Meerut Viral Video: पति को गर्लफ्रेंड संग मोमो डेट पर देख भड़की पत्नी! कार के बोनट पर लटकी; 100 मीटर तक घसीटता रहा शख्स

Meerut Viral Video: मेरठ में अपनी पत्नी को कथित तौर पर कार से कुचलने की कोशिश करने के आरोप में उसके पति समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उत्तर प्रदेश पुलिस के अनुसार, घटना शनिवार को लोहिया नगर थाना क्षेत्र में हापुड़ रोड स्थित एल-ब्लॉक चौकी के पास हुई। इस मामले का वीडियो वायरल हो गया है

अपडेटेड Oct 05, 2026 पर 9:01 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Meerut Viral Video: पति जब कार लेकर वहां से जाने लगा तो पत्नी उसकी कार के बोनट पर चढ़ गई

Meerut Viral Video: उत्तर प्रदेश के मेरठ से पति-पत्नी के रिश्ते और सड़क पर हुए हाई-वोल्टेज ड्रामे का एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है। आरोप है कि पत्नी ने अपने पति को एक दूसरी महिला के साथ मोमो डेट पर रंगे हाथों पकड़ लिया। पति जब कार लेकर वहां से जाने लगा तो पत्नी उसकी कार के बोनट पर चढ़ गई। इस दौरान कार चलती रही और महिला करीब 100 मीटर तक बोनट पर लटकी रही। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। पुलिस ने बताया कि पत्नी को कथित तौर पर कार से कुचलने की कोशिश करने के आरोप में उसके पति समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, घटना शनिवार को लोहिया नगर थाना क्षेत्र में हापुड़ रोड स्थित एल-ब्लॉक चौकी के पास हुई।

दूसरी महिला के साथ पति को देख पत्नी ने किया सामना

पुलिस के मुताबिक, शनिवार शाम लोहियानगर इलाके के एल-ब्लॉक पुलिस चौकी के पास मयंक सिंह कथित तौर पर अपनी गर्लफ्रेंड के साथ मौजूद था। इसी दौरान उसकी पत्नी सुनीता सिंह की नजर दोनों पर पड़ गई। सुनीता ने पति को दूसरी महिला के साथ देखा तो वहां दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने के बाद मयंक वहां से कार लेकर निकलने की कोशिश करने लगा।


कार के सामने खड़ी हो गई पत्नी

पुलिस के अनुसार, पति को रोकने के लिए सुनीता कार के सामने खड़ी हो गई। कार आगे बढ़ी तो वह टोयोटा अर्बन क्रूजर टैसर के बोनट पर जा गिरी और कार को रोकने के बजाय वह बोनट पकड़कर लटक गई। वायरल वीडियो में कथित तौर पर महिला को चलती कार के बोनट पर पकड़े हुए देखा जा सकता है। वह आसपास मौजूद लोगों से मदद के लिए लगातार गुहार लगाती सुनाई दे रही है।

करीब 100 मीटर तक बोनट पर लटकी रही महिला

बताया गया है कि कार करीब 100 मीटर तक चलती रही। इस दौरान आसपास के लोग घटना देखकर वहां जुटने लगे। लोगों की भीड़ बढ़ती देख चालक ने आखिरकार कार रोक दी। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

पुलिस ने बताया कि काजीपुर निवासी महिला की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, उसने हसनपुर कला गांव निवासी अपने पति मयंक (36) को एक महिला के साथ कार में देखा और दोनों को रोक लिया तभी पति-पत्नी के बीच कहासुनी हो गई।

महिला की शिकायत के मुताबिक, कहासुनी के बाद पति ने उस पर कार चढ़ाने की कोशिश की। पुलिस के मुताबिक, शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मयंक और उसके साथ मौजूद महिला ने उसे झाड़ियों में गिराकर उसका गला दबाने की भी कोशिश की। उसके साथ गाली-गलौज भी की।

पति पर कई गंभीर आरोप, दोनों गिरफ्तार

सुनीता ने अपने पति के खिलाफ मारपीट, दहेज उत्पीड़न और बेवफाई के आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मयंक के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला भी दर्ज किया है। पुलिस ने इस मामले में मयंक सिंह और माही वर्मा दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में इस्तेमाल कार, जिसका नंबर UP15ER3086 बताया गया है, उसे भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।

मामला लोहियानगर थाने में FIR नंबर 697/2026 के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, केस में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) और 352 लगाई गई हैं। मामले की आगे जांच जारी है।

ये भी पढें- Justice Ujjal Bhuyan: 'वोटिंग से वंचित करने वाली कोई भी प्रक्रिया मनमानी'; SIR विवाद पर बोले जस्टिस उज्ज्वल भुइयां

सोशल मीडिया पर एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक महिला एक व्यक्ति को कार से उतारकर उसकी पिटाई करती दिखाई दे रही है। वीडियो में महिला को कार के बोनट पर कुछ दूरी तक घसीटते हुए भी देखा जा सकता है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) संग्राम सिंह ने पीटीआई को बताया कि पुलिस ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त कार को जब्त कर लिया गया है और मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है। दोनों आरोपियों को अदालत के समक्ष पेश किया जा रहा है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।