अगर आप सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हैं तो आपके लिए अच्छी खबर है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शनिवार को कहा कि राज्य सरकार इस साल बड़ी संख्या में सरकारी भर्तियां करने की तैयारी में है। सरकार की योजना करीब एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये कदम राज्य के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में उठाया जा रहा है।
85 हजार से ज्यादा सरकारी पदों पर हुई भर्ती
इंदौर में हिंदू इकोनॉमिक फोरम के एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बताया कि पिछले ढाई साल में राज्य के अलग-अलग विभागों में 85 हजार से ज्यादा सरकारी पदों पर भर्ती की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार रोजगार के अवसर बढ़ाने पर लगातार काम कर रही है और इसी क्रम में इस साल करीब एक लाख और सरकारी पदों पर युवाओं की भर्ती की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने निवेशकों से की अपील
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने निवेशकों से मध्य प्रदेश में उद्योग लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि राज्य में कारोबार के लिए अनुकूल माहौल है और बिजली की लागत भी कम है। सरकार के पास करीब एक लाख एकड़ का लैंड बैंक है। उन्होंने बताया कि ऊर्जा, खनन और फूड प्रोसेसिंग जैसे क्षेत्रों में निवेश की अच्छी संभावनाएं हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले ढाई साल में मध्य प्रदेश सरकार ने निवेशकों के साथ करीब 35 लाख करोड़ रुपये के समझौते किए हैं। ये समझौते ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट और अन्य कार्यक्रमों के दौरान हुए। उन्होंने कहा कि इनमें से करीब 33 प्रतिशत निवेश प्रस्तावों को जमीन पर उतारने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बताया कि मध्य प्रदेश सरकार राज्य से अंतरराष्ट्रीय हवाई सेवाएं बढ़ाने के लिए एयरलाइंस को आर्थिक सहायता दे रही है। इसी नीति के तहत जुलाई में इंदौर से अबू धाबी के लिए सीधी उड़ान शुरू की गई। वहीं, अगले महीने भोपाल से शारजाह के लिए भी फ्लाइट शुरू करने की तैयारी है। कार्यक्रम के दौरान मोहन यादव ने ‘हिंदुत्व’ को देश की संस्कृति, जीवनशैली और मूल्यों से जुड़ी अवधारणा बताया। उन्होंने कहा कि यह लोगों को एक-दूसरे से जोड़ने की भावना को दर्शाता है। अपने विरोधियों पर टिप्पणी करते हुए यादव ने कहा कि ‘हिंदुत्व’ शब्द से कुछ लोगों को परेशानी होती है।