आय से अधिक संपत्ति मामले में राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत, इलाहाबाद HC का आदेश रद्द; नए सिरे से होगी सुनवाई

Rahul Gandhi News: सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार (25 नवंबर) को इलाहाबाद हाईकोर्ट के उस आदेश को रद्द कर दिया, जिसमें नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के आरोपों की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) और प्रवर्तन निदेशालय (ED) से कराने का निर्देश दिया गया था

अपडेटेड Nov 25, 2026 पर 3:11 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को आय से अधिक संपत्ति मामले में सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली

Rahul Gandhi News: कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को आय से अधिक संपत्ति मामले में सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार (25 नवंबर) को इलाहाबाद हाई कोर्ट के उस आदेश को रद्द कर दिया जिसमें केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) और प्रवर्तन निदेशालय (ED) को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति रखने के आरोपों की जांच करने का निर्देश दिया गया था।

चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सदस्य विग्नेश शिशिर की याचिका को नए सिरे से विचार के लिए हाई कोर्ट के पास वापस भेज दिया। अब हाई कोर्ट इस बात पर भी विचार करेगा कि याचिका सुनवाई योग्य है या नहीं।

इससे पहले शीर्ष अदालत ने इलाहाबाद हाई कोर्ट से कांग्रेस नेता के खिलाफ आय ज्ञात स्रोत से अधिक संपत्ति रखने के आरोपों से जुड़े मामले में आगे की कार्यवाही नहीं करने को कहा था। उसने सीबीआई और ईडी से भी लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष के खिलाफ इस मामले में हाई कोर्ट के निर्देशों के अनुपालन में कोई रिपोर्ट दाखिल नहीं करने को कहा था। गांधी ने सीबीआई और ईडी को निर्देश देने वाले हाई कोर्ट के आदेश को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था।


हाई कोर्ट ने क्या कहा था?

हाई कोर्ट ने कहा था कि सीबीआई का हलफनामा उसके पिछले आदेश के अनुरूप नहीं था। उसमें गांधी की संपत्ति के संबंध में याचिकाकर्ता की शिकायत पर अब तक की गई कार्रवाई का पर्याप्त विवरण नहीं दिया गया था। अदालत ने नई दिल्ली स्थित सीबीआई के भ्रष्टाचार निरोधक प्रभाग के मुख्यालय में संयुक्त निदेशक या संबंधित क्षेत्र के प्रमुख को स्वयं नया हलफनामा दाखिल करने का निर्देश दिया था जिसमें मामले में अब तक की गई कार्रवाई का विस्तृत विवरण हो। भाजपा नेता ने इससे पहले भी याचिकाएं दाखिल कर कांग्रेस नेता पर दोहरी नागरिकता रखने का आरोप लगाया था।

याचिका की मेंटेनेबिलिटी पर भी होगा विचार

सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद इलाहाबाद हाईकोर्ट में अब इस बात पर भी विचार होगा कि विग्नेश शिशिर की याचिका कानूनी रूप से सुनवाई योग्य है या नहीं। यानी याचिका की मेंटेनेबिलिटी का सवाल भी सुनवाई का अहम हिस्सा होगा। इस मामले में अब इलाहाबाद हाईकोर्ट नए सिरे से विचार करेगा। सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले से फिलहाल राहुल गांधी को राहत मिली है। हालांकि आय से अधिक संपत्ति के आरोपों पर कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है।

ये भी पढ़ें- IMD Weather Alert: बारिश, आंधी और घना कोहरा... IMD ने जारी किया मौसम का बड़ा अलर्ट, जानें- अपने राज्य का हाल

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।