Mysuru Blast: कर्नाटक के मैसूरु में बड़ा ब्लास्ट! गैस सिलेंडर में धमाका होने से 1 की मौत, 4 घायल

Mysuru Blast: कर्नाटक के मैसूरु में गुरुवार (25 दिसंबर) को बड़ा हादसा हो गया। रिपोर्ट के मुताबिक मैसूरु में अंबा विलास पैलेस के पास गुब्बारे भरने के लिए इस्तेमाल हो रहे गैस सिलेंडर में धमाका होने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि इस ब्लास्ट में चार लोग घायल बताए जा रहे हैं। फिलहाल, पुलिस के सीनियर अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। मामले की जांच जारी है

अपडेटेड Dec 25, 2025 पर 11:29 PM
Mysuru Blast: गुब्बारे भरने के लिए इस्तेमाल हो रहे गैस सिलेंडर में धमाका होने से हादसा हुआ (फाइल फोटो)

Mysuru Blast: कर्नाटक के मैसूरु से एक दुखद खबर सामने आई है। गुरुवार (25 दिसंबर) को मैसूरु में अंबा विलास पैलेस के पास नाइट्रोजन गैस सिलेंडर फटने से कम से कम एक शख्स की मौत हो गई। जबकि चार अन्य घायल हो गए। रिपोर्ट के मुताबिक, अंबा विलास पैलेस के पास गुरुवार शाम गुब्बारे भरने के लिए इस्तेमाल हो रहे गैस सिलेंडर में अचानक से धमाका होने से यह हादसा हुआ। पुलिस के अनुसार, यह घटना ऐतिहासिक महल के जया मार्तंड गेट के पास हुई।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह हादसा तब हुआ जब एक शख्स नाइट्रोजन गैस सिलेंडर से गुब्बारे भर रहा था। क्रिसमस की छुट्टियों के कारण प्रदर्शनी में बड़ी संख्या में लोग आए हुए थे। न्यूज एजेंसी PTI की रिपोर्ट के अनुसार, इसी दौरान गुब्बारा फुलाते समय गुब्बारे भरने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला गैस सिलेंडर फट गया। धमाका इतना जोरदार था कि मौके पर मौजूद लोगों को गंभीर चोटें आईं।

न्यूज 18 ने अधिकारियों के हवाले से बताया कि गुब्बारे वाले सहित एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक महिला सहित चार अन्य घायल हो गए। सभी चार घायलों को इलाज के लिए पास के अस्पताल में ले जाया गया है। घटना के बाद, पुलिस ने पूरे अंबा विलास पैलेस को घेर लिया है। धमाके के सही कारण का पता लगाने के लिए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।


रिपोर्ट के मुताबिक, गुब्बारे बेचने वाले की मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि, उसकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। इस हादसे में बेंगलुरु की रहने वाली लक्ष्मी गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। नंजनगुड की मंजुला, कोलकाता की शाहिना शब्बीर, रेनेबेन्नूर के कोटेशी को भी चोटें आई हैं। मैसूर शहर की पुलिस कमिश्नर सीमा लाटकर ने यह जानकारी दी।

घायलों को इलाज के लिए के आर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। क्रिसमस, फ्लावर शो और विंटर फेस्ट के तहत आयोजित कल्चरल इवेंट्स के कारण पैलेस परिसर में बड़ी संख्या में लोग जमा थे। इस गेट के पास दशहरा प्रदर्शनी में भी बड़ी संख्या में लोग जमा थे। इस घटना से लोगों में दहशत फैल गई।

ये भी पढ़ें- Atal Canteens: दिल्ली में अब सिर्फ 5 रुपये में मिलेगा भरपेट खाना! 100 अटल कैंटीन शुरू, यहां देखें मेन्यू और टाइमिंग समेत सबकुछ

पुलिस कमिश्नर सीमा लटकर, डीसीपी के एस सुंदर राज के नेतृत्व में सिटी पुलिस, FSL टीम, एंटी सबोटेज चेक टीम, डॉग स्क्वाड सहित स्पेशल टीमों के साथ मौके पर पहुंची है। वे घटना और प्रभावित लोगों के बारे में सभी जानकारी जुटा रहे हैं। नजरबाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल, आगे की जांच जारी है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।