Delhi Cold Wave: दिल्ली के कुछ हिस्सों में सोमवार को तापमान गिरकर 3.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। कुछ जगहों पर शीत लहर के चलते वायु गुणवत्ता में गिरावट आई और जनवरी में लगातार दो दिनों तक मध्यम प्रदूषण स्तर रहने के बाद यह स्तर "खराब" श्रेणी में पहुंच गया। सोमवार सुबह 8 बजे औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 209 दर्ज किया गया, जबकि रविवार शाम 4 बजे यह 153 था, जो पिछले चार वर्षों में जनवरी महीने में दिल्ली का सबसे कम AQI रहा।
पिछले कुछ दिनों से साफ आसमान और लगातार चलने वाली बर्फीली उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण तापमान में और गिरावट आई है। मंगलवार को एक नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण पारा फिर से बढ़ने और हल्की बारिश होने की संभावना है।
दिल्ली की प्रमुख मौसम केंद्र सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 4.2°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4 डिग्री कम है। रविवार को यह 6.6°C और शनिवार को 7.6°C था। दक्षिण-पश्चिम दिल्ली की आयानगर केंद्र में न्यूनतम तापमान 3.6°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.4°C कम है। उत्तरी दिल्ली की रिज मौसम केंद्र में पारा गिरकर 5.3°C हो गया, जो सामान्य से 5 डिग्री कम है।
बता दें कि शीत लहर तब होती है, जब न्यूनतम तापमान 10°C से नीचे और सामान्य से कम से कम 4.5°C कम हो, या जब पारा 4°C या उससे नीचे गिर जाए। वहीं, यह स्थिति सोमवार को कम से कम दो स्टेशनों पर देखी गई।
मंगलवार को येलो अलर्ट जारी
मंगलवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, जिसमें दिन के दौरान एक से दो बार हल्की बारिश और 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं की संभावना है। इससे दिल्ली की वायु गुणवत्ता नियंत्रण में रहेगी।
निजी मौसम पूर्वानुमान कंपनी स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष महेश पलावत ने बताया, “पश्चिमी विक्षोभ के आने से हवा की दिशा बदलकर गर्म पूर्वी हवाएं चलने लगती हैं। आसमान में बादल छाए रहने से न्यूनतम तापमान में वृद्धि और अधिकतम तापमान में गिरावट आती है।” उन्होंने आगे बताया कि हिमालय में फिर से बर्फबारी की संभावना है और 29 जनवरी से मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान में गिरावट आ सकती है।
दिल्ली के एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम के अनुसार, बुधवार तक एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) के मध्यम स्तर पर लौटने की संभावना है। 29 जनवरी से 3 फरवरी के बीच AQI मध्यम और खराब के बीच रहेगा।