एशियाई शेयर बाजारों में 24 नवंबर यानी मंगलवार को जबर्दस्त तेजी दिखी। इसमें सोमवार को अमेरिकी बाजारों में आई बड़ी तेजी का हाथ है। हालांकि, भारतीय शेयर बाजार आज गुरुनानक जयंती के मौके पर बंद हैं। पिछले सप्ताह की भारी बिकवाली के बाद सेमीकंडक्टर और टेक्नोलॉजी शेयरों में खरीदारी लौटने से 23 नवंबर को अमेरिकी बाजार में शानदार रिकवरी दिखी। इसका असर 24 नवंबर को एशियाई शेयर बाजारों पर पड़ा।
ताइवान का शेयर बाजार 9 फीसदी से ज्यादा चढ़ा
दक्षिण कोरिया का Kospi इंडेक्स 11 बजे 7.5 फीसदी ऊपर चल रहा था। ताइवान का बेंचमार्क इंडेक्स 9.1 फीसदी तक चढ़ गया जापान का Nikkei 225 इंडेक्स भी 5 फीसदी तक चढ़ गया। तीन दिन की छुट्टी के बाद जापानी बाजार में कारोबार शुरू हुआ। गिफ्ट निफ्टी में भी 0.43 फीसदी की तेजी देखने को मिली। जापान को छोड़कर एशिया-प्रशांत क्षेत्र के शेयर बाजारों का MSCI इंडेक्स 4.6 फीसदी चढ़ गया।
अमेरिकी शेयर बाजार में तेजी का पड़ा असर
एशियाई बाजारों में तेजी की प्रमुख वजह अमेरिकी शेयर बाजार में सोमवार को आई जोरदार रिकवरी रही। Nvidia के CEO जेन्सन हुआंग की वापसी की खबर से AI और सेमीकंडक्टर सेक्टर के शेयरों में जबरदस्त खरीदारी हुई थी। Nasdaq Composite 6.51 फीसदी और S&P 500 इंडेक्स 4.73 फीसदी उछलकर बंद हुए थे। इसका पाजिटिव असर एशिया के उन बाजारों पर भी पड़ा, जहां टेक्नोलॉजी और सेमीकंडक्टर कंपनियों की बड़ी हिस्सेदारी है।
Nvidia का शेयर 31 फीसदी से ज्यादा चढ़ा
अमेरिका में Nvidia के शेयरों में सोमवार को 31.5 फीसदी की जोरदार तेजी आई। इससे कंपनी के मार्केट कैप में करीब 1 लाख करोड़ डॉलर का इजाफा हुआ। हालांकि, इतनी बड़ी तेजी के बावजूद Nvidia के शेयर करीब दो हफ्ते पहले के स्तर से लगभग 5 फीसदी नीचे बने हुए हैं। Intel का शेयर 16 फीसदी से ज्यादा उछल गया। कैटरपिलर में 7 फीसदी से ज्यादा की तेजी आई। सिस्को सिस्टम्स 6.8 फीसदी चढ़कर बंद हुआ।
बुधवार को भारतीय बाजारों में तेजी की उम्मीद
गिफ्ट निफ्टी में तेजी से ऐसा लगता है कि बुधवार को भारतीय शेयर बाजारों में मजबूती दिखेगी। मंगलवार की छुट्टी के बाद बुधवार को भारतीय बाजार खुलेंगे। सोमवार को भारतीय बाजारों में बड़ी गिरावट आई थी। BSE Sensex 1.8 फीसदी टूटकर 82,436 पर बंद हुआ। NSE Nifty 50 गिरकर 25,349.70 पर आ गया। इससे Nifty में लगातार चार सप्ताह से जारी तेजी का सिलसिला भी टूट गया।
डिसक्लेमर: मनीकंट्रोल पर एक्सपर्ट्स की तरफ से व्यक्त विचार उनके अपने विचार होते हैं। ये वेबसाइट या इसके मैनेजमेंट के विचार नहीं होते। मनीकंट्रोल की यूजर्स को सलाह है कि उन्हें निवेश का फैसला लेने से पहले सर्टिफायड एक्सपर्ट्स की राय लेनी चाहिए।