Adani Bagheera AT1 Anti Tank Missile: आधुनिक युद्धक्षेत्र में सटीक निशाने वाले हथियारों और लॉइटरिंग म्यूनिशंस के बढ़ते इस्तेमाल से टैंकों की सुरक्षा एक बड़ी चुनौती बन गई है। इसी कोर में अदाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस की नई वाहन-माउंटेड एंटी-टैंक गाइडेड मिसाइल (ATGM) प्रणाली 'बघीरा AT1' (Bagheera AT1) भारतीय सेना को महत्वपूर्ण बढ़त प्रदान कर सकती है।
कंपनी के अनुसार, राजस्थान के पोकरण फील्ड फायरिंग रेंज में शनिवार को 'बघीरा AT1' का सफल परीक्षण किया गया। यह प्रणाली भारतीय सेना की स्वदेशी नाग मिसाइल के मुकाबले दोगुनी रेंज देती है और अदाणी ग्रुप के जरिए निजी क्षेत्र को एक बेहद अहम रणनीतिक हथियार सेगमेंट में आगे लेकर आती है।
सुरक्षित आड़ से वार और तेज मूवमेंट
18 महीने में विकसित किए गए अदाणी के बघीरा सिस्टम में कंपनी द्वारा डिजाइन किया गया 4x4 आर्मर्ड वाहन शामिल है, जिस पर एक ऑटोमेटेड लॉन्चर लगा है। इसमें 4 मिसाइलें किसी भी वक्त दागने के लिए तैयार रहती हैं और 8 अतिरिक्त रीलोड वाहन के भीतर मौजूद रहते हैं।
इस सिस्टम को इस तरह तैयार किया गया है कि यह सुरक्षित पोजिशन से फायर कर सके और हमला करने के बाद तेजी से अपना स्थान बदल ले, जिससे जवाबी कार्रवाई का खतरा काफी कम हो जाता है।
लेजर बीम-राइडिंग तकनीक और 10 किमी तक गाइडेड प्रदर्शन
बघीरा मिसाइल की एक प्रमुख विशेषता इसकी लेजर बीम-राइडिंग गाइडेंस तकनीक है। रेडियो-फ्रीक्वेंसी कमांड लिंक पर निर्भर रहने वाली मिसाइलों के उलट, यह मिसाइल लक्ष्य की ओर टारगेटेड लेजर बीम के सहारे आगे बढ़ती है। इस वजह से पारंपरिक रेडियो-फ्रीक्वेंसी जैमिंग का इस पर असर कम होता है।
वैसे बघीरा AT1 की एंगेजमेंट रेंज 8 किलोमीटर तक है, लेकिन परीक्षण के दौरान 10 किलोमीटर तक गाइडेड एंगेजमेंट का प्रदर्शन किया गया। ये ट्रायल 'नो कॉस्ट नो कमिटमेंट' फ्रेमवर्क के तहत हुए, जिससे सशस्त्र बल बिना किसी तत्काल खरीद प्रतिबद्धता के हथियार प्रणाली का आकलन कर सकते हैं।
कंपनी के बयान के मुताबिक, 'इस कार्यक्रम में दिन और रात के लक्ष्यों पर सटीक वार, बख्तरबंद वाहन जैसे लक्ष्य के खिलाफ एक ही बीम पर दो मिसाइलों की टैंडम फायरिंग और बढ़ी हुई रेंज पर हवाई लक्ष्य को भेदने की क्षमता को परखा गया। इसके बाद पूरे सिस्टम का स्टैटिक डिस्प्ले भी किया गया।' यह भी दिखाया गया कि यह सिस्टम बढ़ी हुई रेंज पर हवाई लक्ष्य को भेद सकता है, जो कम ऊंचाई वाले खतरों के खिलाफ अतिरिक्त लचीलापन दे सकता है, हालांकि इसकी मुख्य भूमिका एंटी-आर्मर युद्ध की ही है।
वैश्विक मुकाबले में कहां ठहरती है अदाणी की 'बघीरा'?
इस परीक्षण के साथ अदाणी की बघीरा एक ऐसे प्रतिस्पर्धी सेगमेंट में उतरती है, जहां पहले से रूस की Kornet-EM जैसी स्थापित प्रणाली मौजूद है, जिसकी बख्तरबंद लक्ष्यों के खिलाफ रेंज भी लगभग 8 किलोमीटर है। वहीं, इजरायल की Spike NLOS की रेंज काफी अधिक है और वह इलेक्ट्रो-ऑप्टिकल गाइडेंस का इस्तेमाल करती है, जबकि फ्रांस की Akeron MP में इमेजिंग सेंसर और ऑपरेटर कंट्रोल का अलग संयोजन मिलता है।
रक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि रेगिस्तान में गर्मियों के महीनों की कड़ी परिस्थितियों में भी बघीरा की क्षमता का परीक्षण और सत्यापन होना जरूरी है। फिर भी यह प्रणाली अहम मानी जा रही है, क्योंकि दुश्मन के टैंक को मारक सीमा में आने से पहले ही तबाह करने की क्षमता भविष्य की जमीनी लड़ाइयों में निर्णायक साबित हो सकती है।