सपा का घोषणापत्र: अखिलेश यादव ने कर दिया टेंडर और ठेकेदारी में रिजर्वेशन का वादा, दलित और OBCs के लिए 50% आरक्षण! ऐसे लागू करेंगे

SP UP Poll Manifesto: समाजवादी पार्टी के 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर जारी घोषणापत्र में सपा मुखिया अखिलेश यादव ने 50 करोड़ रुपये तक के सरकारी ठेकों में दलित और OBC वर्ग के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण देने का वादा किया है। जानिए सरकारी टेंडर में रिजर्वेशन कैसे लागू हो सकता है, किसे मिलेगा फायदा और क्या बदल सकती है उत्तर प्रदेश की ठेकेदारी व्यवस्था

अपडेटेड Nov 26, 2026 पर 8:57 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
SP Manifesto: घोषणापत्र के मुताबिक PDA सरकार बनने पर 50 करोड़ के टेंडर में दलित और OBC को 50 % आरक्षण मिलेगा

SP UP Poll Manifesto: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी (SP) ने सामाजिक न्याय के मुद्दे पर एक बड़ा चुनावी दांव चला है। संविधान दिवस यानी 26 नवंबर 2026 को अपना '27 का संकल्प: PDA का प्रणपत्र' जारी करते हुए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सरकारी ठेकों में आरक्षण देने का वादा किया है। घोषणापत्र के मुताबिक, 50 करोड़ रुपये तक के सरकारी ठेकों में दलितों और OBC वर्ग के लिए 50 फीसदी आरक्षण देने का प्रस्ताव है। इस ऐलान के जरिए सपा ने सरकारी ठेकों और विकास कार्यों में उन वर्गों की भागीदारी बढ़ाने की बात कही है, जिन्हें पार्टी अपने PDA यानी 'पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक' सामाजिक गठजोड़ का हिस्सा मानती है।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि यह घोषणा इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि सरकारी ठेकों का कारोबार केवल बड़ी निर्माण कंपनियों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि छोटे ठेकेदारों, स्थानीय उद्यमियों और वंचित समुदायों को भी इसमें अवसर मिलना चाहिए।

50 करोड़ तक के ठेकों में क्या होगा?


सपा के घोषणापत्र में सरकारी ठेकों में आरक्षण का प्रस्ताव रखा गया है। इसका मतलब है कि सरकार बनने पर 50 करोड़ रुपये तक के सरकारी ठेकों में दलितों और OBC वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए आरक्षण व्यवस्था लागू करने की बात कही गई है।

घोषणापत्र में लिखा है, "अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति तथा अन्य पिछड़े वर्ग (OBC) के पीडीए समाज के ठेकेदारों को 5 करोड़ तक के ठेकों में 50% आरक्षण से शुरुआत करके 50 करोड़ तक के ठेकों के लिए विशेष प्रावधान किया जाएगा।" इसमें सड़क निर्माण, भवन निर्माण, सरकारी विकास परियोजनाओं और दूसरे सरकारी कार्यों में मिलने वाले ठेकों की संभावनाएं महत्वपूर्ण होंगी।

दलित और पिछड़े वर्गों को कैसे मिलेगा फायदा?

इस प्रस्ताव का सबसे बड़ा राजनीतिक और आर्थिक पहलू यह है कि सरकारी ठेकों में हिस्सेदारी मिलने से वंचित वर्गों के लोगों को अपना कारोबार बढ़ाने का अवसर मिल सकता है। जैसे, सड़क निर्माण, सरकारी भवनों, मरम्मत, इंफ्रास्ट्रक्चर और अन्य सरकारी प्रोजेक्ट्स में ठेके हासिल करने के लिए पात्र ठेकेदारों को अवसर मिल सकता है।

सपा का क्या है मकसद?

1. ठेकेदारी में भागीदारी: दलित और OBC समेत PDA वर्ग से आने वाले पात्र ठेकेदारों को सरकारी टेंडर में आरक्षित हिस्सेदारी देने का प्रस्ताव है।

2. आर्थिक सशक्तिकरण: इसके अलावा सपा का मानना है कि सरकारी परियोजनाओं में भागीदारी बढ़ने से छोटे उद्यमियों और ठेकेदारों के कारोबार को विस्तार मिलने की संभावना है।

3. सामाजिक न्याय: अखिलेश यादव का मकसद सरकारी नौकरियों और राजनीतिक प्रतिनिधित्व के अलावा आर्थिक गतिविधियों और सरकारी ठेकों में भी वंचित वर्गों की भागीदारी बढ़ाने का प्रयास है।

3. PDA की राजनीति को आर्थिक ताकत देने की कोशिश

अखिलेश यादव की राजनीति में PDA का मतलब 'पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक' वर्ग है। सपा इस सामाजिक गठजोड़ को केवल राजनीतिक प्रतिनिधित्व तक सीमित नहीं रखना चाहती। बल्कि आर्थिक अवसरों में भी भागीदारी देने की बात कर रही है।

घोषणापत्र में सरकारी ठेकों में आरक्षण के साथ जातिगत जनगणना, दलित विकास परिषद और अनुसूचित जनजातियों के लिए अलग बोर्ड बनाने का प्रस्ताव भी शामिल है। इसके अलावा SC/ST विशेष घटक योजना के तहत 20 प्रतिशत बजट खर्च करने की बात भी सामने आई है।

4. आखिर कैसे लागू हो सकता है यह आरक्षण?

यह इस घोषणा का सबसे महत्वपूर्ण और व्यावहारिक सवाल है। यदि सपा सत्ता में आती है और इस वादे को लागू करती है तो सरकार को इसके लिए विस्तृत नीति और नियम बनाने होंगे।

ये भी पढ़ें- SP UP Poll Manifesto: यूपी चुनाव में सपा का शिक्षा पर बड़ा दांव! अखिलेश यादव के विजन में सरकारी स्कूल, बेटियों की मुफ्त पढ़ाई और 6% GDP का लक्ष्य

संभावित रूप से इस रिजर्वेशन प्रक्रिया में ये कदम शामिल हो सकते हैं:-

  • सरकारी नीति तैयार करना: 50 करोड़ रुपये तक के ठेकों में आरक्षण की स्पष्ट नीति बनानी होगी।
  • किसे मिलेगा आरक्षण?: इसके अलावा किन व्यक्तियों, फर्मों और कंपनियों को इस आरक्षण का लाभ मिलेगा, यह तय करना होगा।
  • टेंडर प्रक्रिया की डिटेल्स: सरकारी ई-टेंडरिंग व्यवस्था में रिजर्वेशन की हिस्सेदारी लागू करने का प्रावधान करना होगा।
  • प्रमाणपत्र और सत्यापन: पात्र सामाजिक वर्ग और व्यावसायिक इकाई की पहचान के लिए दस्तावेजी प्रक्रिया तैयार करना होगा।
  • पारदर्शिता: ठेकों के आवंटन में निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा, गुणवत्ता और जवाबदेही सुनिश्चित करना।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।