'कौन यूपी का CM बनेगा, सब जानते हैं...'; केशव मौर्य के 'कमल' वाले बयान पर योगी का पलटवार, 2027 से पहले BJP में नई चर्चा शुरू!
UP Election 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) के मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर CM योगी आदित्यनाथ ने बड़ा बयान दिया है। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के 'कमल का फूल ही CM चेहरा होगा' वाले बयान पर योगी ने कहा, 'कौन है और कौन नहीं, यह हर व्यक्ति जानता है।' सीएम योगी का बयान यूपी में चर्चा का विषय बना हुआ है
UP Election 2027: बीजेपी ने अभी तक यूपी में मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार की आधिकारिक घोषणा नहीं की है
UP Election 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) में मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर चर्चा तेज हो गई है। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के 'कमल का फूल ही बीजेपी का चेहरा होगा' वाले बयान के बाद अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया दी है। CM योगी ने कहा कि मुख्यमंत्री का चेहरा कौन होगा, यह हर व्यक्ति जानता है। उन्होंने यह बात यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के उस बयान के जवाब में कही, जिसमें मौर्य ने कहा था कि राज्य में पार्टी का चुनाव चिह्न 'कमल' ही उसका चेहरा है।
ABP न्यूज से बातचीत में सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, "हर किसी को कमल (चुनाव चिह्न) पर ही चुनाव लड़ना होगा। मैं भी कमल के निशान पर ही चुनाव लड़ूंगा। हमारे लिए कमल का फूल ही सब कुछ है।" इस दौरान मौर्य के बयान के बारे में पूछे जाने पर आदित्यनाथ ने कहा, "सब जानते हैं कि (CM चेहरा) कौन होगा।" बता दें कि BJP ने उत्तर प्रदेश चुनाव के लिए आधिकारिक तौर पर अपने मुख्यमंत्री पद के चेहरे की घोषणा नहीं की है।
केशव मौर्य ने क्या कहा था?
दरअसल, योगी आदित्यनाथ की यह टिप्पणी डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के एक चर्चित बयान के बाद आई है। केशव मौर्य ने 2027 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी के मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर कहा था कि पार्टी का चेहरा कोई व्यक्ति नहीं, बल्कि 'कमल का फूल' होगा। उन्होंने कहा था कि चुनाव में सभी उम्मीदवार पार्टी के चुनाव चिह्न पर वोट मांगेंगे।
मौर्या ने कहा था कि चुनाव के बाद बीजेपी के नवनिर्वाचित विधायक बैठक करेंगे। केंद्रीय पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में सहमति के आधार पर मुख्यमंत्री का चयन किया जाएगा। केशव मौर्य ने यह भी कहा था कि मौजूदा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हैं। लेकिन चुनाव के बाद मुख्यमंत्री कौन बनेगा, इसका फैसला उस समय चुने गए विधायक करेंगे।
#WATCH | Jaunpur, UP: On being asked about BJP's CM face in 2027 Elections, Uttar Pradesh Deputy CM Keshav Prasad Maurya says, "During an election, the 'lotus' is the face of the BJP. Once the election concludes and the MLAs are elected, they hold a meeting. Central observers arrive, and based on a consensus reached during that meeting, a leader is chosen. Currently, our Chief Minister is Yogi Adityanath. Whether he will continue as Chief Minister or someone else will take the role is not for me to decide; that will be determined by the MLAs who are elected at that time."
केशव मौर्य के बयान के बाद योगी आदित्यनाथ की प्रतिक्रिया को राजनीतिक गलियारों में अहम माना जा रहा है। हालांकि, सीएम योगी ने सीधे तौर पर 2027 के चुनाव के लिए खुद को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित नहीं किया है। उन्होंने अपने जवाब में 'कमल के फूल' को पार्टी के लिए सर्वोपरि बताया। योगी ने कहा कि मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर हर कोई जानता है। फिलहाल बीजेपी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए आधिकारिक तौर पर मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार का ऐलान नहीं किया है।
अखिलेश यादव पर साधा निशाना
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी (सपा) पर परिवार केंद्रित राजनीति करने और रामभक्तों की भावनाओं का सम्मान नहीं करने का आरोप लगाते हुए कहा कि 'राधे-राधे' तो अभी शुरुआत है। सपा के लिए 'राम नाम सत्य' का समय नजदीक आ रहा है। आदित्यनाथ ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के प्रस्तावित अयोध्या दौरे पर भी निशाना साधते हुए कहा कि दो नावों पर सवार होने की कोशिश करने वाले अंततः डूब जाते हैं।
एबीपी कॉन्क्लेव में मुख्यमंत्री ने कहा, "अगर 1990 के दशक में सपा नेतृत्व ने थोड़ी समझदारी दिखाई होती तो रामभक्तों पर गोलियां नहीं चलतीं। उन्हें अब रामभक्तों और हिंदुओं से माफी मांगनी चाहिए।" उन्होंने कहा, "राधे-राधे तो अभी शुरुआत है, सपा के लिए राम नाम सत्य का समय नजदीक आ रहा है।"
कमल का फूल हमारे लिए सबकुछ है... https://t.co/DhcsAEwtkf
अपनी टिप्पणी का अर्थ स्पष्ट करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय धार्मिक परंपराओं के अनुसार मथुरा में 'राधे-राधे', अयोध्या में 'जय श्रीराम' और काशी में 'हर-हर महादेव' कहना आस्था के अनुरूप अभिवादन हैं। उन्होंने कहा कि 'राम नाम सत्य' का इस्तेमाल परंपरागत रूप से किसी व्यक्ति की अंतिम यात्रा के दौरान किया जाता है। सपा के 'पीडीए' नारे पर तंज कसते हुए आदित्यनाथ ने इसे 'परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी' करार दिया। CM ने आरोप लगाया कि पार्टी की राजनीति अपने परिवार तक ही सीमित है।
सपा-कांग्रेस के गठबंधन पर लिए मजे
उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस का गठबंधन चुनाव से पहले ही विफल हो गया है। उन्होंने दोनों दलों के बीच जारी सीट बंटवारे की बातचीत और एक ही समय पर दोनों पार्टियों द्वारा अपने उम्मीदवारों की घोषणा किए जाने का हवाला दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) और उसके राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के सहयोगी दल मिलकर चुनाव लड़ेंगे। साथ ही पार्टी की स्थापित प्रक्रिया के तहत उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा।
पिछली सरकारों और मौजूदा औद्योगिक परिदृश्य की तुलना करते हुए उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब अवैध तमंचे और बम बनाने वाली फैक्ट्रियों के बजाय रिवॉल्वर, राइफल और ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य को 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं।