Nvidia News: अमेरिकी टेक कंपनी एनवीडिया के शेयरों में आई जोरदार तेजी ने कंपनी की गिरावट पर दांव लगाने वाले निवेशकों को बड़ा झटका दिया है। सोमवार को एनवीडिया के शेयरों में जबरदस्त उछाल आने से कई लेवरेज्ड शॉर्ट ईटीएफ और ईटीपी की वैल्यू कुछ ही घंटों में बुरी तरह गिर गई। सबसे ज्यादा नुकसान तीन गुना लेवरेज वाले शॉर्ट प्रोडक्ट में देखने को मिला, जिसकी कीमत करीब 92% तक टूट गई। एनवीडिया के शेयरों को को-फाउंडर और सीईओ जेनसेन हुआंग के इस्तीफे से शॉक लगा था और अब उनकी एकाएक वापसी से शेयर 37% तक उछल पड़े। इससे पहले इसके शेयर पिछले हफ्ते 23% और इस महीने शुक्रवार तक 39% टूट गए थे।
Nvidia की तेजी ने कितना दिया शॉक?
जेनसेन हुआंग के इस्तीफे के बाद कई ट्रेडर्स ने एनवीडिया की गिरावट पर दांव लगाया था लेकिन फिर उनकी एकाएक वापसी हुई तो शेयर रॉकेट बन गए और गिरावट की उम्मीद वाले ट्रेडर्स हिल गए। इसकी गिरावट के दोगुना रिटर्न के टारगेट वाली ग्रेनाइटशेयर्स 2x शॉर्ट एनवीडीए डेली ईटीएफ (टिकर NVD) 63% तक गिर गया। करीब $10 करोड़ का यह फंड इस साल शुक्रवार तक यानी एनवीडिया की तेजी से पहले तक 46% ऊपर था।
इसे एनवीडिया के शेयरों की भारी बिकवाली से फायदा मिला था। यूरोप में तो स्थिति और भी खराब रही। ग्रेनाइटशेयर्स 3x शॉर्ट NVIDIA डेली ईटीपी (3SNV) 92% गिर गया, तो लेवरेज शेयर्स का एक प्रोडक्ट (NV3S) 80% नीचे आ गया।
ये फाइनेंशियल प्रोडक्ट एनवीडिया के शेयरों की हर दिन गिरावट से दो या तीन गुना फायदा देने के उद्देश्य से बनाए गए हैं। हालांकि जब शेयर अचानक तेजी पकड़ता है, तो ट्रेडर्स का नुकसान भी उसी अनुपात में बढ़ जाता है।
क्या कहना है एक्सपर्ट्स का?
एनालिस्ट्स के मुताबिक लीवरेज्ड प्रोडक्ट्स आमतौर पर डेरिवेटिव्स का इस्तेमाल करते हैं और अपने एक्सपोजर को हर दिन के हिसाब से सेट करते हैं यानी कि इन्हें लॉन्ग टर्म निवेश के बजाय हाई-रिस्क ट्रेडिंग इंस्ट्रूमेंट के रूप में देखना चाहिए। ये ट्रेडिंग इंस्ट्रूमेंट्स हैं, न कि ट्रेडिशनल बाय-एंड-होल्ड इंवेस्टमेंट्स। हालांकि इस साल एआई से जुड़े शेयरों में तेज उठा-पटक ने ने ट्रेडर्स को जबरदस्त मुनाफा कराया है तो तगड़ा झटका भी दिया है।
वॉलैकबेथ कैपिटल (WallachBeth Capital) में ईटीएफ के एमडी मोहित बजाज का कहना है कि किसी भी लेवरेज्ड ईटीएफ में फायदे की संभावना के साथ घाटे की भी आशंका रहती है और ट्रेडर्स को इस पर नजर रखनी होती है। ग्रेनाइट शेयर्स के फाउंडर और सीईओ विल रिंड के मुताबिक ऐसे में लेवरेज्ड ईटीएफ को स्टॉप लॉस के साथ इस्तेमाल करना चाहिए, ताकि वैल्यू जीरो होने से बचा जा सके।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।