Saurav Das Passport Controversy: भारतीय विदेश मंत्रालय (MEA) ने बुधवार (25 नवंबर) को स्पष्ट किया कि 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के सह-संयोजक सौरव दास को लंदन जाने से क्यों रोका गया। मंत्रालय ने बताया कि उनके पासपोर्ट रिकॉर्ड में जन्म स्थान को लेकर कथित गड़बड़ियां पाई गई थीं, जिसके चलते उन्हें 'शो-कॉज नोटिस' (कारण बताओ नोटिस) जारी किया गया था। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि सौरव दास को संबंधित अधिकारियों की रिपोर्ट के बाद उनके पासपोर्ट में जन्मस्थान से जुड़ी विसंगतियों के संबंध में स्पष्टीकरण देने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
जायसवाल ने कहा कि चेन्नई स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय (आरपीओ) ने सोमवार को दास को यह नोटिस जारी किया। उनसे सात दिन के भीतर जवाब देने को कहा गया है। जायसवाल ने नियमित प्रेस वार्ता में एक सवाल पर यह टिप्पणी की। एक दिन पहले दास ने आरोप लगाया था कि उन्हें ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए ब्रिटेन जाने से रोक दिया गया, जहां उन्हें ‘‘कॉकरोच आंदोलन’’ पर बोलना था। CJP नेता ने यात्रा से रोकने के अधिकारियों के फैसले को बुधवार को दिल्ली हाई कोर्ट में चुनौती दी।
जायसवाल ने कहा, ‘‘मैं बताना चाहता हूं कि पासपोर्ट आवेदन में आवेदक को सही जानकारी देने की घोषणा करनी होती है। यदि किसी भी चरण में कोई विसंगति पाई जाती है या अधिकारियों की ओर से इसकी जानकारी दी जाती है। यह तथ्य छिपाने के दायरे में आता है, तो हम आवेदक को अपना पक्ष स्पष्ट करने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी करते हैं।"
उन्होंने कहा, ‘‘संबंधित कानून प्रवर्तन एजेंसियों से मिली रिपोर्ट के आधार पर चेन्नई स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय ने 23 नवंबर को सौरव दास को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। इसमें उनसे जन्मस्थान के संबंध में सात दिन के भीतर स्पष्टीकरण देने को कहा गया है।’’ जायसवाल ने कहा कि दास को नोटिस का जवाब देने तक पासपोर्ट का इस्तेमाल नहीं करने की सलाह भी दी गई है।
दिल्ली हाईकोर्ट पहुंचे सौरव दास, 26 नवंबर को सुनवाई
एयरपोर्ट पर रोके जाने की कार्रवाई को चुनौती देते हुए सौरव दास ने दिल्ली हाईकोर्ट का रुख किया है। बुधवार को उनके वकील ने मामले में तत्काल सुनवाई की मांग की। वकील की दलील थी कि एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन अधिकारियों ने उन्हें यात्रा रोकने से संबंधित कोई आदेश नहीं दिखाया था। इसके बाद अदालत ने याचिका पर 26 नवंबर को सुनवाई करने पर सहमति जताई। इस मामले में अब दिल्ली हाईकोर्ट की सुनवाई पर भी नजर रहेगी। वहीं पासपोर्ट कार्यालय में चल रही प्रक्रिया के तहत सौरव दास को अपना जवाब देना होगा।
पासपोर्ट जब्त भी हो सकता है?
पासपोर्ट अधिनियम, 1967 के तहत यदि पासपोर्ट हासिल करने के दौरान गलत जानकारी देने या महत्वपूर्ण तथ्यों को छिपाने की बात सामने आती है, तो निर्धारित परिस्थितियों में पासपोर्ट अथॉरिटी पासपोर्ट जब्त या रद्द कर सकती है। हालांकि, सौरव दास के मामले में अभी कारण बताओ नोटिस जारी हुआ है। इसका मतलब यह नहीं है कि उनका पासपोर्ट अंतिम रूप से जब्त या रद्द कर दिया गया है। फिलहाल अधिकारियों को उनके जवाब और दस्तावेजों की जांच करनी है।
मद्रास हाईकोर्ट में अलग याचिका भी लंबित
इस विवाद के बीच मद्रास हाईकोर्ट में सौरव दास की पृष्ठभूमि और उनके पासपोर्ट तथा आधार कार्ड की वैधता को लेकर एक अलग जनहित याचिका भी दायर की गई है। इस याचिका में उनके पारिवारिक पृष्ठभूमि और नागरिकता को लेकर सवाल उठाए गए हैं। हालांकि, यह मामला चेन्नई RPO की ओर से जन्मस्थान संबंधी जानकारी के सत्यापन की चल रही प्रक्रिया से अलग है। फिलहाल विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि सौरव दास को नोटिस जारी करना निर्धारित प्रक्रिया का हिस्सा है। उन्हें अपना पक्ष रखने का पूरा अवसर दिया गया है। अब इस मामले में 26 नवंबर को दिल्ली हाईकोर्ट में होने वाली सुनवाई पर सबकी नजर रहेगी।