दिल्ली में अब ऑनलाइन बुक होंगे DDA पार्क! 3000 से 5 लाख रुपये तक किराया, स्कूलों के लिए सिर्फ 1 रुपया फीस

DDA ने दिल्ली के 17 पार्कों और ग्रीन स्पेस की बुकिंग के लिए सिंगल विंडो ऑनलाइन पॉलिसी शुरू की है। किराया 3000 रुपये रोजाना से शुरू होकर प्रीमियम जगहों पर 5 लाख रुपये तक जाता है। स्कूल सिर्फ 1 रुपये में पार्क बुक कर सकेंगे।

अपडेटेड Nov 25, 2026 पर 11:02 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
DDA ने दिल्ली के 17 पार्कों और ग्रीन स्पेस की बुकिंग के लिए सिंगल विंडो ऑनलाइन पॉलिसी शुरू की है।

दिल्ली के हरे-भरे पार्कों में अब कॉरपोरेट इवेंट से लेकर फिल्म की शूटिंग और प्राइवेट गैदरिंग तक, सब कुछ ऑनलाइन बुकिंग से हो सकेगा। दिल्ली विकास प्राधिकरण यानी DDA ने पार्क बुकिंग के लिए सिंगल विंडो पॉलिसी शुरू की है। इसके तहत आम लोग, संस्थाएं और संगठन तय पब्लिक ग्रीन स्पेस को कल्चरल प्रोग्राम और निजी कार्यक्रमों जैसे कामों के लिए बुक कर पाएंगे। किराया 3000 रुपये रोजाना से शुरू होकर बड़ी जगहों के लिए 18000 रुपये तक जाएगा, जबकि स्कूलों को पार्क सिर्फ 1 रुपये में मिलेगा।

एक ही ऑनलाइन पोर्टल पर होगी पूरी बुकिंग

DDA के आधिकारिक बयान के मुताबिक ये पहल दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू के निर्देश पर शुरू की गई है। इसका मकसद दिल्ली के पार्कों और रिक्रिएशनल स्पेस तक लोगों की पहुंच आसान बनाना है। इसके लिए बुकिंग की पूरी प्रक्रिया एक सेंट्रलाइज्ड डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाई जा रही है।


ये सिंगल विंडो ऑनलाइन पोर्टल DDA की आधिकारिक वेबसाइट से जुड़ा होगा और इसका नाम DDA Park Booking Portal है। बुकिंग से पहले लोग यहां देख सकेंगे कि कौन से पार्क और तय जगहें उपलब्ध हैं, वहां कितने लोग जुट सकते हैं, कितना किराया लगेगा, पेमेंट कैसे करना है और बुकिंग से जुड़ी शर्तें क्या हैं। इस कदम का मकसद पार्क बुकिंग को ज्यादा ट्रांसपेरेंट बनाना और आम लोगों, संस्थाओं और इवेंट ऑर्गनाइजर्स के लिए पूरी प्रक्रिया को आसान करना है।

भीड़ और जगह के साइज से तय होगा किराया

पार्क बुक करने पर कितना पैसा लगेगा, ये दो बातों पर टिका है। पहली, इवेंट में कितने लोग आएंगे। दूसरी, कितनी बड़ी जगह बुक की जा रही है।

लोगों की संख्या के हिसाब से DDA ने तय खुली जगहों को तीन कैटेगरी में बांटा है। 200 तक लोगों वाले इवेंट A1 कैटेगरी में आएंगे, 200 से 500 लोगों वाले A2 में और 500 से ज्यादा लोगों वाले A3 में।

अब जगह के साइज की बात। 4000 वर्ग मीटर तक की जगह के लिए A1 कैटेगरी में 3000 रुपये रोजाना और GST देना होगा। इसी साइज में A2 के लिए 5000 रुपये और A3 के लिए 6000 रुपये रोजाना किराया है, जिस पर लागू टैक्स अलग से लगेंगे।

4000 वर्ग मीटर से बड़ी और 8000 वर्ग मीटर तक की जगह पर A1 में 6000 रुपये, A2 में 10000 रुपये और A3 में 12000 रुपये रोजाना देने होंगे। वहीं 8000 से 12000 वर्ग मीटर तक की जगह पर A1 का किराया 9000 रुपये, A2 का 15000 रुपये और A3 का 18000 रुपये रोजाना है। सभी लागू टैक्स अलग से लिए जाएंगे।

इसे एक मिसाल से समझिए। अगर कोई 150 लोगों का योग सेशन 3000 वर्ग मीटर की जगह पर रखना चाहता है, तो ये A1 कैटेगरी और सबसे छोटे स्लैब में आएगा। उसे 3000 रुपये रोजाना और GST चुकाना होगा। वहीं 600 लोगों का कोई बड़ा प्रोग्राम अगर 10000 वर्ग मीटर की जगह पर हो, तो किराया 18000 रुपये रोजाना और टैक्स होगा।

महरौली, बांसेरा और असिता में 5 लाख रुपये तक किराया

दिल्ली के कुछ मशहूर ग्रीन स्पेस के लिए अलग से रेट तय किए गए हैं। इनकी लोकेशन, साइज और सुविधाओं को देखते हुए इनका किराया बाकी पार्कों से अलग रखा गया है।

सबसे महंगी बुकिंग महरौली आर्कियोलॉजिकल पार्क की है। DDA ने यहां बुकिंग के लिए तीन जगहें चुनी हैं। इनमें से एक कुली खान के मकबरे के पास चारबाग एरिया है, जो करीब 14200 वर्ग मीटर में फैला है। यहां नॉन कमर्शियल इवेंट के लिए 3 लाख रुपये और कमर्शियल इस्तेमाल के लिए 5 लाख रुपये रोजाना देने होंगे। इवेंट का सेटअप लगाने और हटाने का चार्ज अलग से लगेगा।

नॉन कमर्शियल इवेंट के लिए ये 2500 रुपये रोजाना होगा, जो ज्यादा से ज्यादा दो दिन के लिए लगेगा। कमर्शियल इवेंट के लिए ये चार्ज 5000 रुपये रोजाना है। इसके ऊपर नॉन कमर्शियल बुकिंग पर 75000 रुपये और कमर्शियल बुकिंग पर 1 लाख रुपये की रिफंडेबल सिक्योरिटी जमा करनी होगी।

सराय काले खां के बांसेरा में जगह और गतिविधि के हिसाब से अलग-अलग किराया है। यहां करीब 840 वर्ग मीटर के कैफे टैरेस लॉन के लिए नॉन कमर्शियल गतिविधियों पर 10000 रुपये रोजाना देने होंगे और 15000 रुपये की रिफंडेबल सिक्योरिटी जमा होगी। करीब 12000 वर्ग मीटर के ग्रीन एरिया टेबल टॉप प्लेटो के लिए नॉन कमर्शियल गतिविधियों पर 2.5 लाख रुपये रोजाना किराया और 1.25 लाख रुपये की रिफंडेबल सिक्योरिटी तय की गई है।

ITO वाले असिता में करीब 1560 वर्ग मीटर का वाटर बॉडी लॉन 30000 रुपये रोजाना पर मिलेगा। यहां 20000 रुपये की रिफंडेबल सिक्योरिटी भी देनी होगी।

स्कूलों को सिर्फ 1 रुपये में मिलेगा पार्क

इस पॉलिसी की एक अहम खासियत स्कूलों को दी गई छूट है। आउटडोर एजुकेशन को बढ़ावा देने के लिए स्कूल पढ़ाई और मनोरंजन से जुड़ी गतिविधियों के लिए तय पार्क स्पेस सिर्फ 1 रुपये में बुक कर सकेंगे। इसमें स्कूल पिकनिक, पेंटिंग और फोटोग्राफी, डिबेट और कॉम्पिटिशन, आउटडोर लर्निंग प्रोग्राम और पढ़ाई व मनोरंजन से जुड़ी दूसरी गतिविधियां शामिल हैं। मतलब बच्चों की ड्राइंग क्लास अब किसी पार्क की हरी घास पर भी लग सकती है।

DDA ने कहा है कि इस छूट का मकसद बच्चों को अनुभव से सीखने के लिए बढ़ावा देना है। साथ ही छात्रों को क्लासरूम से बाहर निकलकर कुदरत से जुड़ने के ज्यादा मौके देना भी इसका लक्ष्य है।

योग से फिल्म शूट तक की इजाजत, शादी और राजनीतिक कार्यक्रम पर रोक

नई पॉलिसी में मनोरंजन, पढ़ाई, कल्चर और कमर्शियल, चारों तरह की कई गतिविधियों को मंजूरी दी गई है। पार्कों में योग और मेडिटेशन सेशन, नेचर और हेरिटेज वॉक, कविता पाठ और किताबों पर चर्चा, लिटरेरी फेस्टिवल, आर्ट और क्राफ्ट एग्जीबिशन, वर्कशॉप और एजुकेशनल प्रोग्राम, कल्चरल परफॉर्मेंस, कॉरपोरेट गैदरिंग और फिल्म शूट, प्राइवेट इवेंट और संगठित मनोरंजन गतिविधियां हो सकेंगी। ये सब हर लोकेशन पर लागू शर्तों के हिसाब से ही होगा। एक बात पर कोई ढील नहीं दी गई है। DDA पार्कों में शादी और राजनीतिक कार्यक्रमों पर पहले की तरह रोक जारी रहेगी।

DDA की मंजूरी से शराब की भी छूट

DDA ने तय पार्कों में इवेंट के दौरान शराब पीने की इजाजत दी है, लेकिन इसके लिए पहले से लिखित मंजूरी लेनी होगी। अथॉरिटी के बयान के मुताबिक शराब की इजाजत तभी मिलेगी, जब बुकिंग के आवेदन में इसका खास तौर पर जिक्र किया गया हो और DDA ने इसे अलग से मंजूरी दी हो।

इवेंट ऑर्गनाइजर्स को संबंधित अथॉरिटी से सभी जरूरी लाइसेंस और परमिशन भी लेनी होंगी। इसके बाद ये सारे कागज जांच के लिए DDA के पास जमा करने होंगे।

किन 17 पार्कों में मिलेगी बुकिंग की सुविधा

DDA ने इस पहल के लिए 17 पार्क और ग्रीन स्पेस चुने हैं। इनमें रोहिणी के स्वर्ण जयंती पार्क और चित्रगुप्त पार्क, हरि नगर का G-8 लेक पार्क, पश्चिम विहार का डिस्ट्रिक्ट पार्क, पीतमपुरा का संदेश विहार और लेक पार्क, द्वारका के डिस्ट्रिक्ट पार्क, इंद्रप्रस्थ पार्क यानी मिलेनियम पार्क, संजय लेक, असिता यमुना रिवर फ्रंट, कोरोनेशन पार्क, आस्था कुंज, हौज खास पार्क, बांसेरा और महरौली आर्कियोलॉजिकल पार्क शामिल हैं।

इसके अलावा अथॉरिटी ने कुछ जगहों के एम्फीथिएटर भी बुकिंग के लिए खोलने का प्रस्ताव रखा है। इनमें इंद्रप्रस्थ पार्क, आस्था कुंज, उत्सव ग्राउंड, वसंत उद्यान, तुगलकाबाद रिक्रिएशनल पार्क, संजय लेक और कोरोनेशन पार्क के एम्फीथिएटर शामिल हैं। ये नोटिफाई की गई क्षमता और ऑपरेशनल तैयारी के हिसाब से उपलब्ध होंगे।

इको सेंसिटिव पार्कों के लिए सख्त नियम

पार्कों को इवेंट के लिए खोलने के साथ DDA ने पर्यावरण के लिहाज से नाजुक जगहों के लिए अलग इंतजाम भी किए हैं। खास तौर पर असिता और महरौली आर्कियोलॉजिकल पार्क के लिए ये नियम बनाए गए हैं।

नोटिफाइड रिज एरिया और संरक्षित जंगल वाले इलाकों में गतिविधियां सिर्फ सूरज उगने से लेकर सूरज ढलने तक ही हो सकेंगी। साइट की हालत पर नजर रखने और जवाबदेही तय करने के लिए DDA इवेंट से पहले और बाद में GPS टैग वाली तस्वीरें लेगा। यानी अगर इवेंट के बाद घास उजड़ी मिली या कोई नुकसान हुआ, तो पहले और बाद की तस्वीरों की तुलना से ये सामने आ जाएगा।

इन कदमों का मकसद ग्रीन स्पेस को नुकसान से बचाना और पर्यावरण की हिफाजत बनाए रखना है, ताकि लोगों को पार्कों तक ज्यादा पहुंच भी मिल सके। नए फ्रेमवर्क के जरिए DDA पब्लिक पार्कों का इस्तेमाल आम मनोरंजन से आगे ले जाना चाहता है और इन्हें संगठित कल्चरल, एजुकेशनल, कॉरपोरेट और कम्युनिटी गतिविधियों के लिए खोल रहा है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।