Nvidia News: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का दावा है कि अगर एनवीडिया के बोर्ड ने जेनसेन हुआंग (Jensen Huang) को दोबारा सीईओ नहीं बनाया होता, तो चीन उन्हें अपनी टेक्नोलॉजी इंडस्ट्री में कोई बड़ा पद ऑफर कर सकता था। ट्रंप के इस बयान से साफ है कि अमेरिका AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) की वैश्विक होड़ में एनवीडिया के को-फाउंडर को कितना अहम मानता है। सीएनबीसी के साथ इंटरव्यू में ट्रंप ने यह स्वीकार किया कि उन्होंने एनवीडिया के बोर्ड से सीधे बात की थी और हुआंग को सीईओ पद पर वापस लाने के लिए उन्हें मनाया था।
जेनसेन हुआंग ने 12 नवंबर को एनवीडिया के सीईओ पद से इस्तीफा दिया था। इसके बाद टेक शेयरों में भारी बिकवाली आई। न्यूज एजेंसी एपी की रिपोर्ट के मुताबिक ट्रंप को आशंका थी कि हुआंग के जाने से चीन को फायदा मिल सकता है और चीन की कोई कंपनी उन्हें अपने साथ जोड़ सकती है। अब सीईओ के तौर पर जेनसेन हुआंग की वापसी से एनवीडिया के शेयरों को पंख लग गए और एशियाई बाजारों में भी बहार छा गई।
अमेरिकी प्रशासन की कोशिशों से Nvidia में हुई वापसी!
एनवीडिया में जेनसेन हुआंग की वापसी के लिए ट्रंप सरकार में से कई ने कोशिशें की थी। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने खुद एनवीडिया के बोर्ड से सीधे बातचीत का दावा किया। इसके अलावा अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस (JD Vance) ने भी जेनसेन हुआंग और एनवीडिया के बोर्ड के साथ बातचीत में अहम भूमिका निभाई। कॉमर्स मिनिस्टर हावर्ड लुटनिक और वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने भी इसे लेकर काम किया।
सीएनएन के मुताबिक ट्रंप सरकार ने एनवीडिया को भरोसा दिलाने की कोशिश की कि जेनसेन हुआंग से अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा होने का कोई सबूत नहीं मिला है। नेशनल सिक्योरिटी को लेकर यह चिंता उन रिपोर्ट्स के बाद बढ़ी थी, जिनमें जेनसेन हुआंग के निजी संबंधों और चीन की खुफिया एजेंसी से कथित संबंध रखने वाली महिला से जुड़ी आशंकाओं का जिक्र था। यह मामला सामने आने के बाद जेनसेन हुआंग को इस्तीफा देना पड़ा था। हालांकि ट्रंप ने कहा कि उनकी तकनीकी विशेषज्ञता इतनी अधिक है कि उनकी जगह लेना आसान नहीं होगा। सीएबीसी के साथ इंटरव्यू में ट्रंप ने इस बात का भी जिक्र किया कि जेनसेन ने कंपनी, देश और अपने परिवार और अपनी पत्नी से माफी मांग ली है।
वापसी के बाद भी जांच जारी
एनवीडिया में सीईओ के तौर पर जेनसेन हुआंग की वापसी तो हो गई है लेकिन बोर्ड ने स्पष्ट कर दिया है कि उनसे जुड़े आरोपों की जांच जारी रहेगी। अमेरिकी सीनेट बैंकिंग समिति इस मामले में 3 दिसंबर को सार्वजनिक तौर पर सुनवाई करेगी और इसमें जेनसेन हुआंग उपस्थित रहेंगे। कुछ सांसदों ने उनकी वापसी की आलोचना भी की है।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।