Nagpur Crime: महाराष्ट्र के नागपुर में एक डॉक्टर से शादी का वादा कर दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के एक अधिकारी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने रविवार (13 अप्रैल) को बताया कि युवती ने शुक्रवार (11 अप्रैल) को नागपुर के इमामवाड़ा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। एक अधिकारी ने बताया कि शिकायतकर्ता के अनुसार महिला और 30 वर्षीय IPS अधिकारी नवंबर 2022 में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए संपर्क में आए। उनकी ऑनलाइन बातचीत बाद में फोन कॉल में बदल गई।
पुलिस ने बताया कि उस समय आरोपी संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा की तैयारी कर रहा था, जबकि युवती MBBS की पढ़ाई कर रही थी। काफी समय तक ऑनलाइन बातचीत करने के बाद दोनों फोन कॉल पर भी बात करने लगे। उसने बताया कि दोस्ती होने के बाद आरोपी ने 28 साल की महिला से शादी का वादा किया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
अधिकारी ने बताया कि भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) में चयनित होने के बाद आरोपी ने महिला से दूरी बनाना शुरू कर दिया। बाद में उससे शादी करने से इनकार कर दिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के परिवार ने भी महिला को कोई जवाब नहीं दिया, जिससे वह परेशान हो गई। फिर बाद में इमामवाड़ा पुलिस से शिकायत की।
अधिकारी ने बताया कि भारतीय पुलिस सेवा में चयनित होने के बाद आरोपी ने महिला से दूरी बनानी शुरू कर दी और उससे शादी करने से इनकार कर दिया। उसने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर शनिवार को आईपीएस अधिकारी के खिलाफ दुष्कर्म के आरोप में मामला दर्ज किया गया। फिलहाल, आगे की जांच जारी है।
रेप के झूठे मामले में फंसाए गए व्यक्ति ने की आत्महत्या
इस बीच, ओडिशा के केंद्रपाड़ा जिले में पुलिस ने 50 वर्षीय एक व्यक्ति को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में रविवार को दो पत्रकारों को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि पत्रकारों ने व्यक्ति को दुष्कर्म के झूठे मामले में कथित तौर पर फंसाया था। पुलिस के मुताबिक, व्यक्ति (मृतक) के खिलाफ दुष्कर्म का आरोप लगाने में पत्रकारों के साथ देने वाली महिला फरार है।
अधिकारी ने बताया कि पटकुरा थानाक्षेत्र के एक गांव में रहने वाले 50 वर्षीय व्यक्ति ने उसपर दुष्कर्म का आरोप लगाए जाने के बाद बृहस्पतिवार को एक पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। उन्होंने बताया कि पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें व्यक्ति ने अपनी मौत के लिए दो पत्रकारों और 31 वर्षीय एक महिला को जिम्मेदार ठहराया है।
पुलिस के मुताबिक, महिला ने आरोपी पत्रकारों के कहने पर व्यक्ति के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने मृतक की पत्नी द्वारा तीनों आरोपियों के खिलाफ दर्ज कराई गई शिकायत पर कार्रवाई की। स्थानीय अदालत ने एक निजी टेलीविजन चैनल और एक यूट्यूब चैनल के पत्रकार की जमानत याचिका खारिज करते हुए उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस मामले में तीसरे आरोपी (महिला) की तलाश कर रही है।