Sheikh Hasina News: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की स्वदेश वापसी को लेकर विवाद बढ़ गया है। तारिक रहमान के नेतृत्व वाली बांग्लादेश सरकार ने शेख हसीना की उस मांग को खारिज कर दिया है, जिसमें उन्होंने 16 दिसंबर को देश की राष्ट्रीय एयरलाइन 'बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस' से स्वदेश लौटने की इच्छा जताई थी। बांग्लादेश सरकार का कहना है कि शेख हसीना की वापसी सामान्य यात्री की तरह नहीं हो सकती। उन्हें केवल प्रत्यर्पण के जरिए ही वापस लाया जा सकता है।
बांग्लादेश के विदेश मामलों के राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने शेख हसीना की वापसी को लेकर सख्त बयान दिया है। उन्होंने कहा कि शेख हसीना कोई सामान्य यात्री नहीं हैं। उन्हें हथकड़ी लगाकर या कड़ी निगरानी में ही वापस लाया जा सकता है। मंत्री ने कहा कि शेख हसीना पर आतंकवाद से जुड़े गंभीर आरोप हैं। उनकी वापसी केवल कानूनी प्रत्यर्पण प्रक्रिया के तहत ही संभव है।
बांग्लादेश सरकार ने शेख हसीना को बताया 'भगोड़ा आतंकवादी'
हुमायूं कबीर ने शेख हसीना पर तीखा हमला करते हुए उन्हें दोषी अपराधी और 'भगोड़ा आतंकवादी' बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि शेख हसीना के नेतृत्व वाली अवामी लीग सरकार के कार्यकाल में राज्य प्रायोजित आतंकवाद हुआ। मंत्री ने कहा कि बांग्लादेश के लोग शेख हसीना के शासनकाल में अवामी लीग से जुड़े आतंकवाद को जानते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि शेख हसीना की इच्छा और जमीनी हकीकत में काफी अंतर है। कबीर के मुताबिक, शेख हसीना को प्रत्यर्पण के अलावा किसी दूसरे तरीके से बांग्लादेश लौटने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटना चाहती हैं शेख हसीना
शेख हसीना ने हाल ही में 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटने की अपनी इच्छा जाहिर की थी। उन्होंने बांग्लादेश सरकार से अनुरोध किया था कि उनकी यात्रा के लिए राष्ट्रीय एयरलाइन 'बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस' की व्यवस्था की जाए। साथ ही जरूरी ट्रैवल दस्तावेज उपलब्ध कराए जाएं। हालांकि, बांग्लादेश सरकार ने उनकी इस मांग को स्वीकार करने से इनकार कर दिया है। सरकार का कहना है कि उनकी वापसी सामान्य हवाई यात्रा के जरिए नहीं होगी।
2024 के आंदोलन के बाद भारत में रह रही हैं शेख हसीना
शेख हसीना अगस्त 2024 में बांग्लादेश में हुए बड़े जनआंदोलन के बाद देश छोड़कर भारत आ गई थीं। इसके बाद से वह नई दिल्ली में रह रही हैं। उन्होंने करीब 15 साल तक बांग्लादेश की सत्ता संभाली थी। देश छोड़ने के बाद उनके पासपोर्ट और अन्य यात्रा दस्तावेज रद्द किए जाने की खबरें भी सामने आई थीं। बांग्लादेश सरकार अब भारत से उनके प्रत्यर्पण की मांग कर रही है।
वापसी पर गिरफ्तारी और जेल की बात
बांग्लादेश के एक मंत्री ने न्यूज एजेंसी 'रॉयटर्स' को बताया कि अगर शेख हसीना देश लौटती हैं तो उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। रिपोर्ट के मुताबिक, शेख हसीना की वापसी के लिए विमान की व्यवस्था को लेकर भारत सरकार के साथ कोई आधिकारिक बातचीत नहीं हुई है।
हसीना पर पीएम रहमान का बड़ा आरोप
बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने शेख हसीना की अवामी लीग पर देश को अस्थिर करने की साजिश रचने का आरोप लगाया। उन्होंने लोगों से एकजुट होकर आतंकवाद, हत्याओं और चुनाव में धांधली की राजनीति को फिर से शुरू करने की कोशिश करने वालों को मुंहतोड़ जवाब देने की अपील की। भारत की सीमा से सटे उत्तर-पश्चिमी जिले लालमोनिरहाट में एक जनसभा को संबोधित करते हुए रहमान ने आरोप लगाया कि अवामी लीग के समर्थक देश में अशांति फैलाने के लिए आगजनी और हत्याओं का सहारा ले रहे हैं। हसीना की पार्टी की ओर से पिछले सप्ताह आयोजित देशव्यापी बंद के दौरान कई इलाकों में हिंसा की घटनाएं हुईं।
उनकी यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब देश के सात जिलों में आगजनी, देसी बम विस्फोट और तोड़फोड़ की घटनाओं के बाद अर्धसैनिक बलों के करीब 3,000 जवानों को तैनात किया गया है। इन घटनाओं के कारण देश के कई हिस्सों में परिवहन सेवाएं प्रभावित हुईं। प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि अवामी लीग की सरकार ने न केवल देश और जनता के हितों की अनदेखी की, बल्कि सीमा पार अपने ''आकाओं'' के हितों की भी सेवा की। उन्होंने किसी देश का नाम नहीं लिया।
79 वर्षीय हसीना 5 अगस्त, 2024 को छात्र आंदोलन के कारण अपनी सरकार गिरने के बाद बांग्लादेश छोड़कर भारत आ गई थीं। तब से वह भारत में रह रही हैं। बांग्लादेश ने भारत के साथ द्विपक्षीय प्रत्यर्पण संधि के तहत हसीना को वापस भेजने की मांग दोहराई है। जबकि हसीना ने स्वेच्छा से बांग्लादेश लौटकर कानूनी कार्यवाही का सामना करने की इच्छा जताई है। हसीना को सत्ता से हटाए जाने के बाद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार ने अवामी लीग पर प्रतिबंध लगा दिया था। 12 फरवरी को हुए चुनाव के बाद सत्ता में आई रहमान के नेतृत्व वाली BNS सरकार ने भी इस प्रतिबंध को बरकरार रखा है।