'तेज हवा चलने लगी और बोट पलट गई'! जबलपुर में नर्मदा नदी में डूबा टूरिस्ट क्रूज, 6 लोगों की मौत, 29 लोग थे सवार

Jabalpur Cruise Boat Accident: बर्गी डैम का गहरा पानी और कम रोशनी होने की वजह से राहत और बचाव का काम काफी मुश्किल हो गया है। मौके पर जिला कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय भी पहुंचे और बचाव कार्य की निगरानी कर रहे हैं

अपडेटेड Apr 30, 2026 पर 9:03 PM
Story continues below Advertisement
Jabalpur Cruise Capsized: जबलपुर में नर्मदा नदी में डूबा टूरिस्ट क्रूज, 6 लोगों के शव मिले, 29 लोग थे मौजूद

मध्य प्रदेश में नर्मदा नदी पर घूमने का मजा उस वक्त एक बड़े हादसे में बदल गया, जब बर्गी बांध में एक टूरिस्ट क्रूज बोट डूब गई। इस हादसे से वहां अफरा-तफरी मच गई और मौतों का आंकड़ा भी बढ़ता जा रहा है। यह हादसा जबलपुर के पास खमरिया आइलैंड के नजदीक हुआ। बताया जा रहा है कि मध्य प्रदेश टूरिज्म की यह क्रूज बोट 29 सैलानियों को लेकर जा रही थी। अचानक आए तूफान और तेज हवाओं की वजह से बोट का बैलेंस बिगड़ गया और वह तेज लहरों में डूब गई। कुछ ही मिनटों में मजे की सैर एक डरावने हादसे में बदल गई।

NDTV ने अधिकारियों के हवाले से बताया, 15 लोग किसी तरह तैरकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। लेकिन अब तक 6 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जिनमें 2 महिलाएं शामिल हैं। वहीं 8 लोग अभी भी लापता हैं, जिससे मौत का आंकड़ा और बढ़ने की आशंका है।

चश्मदीदों के अनुसार, अचानक मौसम खराब हो गया, तेज हवा चलने लगी और बोट हिलने लगी, जिसके बाद वह पलटकर डूब गई।


सूचना मिलते ही स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (SDRF) की टीम मौके पर पहुंची और रातभर सर्च ऑपरेशन चलाया। बड़े-बड़े सर्चलाइट्स की मदद से अंधेरे पानी में लोगों को खोजा जा रहा है।

बर्गी डैम का गहरा पानी और कम रोशनी होने की वजह से राहत और बचाव का काम काफी मुश्किल हो गया है। मौके पर जिला कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय भी पहुंचे और बचाव कार्य की निगरानी कर रहे हैं।

घायल लोगों को जबलपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। क्रूज का कैप्टन महेश पटेल, जो लाइफ जैकेट पहने हुए था, बच गया और उसे सुरक्षित निकाल लिया गया।

PWD मंत्री और स्थानीय विधायक राकेश सिंह ने कहा कि SDRF ने करीब 10 लोगों को बचाया है। अगर जांच में क्रूज कंपनी की गलती सामने आती है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सबसे बड़ी प्राथमिकता लोगों को बचाना है।

सभी भारतीयों में 'महादेव का DNA', जामिया के VC मजहर आसिफ के बयान पर मचा बवाल! समर्थन में आई BJP

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।