SP Manifesto: यूपी चुनाव के लिए सपा का पहला मैनिफेस्टो जारी! जानिए युवाओं को बेरोजगारी भत्ता से लेकर सरकारी नौकरियों की गारंटी तक...घोषणा पत्र की बड़ी बातें

SP 2027 poll Manifesto: समाजवादी पार्टी (SP) के प्रमुख अखिलेश यादव ने आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए अपना पहला घोषणापत्र गुरुवार (26 नवंबर) को जारी कर दिया। इसमें युवाओं, शिक्षा, सामाजिक न्याय, कृषि और उद्योग पर ध्यान दिया गया है

अपडेटेड Nov 26, 2026 पर 5:09 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
SP 2027 poll Manifesto: अखिलेश यादव ने बताया कि सपा का चुनावी घोषणापत्र ‘पीडीए’ राजनीति को नौकरियों, कृषि और उद्योग के एजेंडे के साथ जोड़ेगा

SP 2027 poll Manifesto: अगले साल होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी (SP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार (26 नवंबर) 'संविधान दिवस' के मौके पर पार्टी का 'जन-मन घोषणा पत्र' जारी कर दिया है। इसे '27 का संकल्प: PDA का प्रणपत्र' नाम दिया गया है। इस मैनिफेस्टो में पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक, महिलाओं, युवाओं और किसानों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता दी गई है। साथ ही इसमें युवाओं, शिक्षा, सामाजिक न्याय, कृषि और उद्योग पर ध्यान दिया गया है।

पार्टी का चुनावी घोषणापत्र जारी करते हुए, सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, "हम संविधान दिवस के मौके पर मिल रहे हैं। हम आज अपना घोषणापत्र जारी कर रहे हैं क्योंकि 'अच्छे दिन' तो कभी नहीं आए, लेकिन 'बुरे दिन' अब जाने वाले हैं। उन्हें पता है कि वे सत्ता से बाहर होने वाले हैं, इसलिए उनकी भाषा बदल गई है।" अखिलेश यादव ने 21 नवंबर को एक प्रेस वार्ता में कहा था कि समाजवादी पार्टी घोषणापत्र-1, घोषणापत्र-2 और जिला स्तर पर एक अलग घोषणापत्र लेकर आएगी।

जानिए घोषणापत्र की बड़ी बातें


1. शिक्षा और छात्र सुविधाएं

  • सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि डिजिटल साक्षरता को बढ़ावा देने के लिए राज्य भर के छात्रों के लिए 'लैपटॉप वितरण योजना' को फिर शुरू किया जाएगा।
  • बड़े शहरों में छात्रों के लिए 'आवासीय छात्रावास' (Residential Hostel) बनाए जाएंगे।
  • परीक्षा देने जा रहे छात्रों के लिए राज्य परिवहन में मुफ्त यात्रा की सुविधा लागू की जाएगी।

2. रोजगार

  • पहली कैबिनेट बैठक में 10 लाख सरकारी पदों को तत्काल भरने का निर्णय लिया जाएगा।
  • सभी ग्रेजुएट को कौशल विकास के जरिए रोजगार दिलाने की गारंटी दी जाएगी।
  • साथ ही, जब तक उन्हें रोजगार नहीं मिलता, तब तक 5,000 रुपये प्रति माह का 'बेरोजगारी भत्ता' देने की भी गारंटी दी जाएगी।
  • 'प्रगतिशील ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना' के तहत कम से कम 150 दिन का रोजगार सुनिश्चित करने के लिए कानून बनाया जाएगा।
  • 'शहरी रोजगार गारंटी अधिनियम' के तहत युवाओं और महिलाओं को तब तक न्यूनतम आय सुनिश्चित करने का प्रावधान किया जाएगा, जब तक उन्हें कोई स्थायी काम या रोजगार नहीं मिल जाता।
  • 'रोजगार मिशन' सरकारी और निजी क्षेत्रों में रोजगार पैदा करने के लिए एक विस्तृत रोडमैप तैयार करेगा।
  • 'रोजगार विभाग' एक E-Portal / ई-पोर्टल के जरिए बेरोजगारी का डेटा तैयार करेगा और इसे नियोक्‍ताओं (नौकरी देने वालों) के साथ साझा करेगा।

3. सरकारी कर्मचारियों और भर्ती व्यवस्था से जुड़े प्रस्ताव

  • घोषणापत्र के मुताबिक, सभी सरकारी विभागों में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप मानव संसाधन की एक व्यापक नीति बनाई जाएगी। कर्मचारियों की कमी और कौशल संबंधी अंतराल को दूर कर कार्यक्षमता, भर्ती, प्रशिक्षण एवं क्षमता सुनिश्चित की जाएगी।
  • राज्य स्तरीय सभी परीक्षाओं के लिए एक वार्षिक कैलेंडर बनाया जाएगा। सभी परीक्षाएं समय पर आयोजित की जाएंगी और उनके परिणाम एवं पदोन्नति प्रक्रिया के अनुसार समय पर घोषित किए जाएंगे।
  • भर्ती प्रक्रिया के सभी चरणबद्ध परीक्षण और परीक्षा कैलेंडर के अनुसार समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएंगे।
  • एक चरण वाली भर्ती प्रक्रिया तीन महीने के भीतर पूरी की जाएगी।
  • दो या तीन चरणों वाली भर्ती प्रक्रिया छह महीने के भीतर पूरी की जाएगी और उनके परिणाम भी निर्धारित समय पर घोषित किए जाएंगे।

4. श्रमिकों और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के लिए

  • यूपी अधीनस्थ सेवा (UP Subordinate Service) परीक्षाओं में 'वेटिंग लिस्ट' का प्रावधान रखा जाएगा।
  • अकुशल और अर्ध-कुशल श्रमिकों के लिए न्यूनतम वेतन तय करने की समीक्षा की जाएगी और इसे राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप लागू किया जाएगा।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।