SP UP Poll Manifesto: यूपी चुनाव में सपा का शिक्षा पर बड़ा दांव! अखिलेश यादव के विजन में सरकारी स्कूल, बेटियों की मुफ्त पढ़ाई और 6% GDP का लक्ष्य
SP UP Election Manifesto: समाजवादी पार्टी (SP) के एजुकेशन विजन में उत्तर प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए कई बड़े प्रस्ताव शामिल हैं। इनमें 26 हजार से अधिक बंद सरकारी प्राथमिक स्कूलों को दोबारा खोलना, लड़कियों को KG से PG तक मुफ्त शिक्षा, एजुकेशन बजट को तीन गुना बढ़ाना और GDP का लगभग 6 फीसदी शिक्षा पर खर्च करना प्रमुख हैं
SP UP Election Manifesto: सरकारी स्कूलों में डिजिटल एवं आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रस्ताव है (फाइल फोटो)
SP UP Election Manifesto: समाजवादी पार्टी (SP) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार (26 नवंबर) को उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव के लिए सपा का घोषणापत्र जारी किया। यूपी चुनाव की राजनीतिक तैयारियों के बीच समाजवादी पार्टी ने एजुकेशन को अपने एजेंडे का एक प्रमुख हिस्सा बनाया है। पार्टी के एजुकेशन संबंधी प्रस्तावों में सरकारी स्कूलों की व्यवस्था सुधारने से लेकर उच्च शिक्षा तक पहुंच बढ़ाने और लड़कियों को KG से PG तक फ्री शिक्षा देने का लक्ष्य रखा गया है।
सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि सपा के शिक्षा संबंधी विजन में सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि पार्टी शिक्षा को केवल एक सरकारी सुविधा के रूप में नहीं, बल्कि सामाजिक और आर्थिक बदलाव के माध्यम के रूप में पेश कर रही है। पार्टी के दस्तावेज में 'राज्य शिक्षा नीति 2027' का उल्लेख करते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सीखने की प्रक्रिया में नवाचार और शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक बनाने की बात कही गई है।
26 हजार से अधिक बंद सरकारी स्कूल फिर खोलने का प्रस्ताव
अखिलेश यादव ने कहा कि घोषणापत्र में शिक्षा के क्षेत्र में सबसे चर्चित प्रस्तावों में 2017 से बंद पड़े 26 हजार से अधिक सरकारी प्राथमिक विद्यालयों को दोबारा खोलने की बात शामिल है। इस प्रस्ताव की खास बात यह है कि स्कूलों को केवल छात्रों की संख्या के आधार पर नहीं देखा जाएगा। दस्तावेज के अनुसार, जरूरत पड़ने पर ऐसे स्थानों पर भी स्कूल संचालित किए जाएंगे जहां केवल एक छात्र या छात्रा ही दाखिला लेता हो।
KG से PG तक बेटियों की मुफ्त शिक्षा
सपा के शिक्षा विजन का दूसरा बड़ा पहलू बालिका शिक्षा है।
दस्तावेज में KG से PG तक लड़कियों को मुफ्त शिक्षा देने का प्रस्ताव रखा गया है।
इसमें कहा गया है कि इसका उद्देश्य आर्थिक स्थिति के कारण बेटियों की पढ़ाई बीच में छूटने की समस्या को कम करना है।
शिक्षा बजट को GDP का लगभग 6% करने की बात
इसमें कहा गया है कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए केवल योजनाएं बनाना पर्याप्त नहीं है। इसके लिए आर्थिक संसाधनों की भी आवश्यकता होती है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए दस्तावेज में शिक्षा क्षेत्र के बजट को मौजूदा आवंटन से बढ़ाकर तीन गुना करने और राज्य के सकल घरेलू उत्पाद (GDP) का लगभग 6 प्रतिशत शिक्षा पर खर्च करने का लक्ष्य रखा गया है। इस प्रस्ताव के पीछे उद्देश्य सरकारी स्कूलों, कॉलेजों, यूनिवर्सिटी और शिक्षण सुविधाओं को मजबूत करना है।
पहली कक्षा से अंग्रेजी, स्थानीय भाषाओं को भी महत्व
सपा के शिक्षा मॉडल में अंग्रेजी शिक्षा को भी प्रमुखता दी गई है।
दस्तावेज के अनुसार, सभी स्कूलों में पहली कक्षा से अंग्रेजी शिक्षा शामिल करने का प्रस्ताव है।
इसके साथ ही स्थानीय भाषाओं को भी पढ़ाई में जगह देने की बात कही गई है।
इसका उद्देश्य बच्चों को एक ओर वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करना और दूसरी ओर उनकी सांस्कृतिक पहचान को बनाए रखना है।
स्कूलों में इंटरनेट, कंप्यूटर और आधुनिक सुविधाएं
शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए भी कई प्रस्ताव शामिल हैं।
इनमें स्कूलों में मेज, कुर्सियां, वाटर कूलर, खेल के सामान, कंप्यूटर शिक्षा, इंटरनेट और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात है।
सरकारी स्कूलों में 24 घंटे सौर ऊर्जा आपूर्ति का प्रस्ताव भी रखा गया है।
इसके अलावा शिक्षा व्यवस्था में टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल बढ़ाने और शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने पर जोर दिया गया है।
सपा के शिक्षा विजन में 'एजुकेशन सिटी' स्थापित करने का प्रस्ताव भी शामिल है।
इसके साथ उच्च शिक्षा में सकल नामांकन अनुपात (Gross Enrolment Ratio) को 50 प्रतिशत तक और माध्यमिक शिक्षा में 100 प्रतिशत तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
विश्वविद्यालयों में सीटें दोगुनी करने और शिक्षा के अवसरों को प्रदेश के अधिक से अधिक युवाओं तक पहुंचाने की बात भी कही गई है।
पर्यावरण शिक्षा भी होगी अनिवार्य
अखिलेश ने बताया कि शिक्षा को केवल रोजगार तक सीमित नहीं रखा गया है। घोषणापत्र में प्राथमिक, माध्यमिक और उच्च शिक्षा संस्थानों में पर्यावरण शिक्षा अनिवार्य करने का प्रस्ताव है।
इसका उद्देश्य नई पीढ़ी में प्रकृति, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूकता विकसित करना है।
घोषणापत्र में शिक्षा के 12 बड़े प्रस्ताव
राज्य शिक्षा नीति 2027
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और इनोवेशन पर जोर दिया गया है।
26 हजार से अधिक स्कूल
2017 से बंद पड़े सरकारी प्राथमिक स्कूलों को फिर खोलने का प्रस्ताव है।
KG से PG तक मुफ्त शिक्षा
लड़कियों की शिक्षा को मुफ्त करने का लक्ष्य रखा गया है।
शिक्षा बजट में वृद्धि
वर्तमान आवंटन को तीन गुना करने का प्रस्ताव है।
GDP का 6 प्रतिशत
शिक्षा पर राज्य के GDP का लगभग 6% खर्च करने का लक्ष्य है।
पहली क्लास से अंग्रेजी की पढ़ाई
सभी स्कूलों में अंग्रेजी शिक्षा शामिल करना है।
-स्थानीय भाषाएं
स्थानीय भाषाओं और सांस्कृतिक पहचान को महत्व दिया जाएगा।
एजुकेशन सिटी
एजुकेशन सिटी स्थापित करने की योजना है।
उच्च शिक्षा का विस्तार
विश्वविद्यालयों में सीटें दोगुनी करने का प्रस्ताव है।
डिजिटल एजुकेशन
कंप्यूटर, इंटरनेट और तकनीकी सुविधाएं मिलेंगी।
आधुनिक स्कूल
मेज, कुर्सी, पंखे, शौचालय और खेल के सभी सामान उपलब्ध होंगे।
पर्यावरण शिक्षा
स्कूलों और उच्च शिक्षण संस्थानों में अनिवार्य पर्यावरण शिक्षा होगा।