महाराष्ट्र के पुणे में बुधवार (25 नवंबर) को कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। शिवाजीनगर कोर्ट परिसर के बाहर बुधवार दोपहर छह लोगों के एक समूह ने हत्या के एक आरोपी पर सरेआम धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमलावरों ने कथित तौर पर पहले उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। फिर धारदार हथियार से आरोपी के दोनों हाथ काट दिए। इस वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। एक अधिकारी ने बताया कि हमलावर मौके से फरार हो गए। जबकि पुलिस ने घटनास्थल से दो पिस्तौल और एक मैगजीन बरामद की है।
अधिकारियों ने बताया कि घटना दोपहर करीब एक बजे हुई। अधिकारी ने बताया कि घायल व्यक्ति की पहचान मंदार किवाले के रूप में हुई है। उसे ससून जनरल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज किया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने किवाले का पीछा किया और धारदार हथियारों से उस पर हमला किया। हालांकि, पुलिस अधिकारी ने पीटीआई को बताया कि अभी यह पता नहीं चल पाया है कि घटना के दौरान गोली भी चलाई गई थी या नहीं।
शुभम चव्हाण हत्याकांड में आरोपी है किवाले
उन्होंने कहा कि किवाले शुभम चव्हाण हत्याकांड में आरोपी है। उस पर हमला पुरानी रंजिश का नतीजा हो सकता है। किवाले शनिवार को जमानत पर जेल से बाहर आया था। बुधवार को अदालत में सुनवाई के लिए पहुंचा था। इसी दौरान कोर्ट के गेट नंबर 4 के बाहर हमलावरों ने उसे निशाना बना लिया। अधिकारियों ने कहा कि मामले की जांच जारी है।
जमानत पर बाहर आने के बाद कोर्ट पहुंचा था आरोपी
हमारे सहयोगी 'न्यूज 18' की रिपोर्ट के मुताबिक, मंदार किवाले को शुभम चव्हाण की हत्या के मामले में गिरफ्तार किया गया था। शुभम की 20 अप्रैल 2025 को पुणे के कात्रज इलाके के संतोष नगर में हत्या कर दी गई थी। बताया गया कि जमीन और पैसे से जुड़ा विवाद इस हत्या की वजह था। इस मामले में आरोपी मंदार शनिवार को जमानत पर जेल से बाहर आया था। बुधवार को वह कानूनी कार्यवाही के सिलसिले में शिवाजीनगर जिला अदालत पहुंचा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उस पर हमला कर दिया।
दो स्कूटरों पर आए थे हमलावर
बताया जा रहा है कि हमलावर दो स्कूटरों पर सवार होकर आए थे। एक स्कूटर पर चार और दूसरे पर दो लोग सवार थे। हमलावरों ने अदालत के बाहर मंदार पर गोलियां चलाईं और धारदार हथियार से हमला किया। घटना के बाद सामने आए वीडियो में सड़क पर खून से लथपथ घायल व्यक्ति दिखाई दे रहा है। वीडियो में एक हमलावर के हाथ में खून से सना धारदार हथियार भी नजर आया।
मौके से दो बंदूकें और कारतूस बरामद
पुलिस ने घटनास्थल से दो बंदूकें बरामद की हैं। इसके अलावा एक मैगजीन भी मिली है, जिसमें कथित तौर पर जिंदा कारतूस मौजूद थे। पुलिस ने सभी हथियार अपने कब्जे में ले लिए हैं। मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच एजेंसियां इस बात का पता लगाने में जुटी हैं कि क्या यह हमला 2025 में हुए शुभम चव्हाण हत्याकांड का बदला लेने के लिए किया गया था। हालांकि, हमले के पीछे की असली वजह की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
विपक्ष ने सरकार पर बोला हमला
इस घटना को लेकर विपक्षी कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस पर निशाना साधा। कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि पुणे में अपराध की घटनाएं सारी हदें पार कर चुकी हैं। अब अपराधी अदालत के बाहर भी हमले कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस हमले से साफ है कि अपराधियों के मन में कानून का कोई डर नहीं रह गया है। उन्होंने हाल की उन घटनाओं का भी जिक्र किया, जिनमें आरोपी अस्पतालों से फरार हो गए और आपराधिक गतिविधियों का महिमामंडन करने वाले वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए।
वडेट्टीवार ने कहा, "गृह मंत्री के भाषणों और आंकड़ों में कानून-व्यवस्था की स्थिति बहुत अच्छी दिखाई जाती है। लेकिन आज की घटना ने जमीनी हकीकत सामने ला दी है।" उन्होंने सवाल किया कि इस घटना की जिम्मेदारी कौन लेगा। साथ ही, उन्होंने पुलिस की भूमिका की जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
NCP (शरदचंद्र पवार) के प्रवक्ता क्लाइड क्रास्टो ने कहा कि ऐसा लगता है कि अपराधियों के मन में कानून का कोई डर नहीं है। उन्होंने फडणवीस से सक्रियता दिखाते हुए यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया कि अपराधियों में कानून का भय हो। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।