Cabinet Meeting : आज कैबिनेट की बैठक हुई और इस बैठक में कई बड़े फैसले लिए गए। टनल बोरिंग मशीन, भारी भरकम क्रेन हों या लिफ्ट,ऐसे इक्विपमेंट बनाने वाली कंपनियों को सरकार इंसेंटिव्स देगी। इसके लिए आज कैबिनेट ने 11 हजार करोड़ की स्कीम को मंजूरी दे दी है। इसके अलावा केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को पांच वर्षों की अवधि में डाकघरों के आधुनिकीकरण के लिए 1,141 करोड़ रुपये की भी मंजूरी दी है।
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंत्रिमंडल के फैसलों पर आयोजित एक मीडिया ब्रीफिंग में बताया कि डाक विभाग के लिए मंजूर की गई इस राशि का इस्तेमाल डाक नेटवर्क के आधुनिकीकरण के साथ-साथ मेल और पार्सल सेवाओं को मजबूत करने के लिए किया जाएगा। उन्होंने आगे बताया कि मंजूर की गई परियोजनाओं में ग्रामीण डाकघरों का आधुनिकीकरण, डाक और पार्सल के लिए 'मिडल माइल' लॉजिस्टिक्स को मजबूत करना और सरकारी योजनाओं की पहुंच बढ़ाना शामिल है।
अश्विनी वैष्णव ने आगे कहा कि डाक घर 'फर्स्ट माइल' और 'लास्ट माइल' के मामले में मजबूत हैं, लेकिन 'मिडल माइल' को मजबूत करने की जरूरत है। डाकघरों को ग्रामीण व्यापार केंद्रों के रूप में विकसित किया जाएगा। पार्सल पर अधिक ध्यान दिया जाएगा।
कंस्ट्रक्शन और बुनियादी ढांचे से जुड़े उपकरणों के लिए 11,000 करोड़ की स्कीम मंजूर
इसके साथ ही केंद्रीय मंत्रिमंडल ने आज कंस्ट्रक्शन और बुनियादी ढांचे से जुड़े उपकरणों के घरेलू उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए 11,000 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन योजना को भी मंजूरी दे दी है। सरकार का लक्ष्य इसके जरिए 21,000 करोड़ रुपये का निवेश आकर्षित करना है।
वित्त वर्ष 2025 में इंडियन इंडस्ट्री का मौजूदा मार्केट साइज 97,500 करोड़ रुपये रहा। हालांकि, इसकी लगभग 45 प्रतिशत जरूरतें आयात के ज़रिए पूरी होती हैं।
कैबिनेट बैठक के बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए अश्विनी वैष्णव ने कहा, "यह योजना हमें इस सेक्टर में आत्मनिर्भरता हासिल करने में मदद करेगी।"
सरकार को उम्मीद है कि वित्त वर्ष 2030 तक घरेलू बाजार दोगुने से भी अधिक होकर 2.28 लाख करोड़ रुपये का हो जाएगा। आयात पर अत्यधिक निर्भरता वाले उपकरणों पर फोकस की जरूरत है।
भारी उद्योग मंत्रालय द्वारा लागू की जाने वाली इस योजना में उपकरणों की सात ऐसी श्रेणियां शामिल होंगी,जो पूरी तरह या काफी हद तक आयात की जाती हैं। इनमें टनल बोरिंग मशीनें, ऑफ-हाइवे ट्रक, एक्सकेवेटर, क्रेन, लोडर, पाइलिंग रिग और ड्रिलिंग मशीनें शामिल हैं।
यह योजना अहम कल पुर्जों की पांच कटेगरी के घरेलू उत्पादन को भी बढ़ावा देगी। इनमें इंजन, ट्रांसमिशन, हाइड्रोलिक सिस्टम, अंडरकैरेज और ड्राइव सिस्टम जैसे उपकरण शामिल हैं।
इस स्कीम के तहत ओरिजिनल इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरर्स (OEMs) और कंपोनेंट बनाने वाली कंपनियां पांच साल की अवधि में होने वाली अतिरिक्त बिक्री (इंक्रीमेंटल सेल्स) पर 13 प्रतिशत से लेकर 8 प्रतिशत तक के ग्रेडेड इंसेंटिव पानी की पात्र होंगी।
डेडीकेटेड टेस्टिंग सुविधा
इस योजना के तहत 'ऑटोमोटिव रिसर्च एसोसिएशन ऑफ इंडिया'(ARAI) को 'वायबिलिटी गैप फंडिंग' के जरिए 375 करोड़ रुपये का अनुदान दिया जाएगा,जिससे कि कंस्ट्रक्शन और बुनियादी ढांचा उपकरणों के लिए एक डेडीकेटेड टेस्टिंग सुविधा स्थापित की जा सके। इस सुविधा से भारत में निर्मित उपकरणों का परीक्षण और प्रमाणन देश के भीतर ही किया जा सकेगा।