Parastoo Ahmadi: ईरान में बिना हिजाब परफॉर्म करना पड़ा भारी, मशहूर सिंगर परस्तू अहमदी को मारे गए 74 कोड़े

Iran Singer Parastoo Ahmadi: ईरान में बिना हिजाब के कॉन्सर्ट करने वाली 29 वर्षीय मशहूर सिंगर परस्तू अहमदी को 74 कोड़े मारे जाने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। BBC के मुताबिक, उनके साथ बैंड और प्रोडक्शन टीम के चार अन्य सदस्यों को भी यह सजा दी गई है। अहमदी ने हिजाब के बिना परफॉर्म किया था, जिसका वीडियो वायरल होने के बाद ईरान में हंगामा मच गया

अपडेटेड Nov 24, 2026 पर 8:11 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Iran Singer Parastoo Ahmadi: ईरानी अधिकारियों ने बिना हिजाब के परफॉर्म करने वाली सिंगर परस्तू अहमदी को 74 कोड़े मारे

Iran Singer Parastoo Ahmadi: ईरान में महिलाओं की आजादी और ड्रेस कोड को लेकर एक बार फिर चौंकाने वाला विवाद सामने आया है। बिना हिजाब और स्लीवलेस ड्रेस पहनकर कॉन्सर्ट करने वाली 29 वर्षीय मशहूर ईरानी सिंगर परस्तू अहमदी को 74 कोड़े मारे गए हैं। उनके साथ बैंड और प्रोडक्शन टीम के चार अन्य सदस्यों को भी यही सजा दी गई है। 'BBC फारसी' की रिपोर्ट के मुताबिक, सिंगर ने ईरान में अनिवार्य हिजाब के बिना परफॉर्म किया था। उनके साथ बैंड और प्रोडक्शन टीम के चार सदस्यों को भी ईरानी अधिकारियों ने कोड़े मारे हैं। बचाव पक्ष की टीम के एक सदस्य ने BBC को बताया कि यह सजा सोमवार, 23 नवंबर को कोम स्थित 'क्रिमिनल सेंटेंस एनफोर्समेंट ऑफिस' (सजा अमल में लाने वाले कार्यालय) में दी गई।

29 साल की अहमदी ने दिसंबर 2024 में लाइवस्ट्रीम किए गए एक कॉन्सर्ट के दौरान स्लीवलेस ड्रेस पहनी थी। ईरान के कानून ऐसी महिलाओं के पब्लिक परफॉर्मेंस पर रोक लगाते हैं। उन्हें हेडस्कार्फ और शालीन कपड़े पहनने की जरूरत होती है। इस साल जून में कोम की एक क्रिमिनल कोर्ट ने अहमदी और आठ अन्य को 'अश्लील और अभद्र सामग्री' के पब्लिकेशन के जरिए 'पब्लिक तमीज को ठेस पहुंचाने' का दोषी ठहराया था।

देश छोड़ने पर लगा बैन


74 कोड़ों की सजा के अलावा महिला सिंगर पर ऑडियोविजुअल एक्टिविटीज और दो साल के लिए देश छोड़ने पर बैन लगा दिया गया है। उनके वकीलों ने बताया कि सितंबर के आखिर में कोम की एक अपील कोर्ट ने डिफेंडेंट की अपील खारिज कर दी और सजा कंफर्म कर दी। सिंगर के वकीलों ने BBC से इस कार्रवाई की पुष्टि की है। बचाव पक्ष के एक सदस्य के मुताबिक, परस्तू अहमदी और उनके चार पुरुष सह-आरोपियों को कोम स्थित क्रिमिनल सेंटेंस एनफोर्समेंट ऑफिस में कोड़े मारे गए। वकीलों ने सजा को रोकने या कम कराने के लिए कानूनी प्रयास किए थे। लेकिन अदालत ने उनकी अपील खारिज कर दी।

बिना हिजाब कॉन्सर्ट का वीडियो हुआ था वायरल

परस्तू अहमदी ने दिसंबर 2024 में अपने यूट्यूब चैनल पर एक कॉन्सर्ट लाइवस्ट्रीम किया था। इस कार्यक्रम में उन्होंने बिना हिजाब के स्लीवलेस ड्रेस पहनी थी। ईरान में महिलाओं के सार्वजनिक प्रदर्शन और पहनावे को लेकर सख्त नियम लागू हैं। वहां महिलाओं के लिए सार्वजनिक स्थानों पर हिजाब पहनना और ढीले एवं शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनना अनिवार्य है। इस कॉन्सर्ट के बाद ईरानी अधिकारियों ने अहमदी और कार्यक्रम से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की थी। जून में कोम की एक आपराधिक अदालत ने अहमदी समेत नौ लोगों को सार्वजनिक मर्यादा का उल्लंघन करने और कथित अश्लील सामग्री प्रकाशित करने का दोषी ठहराया था। हालांकि, आरोपियों ने इन आरोपों से इनकार किया था।

अदालत ने दो साल तक काम करने पर भी लगाई रोक

अदालत ने 74 कोड़े मारने की सजा के अलावा आरोपियों पर दो साल तक ऑडियोविजुअल एरिया में काम करने और ईरान छोड़ने पर भी प्रतिबंध लगाया था। आरोपियों ने इस फैसले के खिलाफ अपील की थी। लेकिन सितंबर के अंत में कोम की अपीलीय अदालत ने उनकी अपील खारिज करते हुए सजा बरकरार रखी। BBC फारसी के मुताबिक, सजा पाने वालों में परस्तू अहमदी के अलावा संगीतकार सोहेल फकीह-नासिरी, अमीन ताहेरी, अमीरअली पिरनिया और निर्माता मोहसेन लश्करी शामिल हैं।

मानवाधिकार संगठनों ने की कार्रवाई की आलोचना

परस्तू अहमदी को कोड़े मारे जाने की घटना के बाद मानवाधिकार कार्यकर्ताओं और कलाकारों ने ईरानी अधिकारियों की आलोचना की है। अमेरिका स्थित सेंटर फॉर ह्यूमन राइट्स इन ईरान की एडवोकेसी डायरेक्टर बहार घनदेहरी ने इस कार्रवाई को अहमदी के बुनियादी अधिकारों का स्पष्ट उल्लंघन बताया। उन्होंने कहा कि यह घटना दिखाती है कि ईरानी अधिकारी महिलाओं की स्वतंत्रता को सीमित करने और भेदभावपूर्ण कानूनों को चुनौती देने वालों को दंडित करने पर आमादा हैं। मानवाधिकार संगठनों का कहना है कि कोड़े मारना क्रूर, अमानवीय और अपमानजनक सजा है तथा इसे यातना के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय मानकों का उल्लंघन माना जाता है।

ईरान में हिजाब को लेकर सख्त कानून

ईरान में शरिया कानून की व्याख्या के तहत युवावस्था के बाद महिलाओं और लड़कियों के लिए बालों को हिजाब से ढकना और शरीर को छिपाने वाले लंबे व ढीले कपड़े पहनना अनिवार्य है। इन नियमों का उल्लंघन करने पर गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि, पिछले कुछ वर्षों में बड़ी संख्या में ईरानी महिलाओं ने सार्वजनिक स्थानों पर हिजाब पहनना छोड़ दिया है। इसके जवाब में ईरानी अधिकारियों ने गिरफ्तारी, चेतावनी और कारोबार बंद कराने जैसी कार्रवाई की है।

महसा अमीनी की मौत के बाद तेज हुआ था विरोध

सितंबर 2022 में 22 वर्षीय कुर्दिश महिला महसा अमीनी को तेहरान में कथित तौर पर ठीक से हिजाब नहीं पहनने के आरोप में मॉरल पुलिस ने हिरासत में लिया था। हिरासत के दौरान उनकी मौत हो गई थी। इस घटना के बाद पूरे ईरान में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए थे। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने अपने हिजाब जलाए। साथ ही देशभर में सार्वजनिक रूप से विरोध जताया। सुरक्षा बलों की कार्रवाई में सैकड़ों लोगों की मौत हुई थी। इसके बाद से ईरान में महिलाओं के पहनावे और व्यक्तिगत स्वतंत्रता को लेकर विवाद लगातार जारी है। अहमदी को 74 कोड़े मारने की घटना ने एक बार फिर ईरान में महिलाओं की स्वतंत्रता, अभिव्यक्ति की आजादी और सख्त धार्मिक कानूनों को लेकर अंतरराष्ट्रीय बहस तेज कर दी है।

ये भी पढ़ें- IMD Weather Update: दिल्ली-NCR और हरियाणा में बढ़ेगी ठंड, इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, 27 नवंबर तक ऐसा रहेगा मौसम

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।