐसी घोषणा कर दी है, तो मुझे समझ नहीं आ रहा कि आप मुझसे लड़ना चाहते हैं, कांग्रेस से लड़ना चाहते हैं, या फिर बीजेपी से? यह तो तय होना ही चाहिए कि आप बीजेपी से लड़ना चाहते हैं या हमसे? ऐसे में मैं इस पर और क्या कह सकता हूं?"

सपा ने जारी की 5 उम्मीदवारों की लिस्ट

समाजवादी पार्टी (सपा) ने उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए मंगलवार को पांच उम्मीदवारों की सूची जारी की। पार्टी की ओर से 'एक्स' पर जारी सूची के मुताबिक, सहारनपुर जिले की बेहट विधानसभा सीट से उमर अली खान और सहारनपुर विधानसभा सीट से आशु मलिक को उम्मीदवार बनाया गया है। सूची के अनुसार इसी तरह शामली जिले की कैराना विधानसभा सीट से नाहिद हसन को प्रत्याशी घोषित किया गया है।

अमरोहा विधानसभा सीट से महबूब अली और ललितपुर जिले की ललितपुर विधानसभा सीट से ज्योति लोधी को पार्टी का उम्मीदवार बनाया गया है। सपा ने कांग्रेस के साथ सीटों के बंटवारे को लेकर जारी बातचीत के बीच विधानसभा चुनाव के उम्मीदवारों की यह पहली सूची जारी की है। वैसे अखिलेश यादव अयोध्या सीट से पूर्व विधायक पवन पांडेय को आधिकारिक रूप से उम्मीदवार घोषित कर चुके हैं। उत्तर प्रदेश में 2027 के शुरू में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं।

26 सीटों के ऑफर पर कांग्रेस की 100 से ज्यादा सीटों की मांग

INDIA गठबंधन से जुड़े सूत्रों के अनुसार, दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर दूसरे दौर की बातचीत करीब तीन घंटे तक चली। इस दौरान कई बार चर्चा हुई। लेकिन सीटों की संख्या और संबंधित विधानसभा क्षेत्रों को लेकर दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन सकी। समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस से कहा कि वह जिन विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है, वहां अपने संभावित उम्मीदवारों के नाम भी सामने रखे। सपा का कहना था कि केवल सीटों की बड़ी संख्या बताने से बातचीत किसी नतीजे तक नहीं पहुंचेगी। इसके साथ ही पार्टी ने स्पष्ट कर दिया कि मौजूदा सपा विधायकों वाली सीटों पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

सूत्रों के अनुसार, समाजवादी पार्टी को उम्मीद थी कि उसके शुरुआती 26 सीटों के प्रस्ताव के बाद कांग्रेस सीमित संख्या में अतिरिक्त सीटों की मांग करेगी। लेकिन बैठक के अंत में कांग्रेस ने एक बार फिर 100 से अधिक विधानसभा सीटों की सूची सौंप दी, जिन पर वह चुनाव लड़ना चाहती है। कांग्रेस की इस मांग ने दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर मतभेद और गहरे कर दिए हैं। सपा की शुरुआती पेशकश और कांग्रेस की मांग के बीच बड़ा अंतर सामने आया है।

ये भी पढ़ें- UP Election 2027: अखिलेश यादव ने कांग्रेस को दिया झटका! 5 सीटों पर उतारे उम्मीदवार, यूपी में बिहार वाला फॉर्मूला नहीं चलेगा!

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।