Mumbai Monsoon News : मॉनसून के मोर्चे पर अच्छी खबर है। देश में इस साल मॉनसून ने समय से पहले दस्तक दे दी है। 16 साल बाद देश में मॉनसून ने वक्त से पहले दस्तक दी है। मॉनसून इस बार सामान्य तारीख से आठ दिन पहले आ गया है। केरल से लेकर महाराष्ट्र और गुजरात तक जोरदार बारिश देखने को मिल रही है। उत्तर भारत में प्री-मॉनसून बारिश ने कई इलाकों को तर-बतर कर दिया है। इस बार मॉनसून 01 जून के मुकाबले 24 मई को ही केरल पहुंच गया। 2009 के बाद मॉनसून सबसे जल्दी पहुंचा है। केरल की तरह नॉर्थ-ईस्ट और गोवा भी मॉनसून समय से पहले पहुंच गया है।
मिजोरम, मणिपुर और नागालैंड में मॉनसून पहुंच गया है। इसने महाराष्ट्र और कर्नाटक के कई हिस्सों को कवर कर लिया है। मुंबई में भी मॉनसून जल्दी आने के मामले में सारे रिकॉर्ड टूट गए हैं। मुंबई में मॉनसून ने 35 साल बाद पहली बार समय से पहले दस्तक दी है। मुंबई, ठाणे और पालघर में रेल अलर्ट घोषित कर दिया गया है। रायगड, सिंधुदुर्ग, रत्नागिरी में ओरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। IMD ने उत्तरी राज्यों में छिटपुट बारिश और ओलावृष्टि का अनुमान जारी किया है। IMD का कहना है कि मौजूदा मॉनसून का दौर 2 जून तक एक्टिव रहेगा।
महाराष्ट्र में तेज बारिश से हालात खराब हो गए है। कहीं नदियां उफान पर हैं तो कहीं सड़कों पर भरा पानी लोगों के लिए मुसीबत का सबब बन गया है। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में सुबह से मूसलाधार बारिश जारी है। तेज़ बारिश से कई जगह पानी भरने से लोगों की मुसीबत बढ़ गई है। गाड़ियों की रफ्तार धीमी पड़ गई है। और लग रहा है जैसे सड़क पर गाड़ियां दौड़ नहीं बल्कि रेंग रहीं हो।
मुंबई की जीवनरेखा मानी जाने वाली लोकल ट्रेन प्रभावित
आज सुबह से ही मुंबई के कई इलाकों में तेज बारिश हो रही है। तेज बारिश के चलते सड़कें पानी से भरी हुई हैं। इस बीच IMD का कहना है कि इसी हफ्ते अभी और बारिश की संभावना है। बारिश को लेकर शहर में रेड अलर्ट जारी किया गया है। बारिश के अलावा शहर में बिजली गिरने की भी संभावना है। मुंबई में ठाणे-पालघर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। नवी मुंबई के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। IMD की तरफ से शहर में हाई टाईड को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है। मुंबई के सायन और गांधी मार्किट में वॉटर लॉगिंग देखने को मिल रही है। मुंबई की जीवनरेखा मानी जाने वाली लोकल ट्रेन भी बारिश से प्रभावित हुई है। सेंट्रल रेलवे की लाइनों पर ट्रेनें औसतन 15-20 मिनट लेट चल रही हैं।