India Bullet Train: अगले साल 280 KM की रफ्तार से दौड़ेगी देश की पहली बुलेट ट्रेन, सूरत-बिलिमोरा के बीच 50 KM ट्रैक पर होगा ट्रायल
Bullet Train Update: केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि भारत की पहली बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट का ट्रायल मई 2027 में शुरू हो सकता है। इसके तहत सबसे पहले मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर के 50 किलोमीटर लंबे सूरत-बिलिमोरा हिस्से का ट्रायल किया जाएगा
Bullet Train Update: भारत की पहली बुलेट ट्रेन का काउंटडाउन शुरू हो गया है
Mumbai-Ahmedabad Bullet Train Corridor: भारत की पहली बुलेट ट्रेन का इंतजार कर रहे लोगों के लिए गुड न्यूज है। देश में पहली बार हाईस्पीड ट्रेन का ट्रायल मई 2027 में शुरू होने की संभावना है। इसके लिए मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर के सूरत-बिलिमोरा के बीच 50 किलोमीटर लंबे सेक्शन को सबसे पहले तैयार किया जा रहा है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोमवार को बताया कि भारत की पहली बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट का ट्रायल मई 2027 में शुरू हो सकता है। इसके तहत सबसे पहले मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर के 50 किलोमीटर लंबे सूरत-बिलिमोरा हिस्से का ट्रायल किया जाएगा।
जनवरी तक काम पूरा करने का टारगेट
रेल मंत्री के मुताबिक, सूरत-बिलिमोरा सेक्शन पर इलेक्ट्रिफिकेशन का काम पूरा हो चुका है। जबकि सिग्नलिंग से जुड़ा काम जनवरी 2027 तक पूरा होने की उम्मीद है। इसके बाद मई 2027 में इस रूट पर बुलेट ट्रेन का ट्रायल शुरू किया जा सकता है। यह भारत के हाईस्पीड रेल नेटवर्क की दिशा में एक अहम कदम होगा।
भारत की पहली बुलेट ट्रेन परियोजना, मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर को इन दो बड़े शहरों के बीच हाई-स्पीड रेल कनेक्टिविटी देने के लिए तैयार किया जा रहा है। मीडिया से बातचीत में वैष्णव ने बताया कि इस हिस्से में इलेक्ट्रिफिकेशन का काम पूरा हो चुका है। जबकि सिग्नलिंग से जुड़ा काम जनवरी 2027 तक पूरा होने की योजना है।
सूरत-बिलिमोरा सेक्शन पर इलेक्ट्रिफिकेशन का काम पूरा
मुंबई-अहमदाबाद हाईस्पीड रेल कॉरिडोर के इस हिस्से में दोनों ट्रैक पर ओवरहेड इलेक्ट्रिफिकेशन सिस्टम को 20 नवंबर को चालू कर दिया गया है। इस सेक्शन में 2x25 KV ट्रैक्शन सिस्टम लगाया गया है। इसके अलावा बिलिमोरा ट्रैक्शन सबस्टेशन में इंस्टॉलेशन का काम भी पूरा हो चुका है। अब रेलवे का फोकस सिग्नलिंग सिस्टम और ट्रायल से पहले की बाकी तकनीकी तैयारियों पर है। 20 नवंबर को इस एलिवेटेड (ऊंचे) रूट पर ओवरहेड इलेक्ट्रिफिकेशन सिस्टम को चालू कर दिया गया, जो दोनों ट्रैकों को कवर करता है। इस सेक्शन में 2x25 kV ट्रैक्शन सिस्टम का इस्तेमाल किया गया है, और बिलिमोरा ट्रैक्शन सबस्टेशन पर इंस्टॉलेशन का काम भी पूरा हो चुका है।
देश को अपनी पहली बुलेट ट्रेन कब मिलेगी?
टाइम्स ऑफ इंडिया (TOI) के मुताबिक, वैष्णव ने बताया कि यह हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर एक साथ पूरे रूट पर नहीं, बल्कि अलग-अलग चरणों में चालू होगा। तय शेड्यूल के अनुसार, अहमदाबाद-वापी सेक्शन के 2027 के अंत तक पूरा होने की उम्मीद है। वहीं, 2029 तक बुलेट ट्रेन सेवा को ठाणे तक बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है। ट्रायल के पहले चरण में B-28 ट्रेन का इस्तेमाल किया जाएगा, जिसे 280 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से चलने के लिए बनाया गया है।
वैष्णव ने बताया कि 240 किमी प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से ट्रेन चलाने के लिए स्पेशल इंजीनियरिंग की जरूरत होती है। ऐसा इसलिए है क्योंकि ट्रेन के चलने के दौरान बनने वाले दबाव (pressure forces) को ध्यान में रखते हुए ही ट्रेन (rolling stock) और उसके इंफ्रास्ट्रक्चर का डिजाइन तैयार करना पड़ता है। उन्होंने बताया कि B-28 ट्रेन ने 'स्क्वीज टेस्ट' (squeeze test) पास कर लिया है। इस टेस्ट के दौरान ट्रेन पर सामान्य परिचालन के दौरान पड़ने वाले ऐटमॉस्फियरिक प्रेशर (atmospheric pressure) से दोगुना दबाव डाला गया था।
उन्होंने बताया कि यह ट्रायल इसलिए किया गया था ताकि यह देखा जा सके कि ट्रेन तेज गति पर दबाव से जुड़े तनावों को झेल सकती है या नहीं। रेल मंत्री ने महाराष्ट्र में निर्माण कार्य की रफ्तार पर भी संतोष जताया, जिसमें समुद्र के नीचे बनने वाली सुरंग का काम भी शामिल है। उन्होंने इन हिस्सों में हो रही प्रगति को उत्साहजनक बताया।
भारत ने पहली बार बनाई है बुलेट ट्रेन
BEML लिमिटेड को इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (ICF), चेन्नई से 866.87 करोड़ रुपये का कॉन्ट्रैक्ट मिला है। इसके तहत दो प्रोटोटाइप बुलेट ट्रेन (या हाई-स्पीड ट्रेन) सेट बनाए जाएंगे, जिन्हें 250 किमी प्रति घंटे से अधिक की गति से चलने के लिए डिजाइन किया गया है। इन ट्रेनों की डिज़ाइन स्पीड 280 किमी प्रति घंटा होगी। इस कॉन्ट्रैक्ट में दो ट्रेन सेट का डिजाइन, निर्माण और उन्हें चालू करना शामिल है।
हर ट्रेन सेट में आठ कोच होंगे। इन ट्रेनों में पूरी तरह से एयर-कंडीशंड (AC) चेयर कार होंगी। साथ ही में इसमें आधुनिक ऑनबोर्ड इंफोटेनमेंट सिस्टम, पीछे झुकने वाली और घूमने वाली सीटें और दिव्यांगजनों के लिए विशेष विश्व स्तरीय सुविधाएं मौजूद होंगी। इन ट्रेनों के निर्माण के लिए BEML ने बेंगलुरु में 'आदित्य' नाम से विशेष हाईस्पीड रेल मैन्युफैक्चरिंग कॉम्प्लेक्स तैयार किया है।
बुलेट ट्रेन की और भी परियोजनाएं
मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर भारतीय रेलवे की कई महत्वाकांक्षी रेल इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में से एक है। इस साल के केंद्रीय बजट में सात और हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर की घोषणा की गई है। बुलेट ट्रेन बनाने की घरेलू क्षमता विकसित होने से भारत इन प्रस्तावित रूट्स के लिए जरूरी ट्रेनों (रोलिंग स्टॉक) की जरूरतों को कम लागत में पूरा कर सकेगा।
रेलवे के मुताबिक, कुल सात प्रस्तावित कॉरिडोर है। इनमें मुंबई-पुणे (यात्रा का समय 48 मिनट), पुणे-हैदराबाद (1 घंटा 55 मिनट), हैदराबाद-बेंगलुरु (2 घंटे), हैदराबाद-चेन्नई (2 घंटे 55 मिनट), चेन्नई-बेंगलुरु (1 घंटा 13 मिनट), दिल्ली-वाराणसी (3 घंटे 50 मिनट) और वाराणसी-सिलीगुड़ी (पटना होकर) (2 घंटे 55 मिनट) शामिल है।