UP Election 2027: सपा का पहला मैनिफेस्टो आज, अखिलेश यावद की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर नजर

UP Election 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव संविधान दिवस यानी 26 नवंबर को 'जन-मन का घोषणा पत्र' जारी करने जा रहे हैं। '27 का संकल्प: PDA का प्रणपत्र' नाम से तैयार इस दस्तावेज में महिलाओं, युवाओं, किसानों, पिछड़े वर्गों, दलितों और अल्पसंख्यकों को केंद्र में रखा गया है

अपडेटेड Nov 26, 2026 पर 12:24 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
UP Election 2027: महिलाओं को 40 हजार रुपये सालाना पेंशन, छात्रों को फ्री मेट्रो और जातीय जनगणना का वादा कर सकती है सपा

UP Election 2027: समाजवादी पार्टी (26 नवंबर) आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए अपना पहला घोषणापत्र आज यानी गुरुवार (26 नवंबर) को जारी करेगी। इसमें युवाओं, शिक्षा, सामाजिक न्याय, कृषि और उद्योग पर ध्यान दिया जाएगा। इसके बाद महिलाओं और लड़कियों पर केंद्रित एक दूसरा दस्तावेज आएगा। पार्टी सूत्रों ने बताया कि पहले घोषणापत्र में युवाओं और शिक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी। उसके बाद सामाजिक न्याय और दलित मुद्दे, कानून-व्यवस्था, कृषि, किसान, और उद्योग तथा सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (MSME) क्षेत्र को रखा जाएगा।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 21 नवंबर को प्रेस वार्ता में कहा था, "समाजवादी पार्टी घोषणापत्र-1, घोषणापत्र-2 और जिला स्तर पर एक अलग घोषणापत्र लेकर आएगी।" घोषणापत्र तैयार करने में शामिल पार्टी सूत्रों ने ‘पीटीआई’ से नाम उजागर नहीं करने की शर्त पर कहा कि यह दस्तावेज़ सिर्फ राजनीतिक वादों को ही नहीं, बल्कि राज्य भर में बदलती आर्थिक हकीकतों और आकांक्षाओं को भी दिखाने के लिए बनाया जा रहा है।

सलाह-मशविरे और शोध के बाद तैयार किया गया है घोषणापत्र


सूत्र ने कहा कि यह खाका कई महीनों की सलाह-मशविरे और शोध के बाद तैयार किया गया है। यह पार्टी के 2022 के घोषणापत्र को आगे बढ़ाएगा, साथ ही पिछले पांच वर्षों में सामने आए घटनाक्रम और चुनौतियों को भी इसमें शामिल किया जाएगा। पार्टी ने युवाओं, किसानों, महिलाओं, उद्योग प्रतिनिधियों, निवेशकों, बुद्धिजीवियों और हाशिए पर रहने वाले समुदायों से सुझाव मांगे हैं। वकील, सेवानिवृत्त सशस्त्र बल कर्मी और मीडियाकर्मियों को भी खास कल्याणकारी प्रस्तावों के जरिए घोषणापत्र में शामिल किए जाने की उम्मीद है।

पुरानी पेंशन योजना बहाल करना और मुफ्त लैपटॉप योजना फिर से शुरू करने का प्लान

सूत्र ने बताया कि यादव की ‘विजन इंडिया’ पहल ने भी इस कवायद में योगदान दिया है, जिसके तहत उन्होंने उत्तर प्रदेश और बाहर के युवाओं, निवेशकों और उद्योग से जुड़े लोगों से बातचीत की। रोजगार और आर्थिक एजेंडे के साथ किसानों से जुड़े प्रस्ताव भी शामिल होने की उम्मीद है, जिनमें कृषि ऋण माफी, खेती की सिंचाई के लिए 100 प्रतिशत मुफ्त बिजली और नहर का पानी, फसल बीमा, एक सुनिश्चित न्यूनतम समर्थन मूल्य और गन्ना किसानों को समय पर भुगतान शामिल हैं।

सपा के एक अन्य सूत्र ने 'पीटीआई' को बताया कि घोषणापत्र में पार्टी के सरकार बनाने के तीन महीने के भीतर पूरे राज्य में जाति-आधारित जनगणना कराने का भी वादा हो सकता है, जिसका मकसद अनुपातिक प्रतिनिधित्व और आरक्षण लाभों तक पहुंच सुनिश्चित करना है। सूत्रों के मुताबिक, विचार किए जा रहे अन्य प्रस्तावों में 2005 के बाद सेवा में आए सभी राज्य सरकारी कर्मचारियों और शिक्षकों के लिए पुरानी पेंशन योजना बहाल करना, और मुफ्त लैपटॉप वितरण योजना को फिर से शुरू करना भी शामिल है।

महिलाओं को 40 हजार रुपये सालाना पेंशन देने का वादा संभव

सपा के प्रस्तावित घोषणा पत्र में महिला मतदाताओं के लिए कई बड़ी घोषणाएं हो सकती हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पार्टी महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपये पेंशन देने का वादा कर सकती है। इसके अलावा स्वरोजगार शुरू करने के लिए महिलाओं को 2 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता देने का प्रस्ताव भी शामिल हो सकता है। पार्टी की रणनीति महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें सामाजिक सुरक्षा देने पर केंद्रित दिखाई दे रही है। हालांकि, इन प्रस्तावों की आधिकारिक पुष्टि घोषणा पत्र जारी होने के बाद ही होगी।

छात्रों को मुफ्त मेट्रो और पेपर लीक पर सख्त कानून

युवाओं और विद्यार्थियों को साधने के लिए भी सपा अपने घोषणा पत्र में कई बड़े वादे कर सकती है। इनमें छात्रों को मुफ्त मेट्रो यात्रा की सुविधा देने का प्रस्ताव शामिल है। इसके अलावा भर्ती परीक्षाओं और प्रवेश परीक्षाओं में पेपर लीक रोकने के लिए सख्त कानून बनाने की बात भी कही जा सकती है। 12वीं पास करने वाले विद्यार्थियों को मुफ्त लैपटॉप देने की योजना दोबारा शुरू करने पर भी विचार किया जा रहा है। शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में युवाओं को राहत देने के साथ-साथ परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी बनाने पर जोर रहने की संभावना है।

300 यूनिट मुफ्त बिजली और गरीबों को 2 लाख तक मुफ्त इलाज

घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने का वादा भी घोषणा पत्र का हिस्सा हो सकता है। वहीं गरीब परिवारों को 2 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा देने का प्रस्ताव भी सामने आया है। इसके अलावा प्रतिष्ठित व्यक्तियों और प्रतिभाओं को सम्मानित करने वाली 'यश भारती सम्मान' योजना को दोबारा शुरू करने की बात भी कही जा सकती है। इसके तहत सम्मानित लोगों को हर महीने एक लाख रुपये मानदेय देने का प्रस्ताव संभावित है।

75 जिलों के लिए 75 घोषणा पत्र की तैयारी

सपा की चुनावी रणनीति केवल एक राज्यस्तरीय घोषणा पत्र तक सीमित नहीं रहने वाली है। पार्टी की योजना प्रदेश के 75 जिलों के लिए अलग-अलग स्थानीय मुद्दों और जरूरतों को ध्यान में रखकर घोषणापत्र तैयार करने की भी है। इसके लिए अखिलेश यादव की 'विजन इंडिया' पहल के तहत युवाओं और निवेशकों के साथ संवाद किया गया है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, PDA उसका राजनीतिक आधार जरूर है। लेकिन घोषणा पत्र में आम लोगों की रोजमर्रा की जरूरतों और अपेक्षाओं को भी प्राथमिकता दी गई है।

ये भी पढ़ें- Saurav Das Passport Row: लंदन जाने पर रोक! अब पासपोर्ट पर MEA का नोटिस! सौरव दास को यात्रा न करने की सलाह

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।